पैट कमिंस की फिटनेस पर सामने आई बड़ी जानकारी, SRH के फैंस को मिलेगी बड़ी राहत
हैदराबाद के कप्तान आईपीएल 2026 में SRH की टीम का हिस्सा बनने से पहले 16 अप्रैल को फिटनेस टेस्ट देंगे और 17 अप्रैल को भारत के लिए उड़ान भर सकते हैं।

Pat Cummins Fitness Test Date: ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस अनफिट होने के चलते अब तक आईपीएल 2026 में एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए हैं. सनराइजर्स हैदराबाद के फैंस अपने नियमित कप्तान की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। कमिंस इन दिनों ऑस्ट्रेलिया में हैं और जल्द से जल्द अपनी टीम SRH के साथ जुड़ने के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं। इसी बीच मंगलवार, 14 अप्रैल को कमिंस की फिटनेस को लेकर अहम जानकारी सामने आई है।
पैट कमिंस IPL में क्यों नहीं खेल पा रहे हैं?
बता दें कि दाएं हाथ का तेज गेंदबाज पीठ की इंजरी से उबर रहा है। टूर्नामेंट के आगाज से पहले ही पता चल गया था कि कमिंस शुरुआती मैचों को मिस करेंगे। इसी वजह से हैदराबाद ने इशान किशन को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंप दी थी। वह कमिंस की टीम में आने के बाद इस जिम्मेदारी से मुक्त हो जाएंगे। कमिंस कुछ दिनों पहले भारत आए थे, लेकिन वो स्कैन के हाल ही में वापस ऑस्ट्रेलिया लौट गए थे।
पैट कमिंस का कल होगा फिटनेस टेस्ट
क्रिकबज की रिपोर्ट की मानें, तो कमिंस कल (15 अप्रैल) अपना फिटनेस टेस्ट देंगे। अगर सब कुछ ठीक रहा, तो वह 17 अप्रैल को भारत के लिए उड़ान भरेंगे और जल्द SRH की प्लेइंग-11 का हिस्सा बनने के लिए उपलब्ध रहेंगे।
इस खबर से हैदराबाद टीम के फैंस को जरूर राहत मिलेगी। कमिंस के आने से टीम में एक नई ऊर्जा का संचार होगा। कमिंस के आने से गेंदबाजी विभाग में धार आएगी और जो इस डिपार्मेंट में अनुभव की कमी दिख रही है, वो दूर हो जाएगी। SRH के फैंस यही आस कर रहे होंगे कि कमिंस के फिटनेस टेस्ट में सब कुछ अच्छा ही हो।
यह भी पढ़ें: संजू सैमसन ने IPL के बीच जीता ICC का तगड़ा अवॉर्ड, जसप्रीत बुमराह रह गए पीछे
इशान किशन की अगुआई में टीम जीत चुकी है दो मैच
इशान के नेतृत्व में SRH ने टूर्नामेंट में 5 मुकाबले खेले हैं और दो में उसे जीत मिली है, जबकि टीम को 3 बार हार का मुंह देखना पड़ा है। मौजूदा समय में हैदराबाद की टीम अंक तालिका में पांचवें नंबर पर है। SRH की टीम टूर्नामेंट में अपना अगला मुकाबला 18 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलेगी।
टैग:


