Happy Birthday Virat Kohli: 'किंग' कोहली का क्रिकेट पर राज! ये 10 रिकॉर्ड आने वाली पीढ़ियों के लिए बनेंगे चुनौती
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का जन्म 5 नवंबर 1988 को दिल्ली में हुआ था। उन्होंने अपने जीवन के 38 बरस पूरे कर लिए हैं।

Virat Kohli's 10 Major Records: क्रिकेट की दुनिया में कुछ खिलाड़ी सिर्फ रन नहीं बनाते, बल्कि अपने प्रदर्शन से इतिहास लिखते हैं। कुछ ऐसे भी होते हैं, जिनकी कामयाबी आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल बन जाती है। भारतीय क्रिकेट में ऐसा ही एक नाम है विराट कोहली, जिन्हें दुनिया 'किंग कोहली' और 'रन मशीन' के नाम से जानती है। 5 नवंबर 1988 को दिल्ली में जन्मे विराट कोहली आज अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। बचपन से क्रिकेट के प्रति जुनून रखने वाले इस खिलाड़ी ने अपनी मेहनत, जुनून और बेमिसाल प्रदर्शन के दम पर दुनिया के महानतम बल्लेबाजों में अपनी जगह बनाई है।
करीब दो दशक के अंतरराष्ट्रीय करियर में विराट ने न सिर्फ भारतीय क्रिकेट को कई यादगार जीत दिलाई, बल्कि रिकॉर्ड्स की ऐसी लंबी फेहरिस्त तैयार की है, जिसे पार करना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होगा। वनडे क्रिकेट में शतकों का अंबार लगाने से लेकर बड़े से बड़े लक्ष्य का पीछा करने तक, टेस्ट क्रिकेट में कप्तानी के दौरान ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल करने से लेकर आईपीएल में एक ही फ्रेंचाइजी के साथ अपना सफर जारी रखने तक, विराट ने हर मोर्चे पर अपनी अलग पहचान बनाई है। ऐसे में उनके जन्मदिन के खास मौके पर आइए नजर डालते हैं किंग कोहली के उन 10 महारिकॉर्ड्स पर, जिन्हें तोड़ना आने वाली पीढ़ियों के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होने वाला है।
#1. वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड
वनडे क्रिकेट में शतकों का जिक्र हो और विराट कोहली का नाम न आए, ऐसा संभव नहीं है। किंग कोहली अब तक 55 शतक जड़ चुके हैं, जबकि सचिन तेंदुलकर 49 शतकों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। मौजूदा क्रिकेट में इस आंकड़े तक पहुंचना किसी भी बल्लेबाज के लिए बड़ी चुनौती होगी।
#2. IPL के एक सीजन में सर्वाधिक रन
आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम दर्ज है। उन्होंने IPL 2026 में 16 मुकाबलों में 973 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से जमकर रन बरसे और एक ऐसा कीर्तिमान बना, जिसे अब तक कोई बल्लेबाज पीछे नहीं छोड़ पाया है।
#3. वनडे में नंबर-3 पर सर्वाधिक रन
वनडे क्रिकेट में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करना विराट कोहली की सबसे बड़ी पहचान रही है। इस पोजीशन पर खेलते हुए उन्होंने 13 हजार से ज्यादा रन बना लिए हैं। लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर बनाया गया यह रिकॉर्ड भविष्य में किसी बल्लेबाज के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।
#4. IPL करियर में सिर्फ एक फ्रेंचाइजी के लिए खेलना
आईपीएल में खिलाड़ियों की टीमें बदलना आम बात है, लेकिन विराट कोहली इस मामले में बिल्कुल अलग हैं। साल 2008 में लीग की शुरुआत से लेकर अब तक वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा बने हुए हैं। उनकी यह वफादारी आईपीएल इतिहास में बेहद खास है।
#5. वनडे में सबसे तेज 10 हजार रन पूरे करना
वनडे क्रिकेट में 10 हजार रन बनाना ही बड़ी उपलब्धि है, लेकिन विराट कोहली ने इसे असाधारण अंदाज में हासिल किया। उन्होंने महज 205 पारियों में यह आंकड़ा छू लिया था। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर को काफी पीछे छोड़ते हुए एक नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया।
#6. टेस्ट कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा दोहरे शतक
विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय टेस्ट क्रिकेट ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं। बल्लेबाजी में भी उन्होंने अपनी छाप छोड़ी और कप्तान रहते हुए सात दोहरे शतक लगाए। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऐसा करने वाले वह इकलौते कप्तान हैं।
यह भी पढ़े- विराट कोहली ने रचा इतिहास, वनडे क्रिकेट में हासिल किया ऐसा मुकाम जो आज तक कोई नहीं छू सका!
#7. एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक
विराट कोहली का बल्ला श्रीलंका के खिलाफ अक्सर जमकर बोलता है। इस टीम के विरुद्ध उन्होंने वनडे क्रिकेट में 10 शतक लगाए हैं। किसी एक अंतरराष्ट्रीय टीम के खिलाफ इतने शतक जड़ना उनकी निरंतरता और शानदार बल्लेबाजी क्षमता का बड़ा उदाहरण है।
#8. सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड
विराट कोहली सिर्फ व्यक्तिगत मुकाबलों में ही नहीं, बल्कि पूरी सीरीज में भी अपना दबदबा कायम रखते हैं। उनके नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 22 प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड दर्ज हैं। यह आंकड़ा बताता है कि वह लंबे समय तक लगातार शानदार प्रदर्शन करने में कितने माहिर हैं।
#9. 300 से ज्यादा रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सर्वाधिक शतक
विराट कोहली को यूं ही दुनिया का बेहतरीन चेज मास्टर नहीं कहा जाता। बड़े लक्ष्य का पीछा करते समय उनका अलग ही अंदाज देखने को मिलता है। 300 से अधिक रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वह नौ शतक लगा चुके हैं, जो उनकी मैच जिताऊ क्षमता को दर्शाता है।
#10. सबसे तेज 28 हजार इंटरनेशनल रन
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 28 हजार रन पूरे करना किसी भी बल्लेबाज के लिए बड़ी उपलब्धि है। विराट कोहली ने यह मुकाम सिर्फ 624 पारियों में हासिल कर लिया था। उन्होंने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ते हुए यह रिकॉर्ड अपने नाम किया, जिन्होंने 644 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी।




