4 भारतीय खिलाड़ी जिनका कप्तान के रूप में IPL 2026 हो सकता है आखिरी सीजन
28 मार्च से IPL 2026 की शुरुआत होनी है लेकिन यह सीजन कई भारतीय खिलाड़ियों के लिए कप्तान के रूप में आखिरी भी साबित हो सकता है।

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के आगाज में अब कुछ ही दिनों का समय शेष रह गया है। सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होनी है और पहला ही मुकाबला काफी धमाकेदार होने वाला है, क्योंकि इसमें पिछले सीजन की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद की टक्कर होनी है। अभी तक आगामी सीजन के पहले 20 मैचों का शेड्यूल ही जारी किया गया है लेकिन अगले कुछ दिनों में शेष कार्यक्रम का ऐलान भी BCCI द्वारा किया जा सकता है।
फैंस की हमेशा शिकायत रहती थी कि आईपीएल में ज्यादा विदेशी कप्तान नहीं होने चाहिए और इस बार ऐसा संयोग आ गया है कि शुरूआती मैचों के लिए सभी कप्तान भारतीय ही हैं। वैसे भी सिर्फ सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी ही ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस के पास थी लेकिन इंजरी के कारण उनकी जगह पहले कुछ मैचों में ईशान किशन कमान संभालेंगे। ऐसे में हमें सभी टीमों के कप्तान भारतीय नज़र आएंगे।
यह भी पढ़ें: राजस्थान रॉयल्स के बिकने से कोहली-रोहित को लगा झटका, विदेशी खिलाड़ी IPL के सिर्फ 4 सीजन से हुआ मालामाल
हालांकि, IPL का 19वां सीजन कई भारतीय कप्तानों के लिए खुद को साबित करने का आखिरी मौका हो सकता है। अगर उन्होंने अच्छा नहीं किया तो उन्हें हटाया जा सकता है। इस लेख में हम ऐसे ही 4 भारतीय कप्तानों का जिक्र करने जा रहे हैं, जिनके लिए आगामी सीजन आखिरी बार कप्तानी करने का मौका हो सकता है।
1. हार्दिक पांड्या

हार्दिक पांड्या के लिए अभी तक आईपीएल का सफर मुंबई इंडियंस के कप्तान के रूप में उतना खास नहीं रहा है। गुजरात टाइटंस के साथ कप्तानी में सफलता हासिल करने वाले हार्दिक को 2024 के सीजन से पहले वापस मुंबई ने अपने साथ जोड़ा था लेकिन वह कुछ खास नहीं कर पाए। उस सीजन टीम लीग स्टेज से बाहर हो गई और 2025 के सीजन में प्लेऑफ तक का सफर तय किया।
IPL 2026 में दाएं हाथ के ऑलराउंडर को अपनी कप्तानी से कमाल करते हुए खिताबी जीत मुंबई इंडियंस को दिलानी होगी, क्योंकि स्क्वाड में कई अन्य कप्तानी के विकल्प भी मौजूद हैं, जिसमें टी20 वर्ल्ड कप 2026 विनिंग कैप्टेन सूर्यकुमार यादव भी शामिल हैं। इसी वजह से हार्दिक के लिए खुद को साबित करने का यह आखिरी मौका हो सकता है।
2. अजिंक्य रहाणे

टीम इंडिया के अनुभवी खिलाड़ी अजिंक्य रहाणे के लिए भी आगामी आईपीएल सीजन एक बड़ा चैलेंज होने वाला है। कुछ समय पहले तक रिपोर्ट्स थीं कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी से रहाणे को हाथ धोना पड़ सकता है लेकिन फ्रेंचाइजी ने ऐसा नहीं किया और उनके ऊपर ही भरोस दिखाया है।
हालांकि, उपकप्तानी में रिंकू सिंह पर दांव लगाया गया है, जो कहीं न कहीं संकेत भी है कि अब आगे के बारे में सोचा जा रहा है। इसी वजह से रहाणे ने कप्तान के रूप में अच्छा नहीं किया तो फिर उनकी छुट्टी काफी हद तय मानी जा सकती है।
3. अक्षर पटेल

आईपीएल के 18वें सीजन से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने बड़ा फैसला किया और कप्तानी की बागडोर ऑलराउंडर अक्षर पटेल को सौंप दी। अक्षर की कप्तानी में दिल्ली ने काफी धमाकेदार शुरुआत की और लगातार चार जीत दर्ज की। हालांकि, इसके बाद टीम की लय खराब हो गई और फिर दूसरे चरण में लगातार हार का सामना करना पड़ा।
यही कारण रहा कि दिल्ली की टीम प्लेऑफ तक भी नहीं पहुंच पाई। अक्षर की कप्तान भी सवालों के घेरे में रही और कुछ फैसलों की कीमत टीम को भी चुकानी पड़ी। ऐसे में इस बार उनके लिए कप्तान के रूप में खुद को साबित करने का आखिरी मौका हो सकता है।
4. रुतुराज गायकवाड़

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के लिए भी आईपीएल का 19वां सीजन कैप्टेंसी में आखिरी मौका माना जा रहा है, क्योंकि अब चेन्नई की टीम में संजू सैमसन भी आ चुके हैं। रुतुराज को 2024 के सीजन में कप्तान बनाया गया था और 2025 में भी उनके पास ही कमान रही। हालांकि, पिछले सीजन में इंजरी की वजह से उन्हें बीच में ही बाहर होना पड़ा था। अगर, इस सीजन उनके नेतृत्व में CSK का प्रदर्शन साधारण रहता है तो फिर अगले सीजन कप्तानी में बदलाव नजर आ सकता है।
टैग:


