इंग्लैंड के बाद इस देश का दौरा करेगी टीम इंडिया, BCCI ने शेड्यूल किया जारी; वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है बड़ा मौका
भारत को जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर व्हाइट बॉल के मुकाबले खेलने हैं। इसके बाद होने वाले टूर के लिए BCCI ने शेड्यूल जारी कर दिया है, जिसमें वैभव सूर्यवंशी समेत कुछ युवा खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है।

आईपीएल 2026 के बाद, भारतीय मेंस क्रिकेट टीम का शेड्यूल काफी व्यस्त रहने वाला है। सबसे पहले जून में घर पर अफगानिस्तान के खिलाफ 1 टेस्ट और 3 वनडे मुकाबले खेलने हैं। इसके बाद, महीनें के अंत में आयरलैंड दौरे पर 2 टी20 खेलने हैं और फिर जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर 8 व्हाइट बॉल मुकाबलों में एक्शन देखने को मिलेगा। इसके बाद, भारत को दो टेस्ट के लिए श्रीलंका जाना था। हालांकि, अब बड़ा बदलाव देखने को मिला है।
BCCI ने जुलाई में टीम इंडिया के एक और दौरे का ऐलान कर दिया है, जहां उसे 3 टी20 खेलने हैं। जी हां, इंग्लैंड टूर के बाद, और श्रीलंका दौरे से पहले भारतीय टीम जिम्बाब्वे जाएगी और वहां टी20 सीरीज खेली। इस दौरे पर होने वाले मुकाबलों का बोर्ड ने बुधवार, 1 अप्रैल को जारी कर दिया।
यह भी पढ़ें: न्यूजीलैंड ने रचा इतिहास, वनडे में हासिल किया सबसे बड़ा टारगेट; तोड़ा टीम इंडिया का रिकॉर्ड
टीम इंडिया का जिम्बाब्वे दौरा हुआ घोषित
भारत ने 2024 में आखिरी बार जिम्बाब्वे का दौरा किया था और उस दौरान पांच टी20 मुकाबले खेले गए थे। इस बार तीन टी20 मैचों के लिए टीम इंडिया को जिम्बाब्वे जाना है। इस दौरे को लेकर कुछ खास जानकारी नहीं मिली थी लेकिन BCCI ने अचानक से शेड्यूल घोषित कर दिया। भारत पिछले कुछ सालों से लगातार जिम्बाब्वे जाकर खेलता रहा है, ताकि वहां के बोर्ड को फायदा हो सके। अब एक बार फिर से ऐसा ही देखने को मिलेगा।
भारत का इंग्लैंड दौरा 19 जुलाई को खत्म होगा। इसके बाद, 23 से 26 जुलाई के बीच जिम्बाब्वे दौरा चलेगा और दोनों टीमों के बीच सबसे छोटे फॉर्मेट में एक्शन देखने को मिलेगा। इस सीरीज के सभी मुकाबले हरारे में खेले जाएंगे।
टीम इंडिया के जिम्बाब्वे दौरे पर होने वाली टी20 सीरीज का शेड्यूल
| क्रम संख्या | दिन और तारीख | मैच | स्थान |
|---|---|---|---|
| 1 | गुरुवार, 23 जुलाई 2026 | पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय | हरारे |
| 2 | शनिवार, 25 जुलाई 2026 | दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय | हरारे |
| 3 | रविवार, 26 जुलाई 2026 | तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय | हरारे |
वैभव सूर्यवंशी समेत कुछ युवा खिलाड़ियों की चमक सकती है किस्मत
जब भी टीम इंडिया का जिम्बाब्वे दौरा होता है, तो BCCI मुख्य स्क्वाड भेजने के बजाय दूसरे दर्जे के खिलाड़ियों का चयन करता है या फिर मिली-जुली टीम चुनता है, जिसमें कुछ नियमित चेहरों के साथ युवा प्लेयर्स को मौका दिया जाता है। इस बार भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल सकता है। घरेलू क्रिकेट और आईपीएल के कुछ सितारों को चयन समिति जिम्बाब्वे में खेली जाने वाली टी20 सीरीज के लिए मौका दे सकता है। इस रेस में सबसे आगे बाएं हाथ के ओपनर वैभव सूर्यवंशी का नाम है, जिन्होंने पिछले एक साल में बल्ले से जमकर रनों की बारिश की है।
सूर्यवंशी ने खुद को आईपीएल में भी साबित किया है और 2025 के सीजन में 35 गेंदों में शतक जड़ा था। वहीं, इस बार भी 17 गेंदों में 52 रनों की पारी के साथ सीजन का आगाज किया है। घरेलू क्रिकेट में भी 15 वर्षीय बल्लेबाज का कमाल देखने को मिला है। वहीं, अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में उनकी 175 रनों की पारी बेहद शानदार थी। अगर, वैभव ने मौजूदा आईपीएल सीजन का धमाकेदार तरीके से अंत किया तो पूरी उम्मीद है कि उन्हें जिम्बाब्वे दौरे के लिए चुना जा सकता है।
टैग:


