टेस्ट क्रिकेट इतिहास में टीम इंडिया के 5 सबसे बड़े स्कोर
टेस्ट क्रिकेट में भारतीय क्रिकेट टीम का खूब जलवा देखने को मिला है, जहां इस टीम ने 5 बार 700 से ज्यादा रन का स्कोर बनाया है। टीम के 5 सर्वश्रेष्ठ स्कोर पर डालते हैं नजर...

India Highest Test Innings Totals: टेस्ट क्रिकेट में बड़ी पारी खेलना किसी भी टीम के बल्लेबाजी कौशल, धैर्य और दबदबे का प्रमाण होता है। भारतीय क्रिकेट के इतिहास में भी ऐसे कई मौके आए हैं, जब टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने विपक्षी गेंदबाजों को पूरी तरह बेबस कर दिया। इस दौरान किसी बल्लेबाज ने तिहरा शतक लगाया, तो किसी ने दोहरा शतक जड़कर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया।
भारत ने टेस्ट क्रिकेट में अब तक 5 बार 700 से ज्यादा रन बनाए थे। खास बात यह है कि भारत के इन पांच सबसे बड़े स्कोर में इंग्लैंड, श्रीलंका, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी दिग्गज टीमें शामिल हैं। चलिए जानते हैं टेस्ट क्रिकेट में भारत के इन 5 सबसे बड़े स्कोर
#1. 759/7 रन वर्सेज इंग्लैंड (चेन्नई, 2016)
भारतीय टेस्ट क्रिकेट के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर 759/7 रन है, जो टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ दिसंबर 2016 में चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में बनाया था। यह भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टेस्ट मुकाबला था।
इंग्लैंड ने पहली पारी में 477 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। केएल राहुल ने 199 रनों की पारी खेली, जबकि करुण नायर ने इतिहास रचते हुए नाबाद 303 रन बनाए। वह टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक लगाने वाले भारत के दूसरे बल्लेबाज बने थे।
इसके अलावा पार्थिव पटेल ने 71, रविचंद्रन अश्विन ने 67 और रवींद्र जडेजा ने 51 रन का योगदान दिया। भारत ने 190.4 ओवर में 759/7 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। भारत ने यह मुकाबला पारी और 75 रन से जीत लिया। करुण नायर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
#2. 726/9 रन वर्सेज श्रीलंका ( मुंबई (ब्रेबोर्न), 2009)
इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर भारत का 726/9 रन का स्कोर है, जो टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ दिसंबर 2009 में मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में बनाया था। यह सीरीज का तीसरा और आखिरी टेस्ट मुकाबला था। श्रीलंका ने पहली पारी में तिलकरत्ने दिलशान के 109 रनों की मदद से 393 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने ऐसी तूफानी बल्लेबाजी की कि श्रीलंकाई गेंदबाजों के पास कोई जवाब नहीं था।
सहवाग ने महज 254 गेंदों पर 293 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 40 चौके और 7 छक्के शामिल थे। वह टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक लगाने से सिर्फ 7 रन दूर रह गए। उनके अलावा महेंद्र सिंह धोनी ने नाबाद 100 रन बनाए, जबकि वीवीएस लक्ष्मण ने 62 और राहुल द्रविड़ ने 74 रन का योगदान दिया।
भारत ने 163.3 ओवर में 726/9 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। इसके बाद श्रीलंका की दूसरी पारी 309 रन पर सिमट गई। भारत ने यह मुकाबला पारी और 24 रन से अपने नाम किया। वीरेंद्र सहवाग को उनकी ऐतिहासिक बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
#3. 720/9 रन वर्सेज न्यूजीलैंड (वेलिंगटन, 2026)
भारतीय टीम ने 22 नवंबर 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर इतिहास रच दिया। भारत ने पहले टेस्ट मुकाबले की अपनी पहली पारी में 720/9 रन बनाकर घोषित कर दी। यह न्यूजीलैंड की धरती पर किसी भी टीम का टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर है।
भारत की इस ऐतिहासिक पारी में केएल राहुल ने सबसे अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 290 गेंदों का सामना करते हुए 136 रन बनाए। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने 153 गेंदों पर 128 रन की आक्रामक पारी खेली। पंत ने अपनी पारी में 10 चौके और 6 छक्के लगाए।
कप्तान शुभमन गिल ने 98 रन बनाकर शतक से चूक गए, जबकि यशस्वी जायसवाल ने 85 और देवदत्त पडिक्कल ने 80 रन बनाए। ध्रुव जुरेल ने भी 79 गेंदों पर 78 रन की उपयोगी पारी खेली। भारत ने 166 ओवर बल्लेबाजी करते हुए 720/9 रन बनाए और पारी घोषित कर दी। न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए थे। इस तरह भारत को 352 रनों की विशाल बढ़त मिली।
यह भी पढ़े- केएल राहुल के बल्ले से निकला ऐतिहासिक शतक, टेस्ट क्रिकेट में बना दिया ऐसा रिकॉर्ड कि दिग्गज भी रह गए पीछे
#4. 707 रन वर्सेज श्रीलंका (कोलंबो, 2010)
भारत के सबसे बड़े टेस्ट स्कोर की सूची में चौथे स्थान पर 707 रन हैं। टीम इंडिया ने जुलाई 2010 में श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) मैदान पर यह विशाल स्कोर बनाया था। तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का यह तीसरा और आखिरी मुकाबला था। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 642/4 रन बनाकर घोषित की थी। इसके जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
इस मुकाबले में सचिन तेंदुलकर ने 203 रनों की शानदार दोहरी शतकीय पारी खेली। उनके अलावा सुरेश रैना ने 120 रन बनाकर अपने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाया। वीरेंद्र सहवाग ने 99 रन बनाए और सिर्फ एक रन से शतक से चूक गए। भारत ने अपनी पहली पारी में 225.2 ओवर बल्लेबाजी करते हुए 707 रन बनाए। हालांकि, श्रीलंका की मजबूत बल्लेबाजी और मैच में सीमित समय के कारण मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
#5. 705/7 रन वर्सेज ऑस्ट्रेलिया (सिडनी, 2004)
इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर भारत का 705/7 रन का स्कोर है, जो टीम इंडिया ने जनवरी 2004 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर बनाया था। यह बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा और आखिरी टेस्ट मुकाबला था। सचिन तेंदुलकर ने 436 गेंदों पर नाबाद 241 रन बनाए। उनकी पारी में 33 चौके शामिल थे। वहीं वीवीएस लक्ष्मण ने 298 गेंदों पर 178 रनों की शानदार पारी खेली। इसके अलावा पार्थिव पटेल ने सिर्फ 50 गेंदों पर 62 रन बनाए।सचिन और लक्ष्मण के बीच चौथे विकेट के लिए 353 रनों की शानदार साझेदारी हुई। भारत ने 187.3 ओवर में 705/7 रन बनाकर पारी घोषित कर दी।
ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 474 रन बनाए। इसके बाद भारत ने दूसरी पारी में 211/2 रन बनाकर पारी घोषित की। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए बड़ा लक्ष्य मिला, लेकिन मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।




