दुनिया गालियां दे रही थी, पत्नी रो रही थी... तब कोच गौतम गंभीर ने संभाला हौसला! सरफराज खान का बुरे दौर पर हैरान करने वाला खुलासा
ऑस्ट्रेलिया के 2024-25 के दौरे पर सरफराज खान पर सोशल मीडिया में ड्रेसिंग रूम की बात लीग करने का आरोप लगा था। अब लंबे समय बाद इसे लेकर उन्होंने खुलासा किया है।

Sarfaraz Khan: भारतीय क्रिकेटर सरफराज खान ने अपने करियर के सबसे मुश्किल दौर को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के दौरान जब उन पर ड्रेसिंग रूम की बातें लीक करने के आरोप लगे, तो उनकी जिंदगी काफी मुश्किल हो गई थी। सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा था और इसका असर उनके परिवार पर भी पड़ रहा था। हालात इतने खराब हो गए थे कि उनकी पत्नी रोने लगी थीं।
सरफराज के पिता और उनके कोच भी इस पूरे विवाद से परेशान थे और उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि आखिर इस परिस्थिति का सामना कैसे किया जाए। एक तरफ सोशल मीडिया पर लगातार आलोचना हो रही थी, तो दूसरी तरफ परिवार को इस दर्द से गुजरते देख सरफराज भी मानसिक रूप से मुश्किल दौर से गुजर रहे थे।
जब सरफराज खान पर लगा था ड्रेसिंग रूम की बात लीक करने का आरोप
ऐसे मुश्किल समय में भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर उनके लिए बड़ा सहारा बने। सरफराज ने बताया कि गंभीर ने उन्हें फोन किया और समझाया कि बाहरी बातों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने लगातार उनका हौसला बढ़ाया और मुश्किल परिस्थितियों में मजबूती से खड़े रहने की सलाह दी।
गंभीर के इस समर्थन ने सरफराज को काफी राहत दी और उन्हें दोबारा अपने खेल पर ध्यान लगाने की हिम्मत मिली। सरफराज का यह खुलासा बताता है कि क्रिकेट के मैदान पर खिलाड़ियों को सिर्फ प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि मैदान के बाहर भी कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे वक्त में एक कोच का भरोसा और समर्थन किसी खिलाड़ी के लिए कितनी बड़ी ताकत बन सकता है।
आकाश चोपड़ा ने सरफराज ने शेयर किया आरोपों का पूरा किस्सा
भारत के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा के साथ यू-ट्यूब चैनल पर बात करते हुए सरफराज खान ने कहा,
'मुझे बहुत बुरा लगा था। जैसे ही मेरी फ्लाइट लैंड हुई, मुझे फोन और मैसेज आने लगे। सोशल मीडिया पर काफी कुछ लिखा जा रहा था। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खत्म हुए 20-25 दिन हो चुके थे। दौरे के दौरान मुझे चोट लगी थी और मैं रिहैब के लिए एनसीए गया था। तभी अचानक ड्रेसिंग रूम की बातें लीक करने के आरोपों की खबरें आने लगीं। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि मैं किससे बात करूं। मैं किसे बताऊं? ऐसा कुछ हुआ ही नहीं था। अगर ऐसा होता तो मेरा चयन इंडिया ए टीम में नहीं होता और फिर श्रीलंका सीरीज के लिए भी मुझे नहीं चुना जाता। मुझे नहीं पता कि यह बात किसने फैलाई। मुझे बहुत बुरा लग रहा था। मैं किसी को फोन करता था तो कोई मेरा फोन भी नहीं उठाता था।'
यह भी पढ़े- कप्तान पैट कमिंस के लिए हेजलवुड की बगावत! टीम छोड़ने तक को तैयार, ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट में मचा भूचाल
सरफराज खान ने आगे कहा,
"मुझे अपने पिता, मां, पत्नी और भाई के लिए बुरा लग रहा था। सोशल मीडिया पर छोटी सी बात को भी बहुत बड़ा बना दिया जाता है। मैंने काफी पहले एक कहावत सुनी थी कि अगर आप किसी का काम खराब नहीं कर सकते तो उसका नाम खराब कर दो, उसका काम अपने आप खराब हो जाएगा।"
सरफराज खान ने गौतम गंभीर के सपोर्ट का किया खुलासा
इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने गौतम गंभीर ने कहा , 'मुझे अपना फोन बंद करना पड़ा था। गौतम गंभीर सर ने मुझे दो बार फोन किया। उन्होंने कहा कि ये सब बेकार की बातें हैं, इन राजनीतिक चीजों में मत पड़ो और अपने खेल पर ध्यान दो। मैंने उनसे कहा कि मैं उनकी बात समझता हूं, लेकिन मेरे पिता दुखी हैं और मेरी पत्नी भी रो रही है। गौतम गंभीर सर ने मेरे पिता से बात की और उनसे कहा कि ऐसी बातों को महत्व देना बंद करें और सरफराज को क्रिकेट खेलने दें, क्योंकि वह एक अच्छा क्रिकेटर है। उन्होंने मेरे पिता से कहा कि अगर उन्हें किसी तरह की मदद की जरूरत हो तो वह उन्हें फोन कर सकते हैं। सबसे पहले उन्होंने ही मुझे फोन किया था।'




