IPL 2027: पैट कमिंस ने खेलने को लेकर दिया बड़ा अपडेट, पूरे सीजन में नहीं आएंगे नजर? SRH के सीनियर खिलाड़ी ने किया खुलासा
आईपीएल 2027 के लिए सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस के अगले साल व्यस्त इंटरनेशनल शेड्यूल के बीच उनके खेलने को लेकर एक बड़ा खुलासा सामने आया है।

Pat Cummins IPL 2027 Update:आईपीएल 2027 से पहले कई बड़े ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने अपने फैसलों से क्रिकेट फैंस को चौंका दिया है। व्यस्त इंटरनेशनल शेड्यूल और आगामी वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों को देखते हुए मिचेल स्टार्क और ट्रेविस हेड ने अगले सीजन से दूरी बना ली है। ऐसे में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठ रहे थे। अब इस मामले में एक ऐसा अपडेट सामने आया है, जिससे SRH के फैंस को राहत जरूर मिलेगी, लेकिन पूरे सीजन में उनकी मौजूदगी को लेकर तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं है।
क्या पैट कमिंस खेलेंगे IPL 2027?
दरअसल, पैट कमिंस को सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2027 के लिए रिटेन किया है। फ्रेंचाइजी के इस फैसले के बाद उनके अगले सीजन में खेलने की उम्मीदें बढ़ गई थीं। अब क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, कमिंस ने खुद भी आईपीएल 2027 में खेलने के लिए भारत आने की पुष्टि की है। हालांकि, उन्होंने पूरे सीजन में खेलने का भरोसा नहीं दिया है। ऐसे संकेत मिले हैं कि वह टूर्नामेंट के कुछ मुकाबलों में ही मैदान पर उतर सकते हैं।
SRH के पैट कमिंस के साथी खिलाड़ी ने दिया बड़ा अपडेट
कमिंस के साथ हुई बातचीत का खुलासा सनराइजर्स हैदराबाद के एक सीनियर खिलाड़ी ने किया है। उन्होंने क्रिकबज को बताया कि उनकी कमिंस से बात हुई थी। इस दौरान ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने आईपीएल में खेलने को लेकर अपना प्लान बताया। सीनियर खिलाड़ी के मुताबिक, कमिंस ने कहा, "वह आईपीएल खेलने भारत जरूर आएंगे। अगर पूरे सीजन के लिए नहीं तो कुछ मैचों के लिए जरूर आएंगे।"
पूरे सीजन के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे पैट कमिंस
इस अपडेट के बाद SRH के लिए पैट कमिंस की उपलब्धता को लेकर काफी हद तक स्थिति स्पष्ट होती दिख रही है। हालांकि, टीम को यह रणनीति बनानी होगी कि अगर उनका कप्तान पूरे सीजन के लिए उपलब्ध नहीं रहता है तो बाकी मुकाबलों में नेतृत्व की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाए।
SRH में ईशान किशन को मिल सकती है कुछ मैचों में कमान
गौरतलब है कि आईपीएल के पिछले सीजन में भी कमिंस की उपलब्धता पूरी तरह नहीं रही थी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से अनुमति नहीं मिलने के कारण वह कुछ मुकाबलों में नहीं खेल पाए थे और उन्होंने कुल 8 मैचों में हिस्सा लिया था। उनकी गैरमौजूदगी में ईशान किशन ने सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी संभाली थी।
यह भी पढ़े-ऋषभ पंत के तूफानी शतक से बने 5 बड़े रिकॉर्ड, संगकारा-धोनी जैसे दिग्गज भी नहीं कर पाए ये कारनामा
अब आईपीएल 2027 में भी कमिंस के कुछ ही मैच खेलने की संभावना के बीच ईशान किशन का नाम एक बार फिर चर्चा में आ सकता है। हालांकि, फ्रेंचाइजी की ओर से कप्तानी को लेकर अभी कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है।