न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज से बाहर हुए जसप्रीत बुमराह, टेस्ट क्रिकेट के लिए टीम इंडिया का बड़ा दांव
टीम इंडिया न्यूजीलैंड के दौरे पर जा रही है, जहां तीनों ही फॉर्मेट की सीरीज खेलनी है। इस दौरे के लिए जसप्रीत बुमराह का वनडे सीरीज से बाहर होना तय माना जा रहा है।

Team India tour of New Zealand Jasprit Bumrah update: भारतीय क्रिकेट टीम के आगामी न्यूजीलैंड दौरे से पहले एक ऐसा अपडेट सामने आया है, जिसने फैंस का ध्यान खींच लिया है। टीम इंडिया के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाजों में शामिल जसप्रीत बुमराह पूरी तरह फिट है, लेकिन इसके बावजूद उसे वनडे सीरीज से दूर रखने पर विचार किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि इसके पीछे चोट या खराब फिटनेस नहीं, बल्कि भारतीय टीम मैनेजमेंट की एक खास रणनीति बताई जा रही है।
टीम मैनेजमेंट चाहता है कि इस मैच विनर गेंदबाज लंबे दौरे के सबसे अहम हिस्से के लिए पूरी तरह तैयार रहे। रिपोर्ट के मुताबिक, इस योजना का संबंध सिर्फ न्यूजीलैंड दौरे से नहीं, बल्कि अगले साल होने वाली एक बड़ी टेस्ट सीरीज से भी है।
जसप्रीत बुमराह को लेकर टीम इंडिया का बड़ा प्लान
दरअसल, यह पूरा मामला भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह से जुड़ा है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, बुमराह न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज में खेलते हुए नजर नहीं आ सकते हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बुमराह पूरी तरह फिट हैं, लेकिन टीम मैनेजमेंट उन्हें वनडे क्रिकेट में खेलने के बजाय टेस्ट सीरीज की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने का मौका देना चाहता है। लंबे दौरे को देखते हुए टीम मैनेजमेंट उनके वर्कलोड को सावधानी से मैनेज करना चाहता है, ताकि वह टेस्ट क्रिकेट में अपनी पूरी क्षमता के साथ उतर सकें। हालांकि, वनडे सीरीज से बाहर रहने को लेकर अभी इसे आधिकारिक फैसला नहीं माना जाना चाहिए।
इंडिया ए के मैच से बढ़ाया जा सकता है बुमराह का वर्कलोड
रिपोर्ट की माने तो, बुमराह न्यूजीलैंड दौरे से पहले अपनी लाल गेंद से क्रिकेट की तैयारी शुरू कर चुके हैं। वह अहमदाबाद में टेस्ट क्रिकेट की तैयारियों में जुटे हैं और इस महीने के अंत में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी पहुंच सकते हैं। टीम मैनेजमेंट की योजना उन्हें इंडिया ए के एक बहुदिवसीय मुकाबले में खिलाने की है, जो 6 नवंबर से शुरू होने वाला है।
इसके बाद भारतीय टीम को 19 नवंबर से वेलिंगटन में टेस्ट सीरीज का आगाज करना है। इस तरह इंडिया ए के मुकाबले के बाद बुमराह को टेस्ट सीरीज से पहले पर्याप्त समय मिल सकता है। मैनेजमेंट का उद्देश्य उन्हें अचानक लंबे प्रारूप में उतारने के बजाय मैच अभ्यास के जरिए धीरे-धीरे तैयार करना है।
सिर्फ न्यूजीलैंड नहीं, ऑस्ट्रेलिया सीरीज भी है नजर में
बुमराह के वर्कलोड को लेकर टीम मैनेजमेंट की सतर्कता के पीछे भविष्य की योजनाएं भी अहम बताई जा रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय टीम अगले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज को भी ध्यान में रख रही है। बुमराह भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण के सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में से एक हैं और टेस्ट क्रिकेट में उनकी भूमिका काफी अहम है। ऐसे में टीम प्रबंधन उन्हें गैर-जरूरी मुकाबलों में लगातार खिलाने के बजाय बड़े टेस्ट टूर्नामेंट और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अहम मैचों के लिए तरोताजा रखना चाहता है।
यह भी पढ़े-टीम इंडिया के भविष्य के कप्तानों पर BCCI का दांव, इन 3 खिलाड़ियों पर टिकी नजरें!
पहले भी चोट के कारण टेस्ट मैचों से बाहर रहे हैं बुमराह
जसप्रीत बुमराह के लिए फिटनेस और वर्कलोड मैनेजमेंट पहले भी खास पॉइंट्स रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, वह इस साल श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों से घुटने की चोट के कारण बाहर रहे थे। ऐसे में टीम मैनेजमेंट आगामी लंबे दौरे पर उनके साथ किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता। बुमराह की गेंदबाजी में गति, सटीकता और लंबे स्पेल डालने की क्षमता उन्हें टेस्ट क्रिकेट में बेहद खास बनाती है।