4 टीमें जिनके खिलाफ RCB ने IPL में सफलतापूर्वक 200 प्लस रन का टारगेट चेज किया है
RCB ने आईपीएल में KXIP, LSG, GT और SRH समेत 4 टीमों के खिलाफ 200 से अधिक रनों का टारगेट सफलतापूर्वक चेज किया है।

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम का धमाकेदार प्रदर्शन देखने को मिला। डिफेंडिंग चैंपियन RCB ने सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेटों से रौंदकर जीत के साथ अपने सफर की शुरुआत की है। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए इस मैच में आरसीबी की टीम को जीत के लिए 202 रनों का चुनौतीपूर्ण टारगेट मिला था, जिसे मेजबान टीम ने 26 गेंदें शेष रहते 4 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इसमें विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल की सबसे अहम भूमिका रही. दोनों ही बल्लेबाजों ने तूफानी अंदाज में अर्धशतक जड़े थे।
आईपीएल के 19 सालों के इतिहास में ये चौथा मौका है, जब RCB ने 200 प्लस रन का टारगेट सफलतापूर्वक चेज किया है। इस आर्टिकल में हम उन 4 टीमों का जिक्र करेंगे, जिनके खिलाफ RCB ने आईपीएल में 200 प्लस रनों का टारगेट सफलतापूर्वक चेज किया है।
4 टीमें जिनके खिलाफ RCB ने IPL में सफलतापूर्वक 200 प्लस रन का टारगेट चेज किया है
1. 204 रन बनाम Kings XI Punjab (बेंगलुरु, 2010)
IPL के तीसरे सीजन के सातवें मुकाबले में RCB की टक्कर किंग्स XI पंजाब (अब पंजाब किंग्स) से हुई थी। पंजाब की टीम ने पहले खेलने के बाद 203/3 का स्कोर खड़ा किया था। पंजाब की तरफ से रवि बोपारा (77) और मनविंदर बिस्ला (75) ने जमकर कहर बरपाया था। जवाबी पारी में आरसीबी ने 204 रनों के लक्ष्य को 18.5 ओवरों में चेज कर लिया और 8 विकेटों से बड़ी जीत अपने नाम की थी। इस रन चेज में जैक्स कैलिस ने 89* रनों का योगदान दिया था।
2. 201 रन बनाम GT (अहमदाबाद, 2024)
RCB को आईपीएल में दूसरी बार 200 से अधिक रनों के टारगेट को सफलतापूर्वक चेज करने में 14 साल लग गए थे। आरसीबी ने दूसरी बार ये कारनामा IPL 2024 के 45वें मैच में करके दिखाया था। अहमदाबाद में हुए उस मैच में RCB को जीत के लिए 201 रन बनाने थे, जिसे उसने 16 ओवरों में चेज कर लिया था। उस मैच में विल जैक्स ने 41 गेंदों पर 5 चौकों और 10 छक्कों की मदद से नाबाद शतक (100*) ठोका था।
3. 228 रन बनाम, LSG (लखनऊ, 2025)
आईपीएल 2025 का 70वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला गया था। इकाना स्टेडियम में हुए इस मैच में LSG ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान ऋषभ पंत (118* रन, 61 गेंद) के शतक की मदद से पूरे ओवर खेलने के बाद 3 विकेट के नुकसान पर 227 रन बनाए थे। जवाबी पारी में RCB ने 228 रनों के टारगेट को 8 गेंदें बाकी रहते 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। RCB के लिए इस जीत के हीरो जितेश शर्मा रहे थे, जिन्होंने 33 गेंदों पर 8 चौकों और 6 छक्कों की मदद से नाबाद 85 रन बनाए थे।
यह भी पढ़ें: IPL 2026: 5 बड़े रिकॉर्ड जो विराट कोहली अपने नाम कर सकते हैं
4. 202 रन बनाम SRH (बेंगलुरु, 2026)
IPL 2026 के पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने कप्तान इशान किशन की 80 रनों की पारी की बदौलत बेंगलुरु के सामने जीत के लिए 202 का लक्ष्य रखा था, जिसे रजत पाटीदार के नेतृत्व वाली टीम ने 15.4 ओवरों में 4 विकेट गांवकर हासिल किया। RCB के लिए किंग कोहली ने 38 गेंदों पर नाबाद 69 रन बनाए। वहीं, पडिक्कल 61 रन बनाने में कामयाब रहे थे।
टैग:


