IPL 2026 DC vs MI: हार्दिक के बगैर मुंबई हुई ढेर, दिल्ली ने घर पर जीत से की शुरुआत; समीर रिजवी ने फिर बल्ले से मचाया आतंक
आईपीएल 2026 के आठवें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हरा दिया। दिल्ली की जीत के हीरो समीर रिजवी रहे, जो शतक से चूक गए लेकिन मैच विनिंग योगदान दिया।

IPL 2026 DC vs MI Match Report: आईपीएल 2026 के आठवें मुकाबले में Delhi Capitals ने शानदार प्रदर्शन करते हुए Mumbai Indians को 6 विकेट से हरा दिया। 163 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने 18.1 ओवर में 4 विकेट खोकर 164 रन बना लिए। इस जीत के साथ दिल्ली ने अपने घरेलू मैदान पर शानदार शुरुआत की। मैच के हीरो रहे युवा बल्लेबाज़ Sameer Rizvi, जिन्होंने विस्फोटक अंदाज़ में 90 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। इससे पहले उन्होंने पिछले मैच में भी अपनी बल्लेबाजी से टीम को जीत दिलाई थी।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या तबीयत खराब होने की वजह से नहीं खेले और उनकी गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी की। हालांकि, हार्दिक का ना होना मुंबई के लिए झटका साबित हुआ और टीम को हार का सामना करना पड़ा।
मुंबई इंडियंस की लड़खड़ाती पारी में सूर्यकुमार यादव रहे हिट
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाज़ी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और ओपनर रयान रिकेलटन (9) जल्दी आउट हो गए। इसके बाद रोहित शर्मा ने 26 गेंदों में 35 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन फिर वे भी आउट हो गए।
यहां से असली जिम्मेदारी कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उठाई। उन्होंने 36 गेंदों में 51 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल थे। मध्यक्रम में नामन धीर ने भी 21 गेंदों में 28 रन का उपयोगी योगदान दिया। अंत में मिचेल सैंटनर (18*) और कॉर्बिन बॉश (11*) ने तेजी से रन जोड़कर टीम का स्कोर 162 तक पहुंचाया।
दिल्ली की ओर से मुकेश कुमार ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 2 विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल, लुंगी एनगीडी, विपराज निगम और टी नटराजन को 1-1 विकेट मिला।
यह भी पढ़ें: रोहित-कोहली 2027 World Cup खेलेंगे या नहीं? युवराज सिंह ने टीम मैनेजमेंट से मांगी स्पष्टता
दिल्ली की शुरुआत खराब
163 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने जल्दी ही केएल राहुल और नितीश राणा के विकेट गंवा दिए और स्कोर सिर्फ 7 रन पर 2 विकेट हो गया। राहुल सिर्फ 1 रन बनाए, जबकि राणा का खाता भी नहीं खुला। इसके बाद पथुम निसांका ने 30 गेंदों में 44 रन की पारी खेलकर टीम को संभाला लेकिन फिर उनके आउट होने से मुश्किलें बढ़ गईं।
समीर रिजवी ने तूफानी बल्लेबाजी से मुंबई को बैकफुट पर धकेला
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ दिल्ली को जीत दिलाने वाले समीर रिजवी ने फिर कमाल किया और मुंबई के गेंदबाज़ों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने 51 गेंदों में 90 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 7 छक्के शामिल थे। उनकी इस विस्फोटक पारी ने मैच पूरी तरह दिल्ली के पक्ष में कर दिया। हालांकि, वह अपना शतक पूरा करने से चूक गए। अंत में डेविड मिलर ने नाबाद 21 रन बनाकर रिजवी का अच्छा साथ दिया और दिल्ली को 18.1 ओवर में जीत दिला दी।
मुंबई इंडियंस के गेंदबाज़ इस मैच में खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए। दीपक चाहर, मिचेल सैंटनर और कॉर्बिन बॉश को 1-1 विकेट जरूर मिला, लेकिन बाकी गेंदबाज विकेट नहीं निकाल पाए और इसका खामियाजा हार के रूप में मुंबई इंडियंस को भुगतना पड़ा।
टैग:


