कौन हैं आर्यमन बिरला? 28 साल की उम्र में बने RCB के नए चेयरमैन; राजस्थान रॉयल्स से पुराना नाता
आदित्य बिरला ग्रुप की अगुआई वाले कंसोर्टियम ने करीब 16000 करोड़ से अधिक में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को खरीद लिया है और आर्यमन बिरला बेंगलुरु की फ्रेंचाइजी के नए चेयरमैन होंगे।

Who is Aryaman Birla: 28 मार्च से शुरू हो रहे IPL 2026 से पहले मंगलवार का दिन काफी हलचल भरा रहा, क्योंकि आईपीएल की दो चैंपियन फ्रेंचाइज़ी बिक गईं और अब उनके मालिक नए होंगे। एक तरफ, राजस्थान रॉयल्स को काल सोमानी की अगुआई वाले कंसोर्टियम ने $1.63 बिलियन (करीब 15000 करोड़ से ज्यादा) में खरीदा। वहीं, पिछले सीजन की विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का भी मालिकाना हक़ बदल गया और इस फ्रेंचाइजी को आदित्य बिरला ग्रुप की अगुआई वाले कंसोर्टियम ने $1.78 बिलियन (करीब 16000 करोड़ से ज्यादा) में खरीदा।
इस डील के बाद, तय हो गया है कि आर्यमन बिरला RCB के नए चेयरमैन होंगे और तब से ही वह लगातार चर्चा में बने हुए हैं और पिछले सीजन का आईपीएल टाइटल जीतने वाली टीम के फैंस उनके बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारी प्राप्त करना चाहते हैं। ऐसे में हम आपको आर्यमन से जुड़ी कुछ ऐसी जानकारी देने जा रहे हैं, जो शायद बहुत लोगों का न पता हो।
कौन हैं आर्यमन बिरला, दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेटर्स में आता है नाम
आर्यमन बिरला बेहद कम उम्र में ही बहुत बड़ी संपत्ति के मालिक बन गए, क्योंकि उनका नाता भारत के मशहूर उद्योगपति बिरला परिवार से है। उनके पिता का नाम कुमार मंगलम बिरला है, जो आदित्य बिरला समूह के अध्यक्ष हैं। परिवार के बिजनेस में अहम भूमिका निभाने के साथ ही आर्यमन बिरला ने खुद के भी कुछ स्टार्ट-अप किए और सफलता प्राप्त की।
बता दें कि 28 वर्षीय आर्यमन पूर्व क्रिकेटर हैं, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश के लिए खेला है। उन्होंने आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार और वेंकटेश अय्यर के साथ ड्रेसिंग रूम भी साझा किया है। हालांकि, आर्यमन ने काफी कम उम्र में ही क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बावजूद उनका नाम दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेटर्स में लिया जाता है, क्योंकि उनकी पारिवारिक नेटवर्थ 70,000 करोड़ के आसपास है।
बाएं हाथ के खिलाड़ी ने 2017 में मध्य प्रदेश के लिए फर्स्ट क्लास से अपने घरेलू क्रिकेट करियर का आगाज किया था। इसके बाद, 2018 में अपना लिस्ट ए डेब्यू किया। वहीं, 2019 में आखिरी घरेलू मैच खेला। आंकड़ों पर गौर करें तो आर्यमन बिरला ने नौ फर्स्ट क्लास मैचों में एक शतक और एक अर्धशतक की मदद से 414 रन बनाए। वहीं, लिस्ट ए में उनके नाम चार मैचों में 36 रन दर्ज हैं।
राजस्थान रॉयल्स का दो आईपीएल सीजन हिस्सा रह चुके हैं आर्यमन बिरला
इस ओपनिंग बल्लेबाज ने घरेलू क्रिकेट के अलावा, IPL में भी हिस्सा लिया है लेकिन कभी डेब्यू का मौका नहीं मिला। 2018 के सीजन से पहले हुए मेगा ऑक्शन में आर्यमन बिरला को राजस्थान रॉयल्स ने 30 लाख की कीमत पर खरीदा था लेकिन उन्हें एक भी मैच में नहीं खिलाया। यही कहानी 2019 के सीजन में भी देखने को मिली और फिर उन्हें रिलीज कर दिया गया। इसके बाद, आर्यमन ने क्रिकेट से नाता तोड़ लिया और बिजनेसमैन बन गए। अब RCB के नए चेयरमैन के रूप में इंडियन प्रीमियर लीग में उनकी वापसी होगी।
टैग:


