T20 डेब्यू में ही मचाया ऐसा कोहराम, इस भारतीय गेंदबाज ने लगातार 4 गेंदों पर उड़ाए 4 विकेट, रच दिया इतिहास
SMAT 2026-27 में रेलवे के तेज गेंदबाज जमशेद आलम ने T20 डेब्यू पर लगातार चार गेंदों में चार विकेट लेकर इतिहास रच दिया। उन्होंने शुरुआती 10 गेंदों में पांच विकेट हासिल किए।

SMAT 2026-27 Jamshed Alam creates history: भारतीय घरेलू क्रिकेट के सबसे बड़े टी20 इवेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में एक ऐसा कारनामा देखने को मिला है, जिसने घरेलू क्रिकेट में हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। एक युवा तेज गेंदबाज अपने करियर का पहला टी20 मुकाबला खेलने उतरा और पहली ही बार में ऐसा प्रदर्शन कर दिया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। महज कुछ गेंदों के भीतर उसने विपक्षी टीम की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया। लगातार चार गेंदों पर चार विकेट और शुरुआती 10 गेंदों में पांच शिकार! इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ 23 वर्षीय गेंदबाज ने अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के अपने डेब्यू पर ही धमाका
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रेलवे और सौराष्ट्र के बीच मुकाबला इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर खेला गया। रेलवे की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 182 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की टीम को अंदाजा भी नहीं था कि उसका सामना एक ऐसे गेंदबाज से होने वाला है, जो अपने डेब्यू मैच को यादगार बना देगा।
रेलवे के गेंदबाज जमशेद आलम ने लगातार 4 गेंद में झटके 4 विकेट
रेलवे की ओर से 23 वर्षीय तेज गेंदबाज जमशेद आलम ने पारी का चौथा ओवर डालते हुए कहर बरपाना शुरू किया। उन्होंने अपनी लगातार चार गेंदों पर हार्विक देसाई, प्रेरक मांकड़, रुचित अहिर और सम्मार गज्जर को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। इस तरह उन्होंने एक ही ओवर में चार विकेट लेकर मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल दिया।
लेकिन जमशेद का तूफान यहीं नहीं रुका। उन्होंने अगले ओवर में सिद्धार्थ राणा को भी अपना शिकार बनाया। इस तरह अपनी शुरुआती 10 गेंदों के भीतर ही पांच विकेट हासिल कर उन्होंने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली।
लगातार 4 गेंदों पर 4 विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय बने जमशेद
जमशेद आलम का यह प्रदर्शन इसलिए भी खास रहा, क्योंकि वह टी20 क्रिकेट में लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए। उनसे पहले कर्नाटक के अभिमन्यु मिथुन और विदर्भ के दर्शन नालकंडे यह कारनामा कर चुके हैं।
अभिमन्यु मिथुन ने हरियाणा के खिलाफ लगातार चार विकेट चटकाए थे, जबकि दर्शन नालकंडे ने 2021 में कर्नाटक के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी। अब जमशेद आलम ने भी इस खास सूची में अपनी जगह बना ली है। इसके अलावा, अपने पहले टी20 मैच में शुरुआती 10 गेंदों के भीतर पांच विकेट लेने का उनका कारनामा इस प्रदर्शन को और भी खास बनाता है।
यह भी पढ़े-टेस्ट क्रिकेट इतिहास में टीम इंडिया के 5 सबसे बड़े स्कोर
सौराष्ट्र को मात देकर रेलवे ने 29 रन से जीता मुकाबला
जमशेद आलम की घातक गेंदबाजी का असर सौराष्ट्र की पूरी पारी पर देखने को मिला। टीम ने महज 30 रन के भीतर अपने छह विकेट गंवा दिए और मुकाबले में वापसी करना उसके लिए बेहद मुश्किल हो गया। हालांकि, जमशेद ने अपने आखिरी ओवर में 17 रन खर्च किए, लेकिन इसका उनके प्रदर्शन पर कोई खास असर नहीं पड़ा।
उन्होंने अपने कोटे के चार ओवर में 38 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। सौराष्ट्र की टीम निर्धारित ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 153 रन ही बना सकी। इस तरह रेलवे ने 29 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
टी20 करियर की शुरुआत में ही ऐसा यादगार प्रदर्शन करने वाले जमशेद आलम ने निश्चित तौर पर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह युवा तेज गेंदबाज आने वाले मुकाबलों में अपने इस प्रदर्शन को किस तरह आगे बढ़ाता है।