वर्ल्ड कप 2023 से क्यों काटा गया युजवेंद्र चहल का पत्ता? रोहित शर्मा को लेकर अब किया बड़ा खुलासा!
भारतीयय क्रिकेट टीम के स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल पिछले काफी समय से इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर हैं। उन्हें वर्ल्ड कप 2023 में मौका नहीं मिल सका था, तो वहीं 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में भी प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिल सकी थी।

Yuzvendra Chahal on Rohit Sharma: भारतीय क्रिकेट में कई बार ऐसा होता है, जब शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद किसी खिलाड़ी को बड़े टूर्नामेंट में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका नहीं मिल पाता। टीम में जगह बनाने की उम्मीदें होती हैं, लेकिन आखिरी वक्त में टीम मैनेजमेंट की रणनीति पूरा समीकरण बदल देती है। कुछ ऐसा ही भारतीय क्रिकेट के अनुभवी स्पिनर युजवेंद्र चहल के साथ भी हुआ था, जिसे घरेलू मैदान पर खेले गए वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का हिस्सा बनने का मौका नहीं मिला।
युजवेंद्र चहल को 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में नहीं मिल सकी थी जगह
युजवेंद्र चहल इस वक्त टीम इंडिया से बाहर हैं, लेकिन 2019 के वनडे वर्ल्ड कप के वक्त वो भारत के लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट में सबसे अच्छे स्पिन गेंदबाज थे। उन कुछ सालों में इस रिस्ट स्पिनर के प्रभाव की वजह से माना जा रहा था कि वो 2023 के वर्ल्ड कप में भी प्रमुख स्पिनर होंगे, लेकिन उन्हें टीम में जगह तक नहीं मिल सकी। इतना ही नहीं 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में वो स्क्वाड का हिस्सा रहे, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में बाहर बैठकर सीट गरम करते रहे।
चहल का जगह ना मिलने को लेकर बड़ा खुलासा
2023 के वर्ल्ड कप के करीब 3 साल बाद युजवेंद्र चहल ने उन्हें जगह ना मिलने को लेकर हैरान करने वाला खुलासा किया है। उन्होंने उस वक्त के कप्तान रोहित शर्मा का नाम लेते हुए साफ शब्दों में बताया कि उन्हें कप्तान ने क्यों टीम में शामिल नहीं किया?
यह भी पढ़े- एक टी20 इंटरनेशनल सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज, लिस्ट में एक भारतीय बल्लेबाज का भी नाम
रोहित शर्मा ने रणनीति को लेकर की थी मुझसे बात- चहल
युजवेंद्र चहल ने जनवरी 2023 में अपना आखिरी वनडे इंटरनेशनल मैच खेला था। अब आकाश चोपड़ा के साथ हालिया पॉडकास्ट में उन्होंने 2023 वनडे वर्ल्ड कप से बाहर रहने की वजह बताई। चहल के मुताबिक,
"टीम मैनेजमेंट प्लेइंग इलेवन में एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज को शामिल करना चाहता था, जिसके चलते उन्हें मौका नहीं मिला ।2023 में जब मैं काउंटी खेलने गया, तो रोहित शर्मा ने मुझे बताया था कि उन्हें नंबर 8 तक एक बल्लेबाज चाहिए। वह उसी प्लान के साथ आगे बढ़ेंगे। उन्होंने मुझे साफ कर दिया था कि वह एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज की ओर भी देख रहे हैं। मुझे पहले ही चीजें साफ कर दी गई थीं। वर्ल्ड कप के बाद मैंने अपने सेलेक्शन के बारे में सोचना बंद कर दिया था।"
2024 टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में वापसी के पीछे युजवेंद्र चहल ने रोहित शर्मा की अहम भूमिका का खुलासा किया। चहल के मुताबिक, IPL 2024 में उन्होंने बिना किसी दबाव के खेल का आनंद लिया और उनका प्रदर्शन भी अच्छा रहा। इसी दौरान रोहित ने उनसे कहा था कि वह उन्हें भारतीय टीम में वापस लाना चाहते हैं और चयन बैठक में इस मुद्दे को उठाएंगे। चहल ने कहा कि, "IPL 2024 में मैंने एन्जॉय किया और खुद पर कोई दबाव नहीं लिया। मेरे लिए वो सीजन अच्छा गया। रोहित शर्मा ने मुझसे कहा कि वह मुझे टीम में वापस लाना चाहते हैं और सिलेक्शन मीटिंग में इस बारे में बात करेंगे।’