न्यूजीलैंड ने रचा इतिहास, वनडे में हासिल किया सबसे बड़ा टारगेट; तोड़ा टीम इंडिया का रिकॉर्ड
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ न्यूजीलैंड ने वेलिंग्टन में खेले गए मुकाबले में इतिहास रचते हुए महिला वनडे में सबसे बड़े रन चेज का रिकॉर्ड बना दिया।

Highest Run Chase In WODI: IPL 2026 के रोमांच के बीच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ न्यूजीलैंड अपने घर पर तीन महिला वनडे मैचों की सीरीज खेलने में व्यस्त है। इस सीरीज का दूसरा मैच बुधवार, 1 अप्रैल को वेलिंग्टन में खेला गया, जिसमें न्यूजीलैंड ने 347 के टारगेट का सफलतापूर्वक पीछा करते हुए 2 विकेट से जीत दर्ज की और विमेंस वनडे में सबसे बड़े टारगेट को चेज करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो अभी तक टीम इंडिया के नाम था।
बेसिन रिज़र्व स्टेडियम में हुए मैच में दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम ने पहले खेलते हुए 50 ओवर में 346/6 का स्कोर बनाया, जवाब में न्यूजीलैंड की महिला टीम ने 49.4 ओवर में 350/8 का स्कोर बनाया। इस तरह न्यूजीलैंड ने महिला वनडे में इतिहास रचने का काम किया।
दक्षिण अफ्रीका की तरफ से देखने को मिली दमदार बल्लेबाजी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत ज्यादा अच्छी नहीं रही और 35 के स्कोर पर ओपनर तजमीन ब्रिट्स आउट हो गईं, जिनके बल्ले से सिर्फ 9 रन आए। इसके बाद, दूसरे विकेट के लिए कप्तान लॉरा वोल्वार्ट और एनेके बॉश के बीच 132 रनों की साझेदारी देखने को मिली। इस दौरान दोनों ही बल्लेबाजों ने अपना-अपना अर्धशतक भी पूरा किया। वोल्वार्ट ने 74 गेंदों में 69 रनों की पारी खेली। वहीं, बॉश शतक के करीब जाकर 91 के निजी स्कोर पर आउट हो गईं।
यह भी पढ़ें: T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप 10 बल्लेबाज, जानिए लिस्ट में Rohit Sharma का स्थान
सुने लूस और सिनालो जाफ्ता ने स्कोर को 250 के करीब पहुंचाया लेकिन 245 के स्कोर पर लूस 40 रन बनाकर आउट हो गईं। 300 के स्कोर से पहले जाफ्ता भी 37 रन बनाकर चलती बनीं। आखिरी में क्लो ट्रायन ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 52 रन बनाए और दक्षिण अफ्रीका की पारी को जबरदस्त तरीके से समाप्त किया। न्यूजीलैंड की तरफ से ब्री ईलिंग ने सबसे ज्यादा तीन विकेट अपने नाम किए।
अमेलिया केर और इजाबेल गेज ने न्यूजीलैंड की रिकॉर्ड लक्ष्य हासिल करने में की मदद
लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने शुरूआती में ही अनुभवी सूजी बेट्स का विकेट गंवा दिया, जो 8 रन ही बना पाईं। इसके बाद, जॉर्जिया प्लिमर (23) के कप्तान अमेलिया केर ने 52 रन जोड़कर पारी को संभालने का प्रयास किया लेकिन फिर 73 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को दूसरा झटका लग गया। दो और विकेट गिरे, जिसकी वजह से स्कोर 130/4 हो गया। यहां से अमेलिया को इजाबेल गेज (68) का साथ मिला।
इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 120 रनों की साझेदारी करते हुए स्कोर को 250 तक पहुंचा दिया लेकिन फिर गेज आउट हो गईं। यहां से मंजिल काफी दूर थी लेकिन शतक पूरा कर चुकीं कप्तान केर ने हार नहीं मानी और अन्य बल्लेबाजों के साथ मिलकर अपनी टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। केर ने 139 गेंदों में 179 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 23 चौके और एक छक्का शामिल रहे।
भारत के रिकॉर्ड को न्यूजीलैंड ने किया ध्वस्त
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे में जीत दर्ज करते ही न्यूजीलैंड ने इतिहास रच दिया और WODI में सबसे बड़े लक्ष्य को हासिल करने का रिकॉर्ड बना दिया। अभी तक यह रिकॉर्ड टीम इंडिया के नाम था, जिसने पिछले साल महिला वनडे वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 339 का टारगेट सफलतापूर्वक हासिल किया था। अब न्यूजीलैंड ने भारत को पछाड़ दिया है।
महिला ODI में टॉप 5 सबसे बड़े सफल रन चेज
| टीम | स्कोर | ओवर | रन रेट | लक्ष्य | पारी | परिणाम | विपक्ष | मैदान | तारीख |
|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|
| न्यूजीलैंड महिला | 350/8 | 49.4 | 7.04 | 347 | 2 | जीता | बनाम दक्षिण अफ्रीका महिला | वेलिंगटन | 1 अप्रैल 2026 |
| भारत महिला | 341/5 | 48.3 | 7.03 | 339 | 2 | जीता | बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला | डीवाई पाटिल | 30 अक्टूबर 2025 |
| ऑस्ट्रेलिया महिला | 331/7 | 49.0 | 6.75 | 331 | 2 | जीता | बनाम भारत महिला | विशाखापट्टनम | 12 अक्टूबर 2025 |
| श्रीलंका महिला | 305/4 | 44.3 | 6.85 | 302 | 2 | जीता | बनाम दक्षिण अफ्रीका महिला | पोटचेफस्ट्रूम | 17 अप्रैल 2024 |
| ऑस्ट्रेलिया महिला | 289/6 | 46.4 | 6.19 | 289 | 2 | जीता | बनाम न्यूजीलैंड महिला | नॉर्थ सिडनी | 14 दिसंबर 2012 |
टैग:


