संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह बने ICC के बड़े अवॉर्ड को जीतने के दावेदार, T20 WC जिताने के लिए मिल सकता है इनाम
मार्च 2026 के लिए ICC प्लेयर ऑफ द मंथ के दावेदारों का ऐलान हो गया है। टी20 वर्ल्ड कप के हीरो जसप्रीत बुमराह और संजू सैमसन अवॉर्ड को जीतने की रेस में सबसे आगे हैं।

भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए एक बेहद अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल,आईसीसी ने मार्च महीने के लिए प्लयेर ऑफ मंथ का अवॉर्ड जीतने वाले 3 दावेदारों के नामों का ऐलान कर दिया है। इसमें संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह का नाम भी शामिल है। इन दोनों के अलावा कॉनर एस्टरहुइजन भी इस लिस्ट में शामिल किए गए हैं।
सैमसन और बुमराह ने भारत को लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम करने में अहम भूमिका निभाई थी। 2026 टी20 वर्ल्ड कप का प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का टाइटल सैमसन के खाते में आया था। उन्होंने 5 पारियों में 321 रन बनाए थे। उन्होंने मार्च में वेस्टइंडीज (97*), इंग्लैंड (89) और न्यूजीलैंड (89) के विरुद्ध मैच जिताऊ पारियां खेलीं थीं।
यह भी पढ़ें: IPL 2026: खराब फॉर्म के बीच संजू सैमसन को मिला कोच फ्लेमिंग का सपोर्ट, दिल जीतने वाला दिया बयान
बुमराह ने टी20 वर्ल्ड कप में झटके थे 14 विकेट
वहीं, जसप्रीत बुमराह की बात करें तो वो टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में संयुक्त रूप से पहले गेंदबाज रहे थे। पिछले महीने बुमराह ने वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच खेले थे और 12 की औसत से 7 विकेट झटकने में कामयाबी हासिल की थी। पूरे टूर्नामेंट में दाएं हाथ के गेंदबाज के नाम 14 विकेट रहे। फाइनल मैच में न्यूजीलैंड के विरुद्ध बुमराह ने अपना सबसे खतरनाक स्पेल फेंकते हुए सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट हासिल किए थे और प्लेयर ऑफ द मैच बने थे।
कॉनर एस्टरहुइजन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दिखाया था दम
दक्षिण अफ्रीका के धाकड़ खिलाड़ी एस्टरहुइजन ने पिछले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ हुए 5 मैचों की टी20 सीरीज में कमाल का प्रदर्शन किया था। उन्होंने 50 की औसत से 200 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए थे। उनके इस प्रदर्शन की बदौलत प्रोटियाज टीम ने न्यूजीलैंड को 3-2 से मात देकर सीरीज पर कब्जा जमाया था।
टैग:


