केएल राहुल के बल्ले से निकला ऐतिहासिक शतक, टेस्ट क्रिकेट में बना दिया ऐसा रिकॉर्ड कि दिग्गज भी रह गए पीछे
भारतीय टीम के स्टार सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। वेलिंगटन टेस्ट मैच में जबरदस्त शतक लगाकर कमाल कर दिखाया है।

KL Rahul creates history: भारतीय क्रिकेट में कुछ पारियां ऐसी होती हैं, जो सिर्फ स्कोरबोर्ड पर दर्ज नहीं होतीं, बल्कि इतिहास के पन्नों में भी अपनी जगह बना लेती हैं। न्यूजीलैंड की धरती पर एक ऐसी ही पारी देखने को मिली है। भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज बल्लेबाज केएल राहुल ने अपने बल्ले का दम दिखाते हुए टेस्ट करियर का 13वां शतक जड़ दिया। वेलिंगटन टेस्ट के तीसरे दिन राहुल ने यह खास उपलब्धि हासिल की और इसके साथ ही भारतीय क्रिकेट के इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया।
केएल राहुल ने वेलिंगटन टेस्ट में जड़ा शतक
दरअसल, केएल राहुल पहली बार न्यूजीलैंड में टेस्ट मुकाबला खेल रहे हैं। ऐसे में उनके सामने विदेशी परिस्थितियों में खुद को साबित करने की चुनौती थी। लेकिन राहुल ने धैर्य और शानदार बल्लेबाजी का परिचय देते हुए पहली ही पारी में शतक जमा दिया। उन्होंने 207 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी की। इस दौरान उनके बल्ले से सिर्फ 8 चौके और एक छक्का निकला। उनकी यह पारी बताती है कि उन्होंने आक्रामकता से ज्यादा क्रीज पर टिकने और परिस्थितियों के मुताबिक बल्लेबाजी करने पर ध्यान दिया।
SENA देशों में शतक लगाने वाले इकलौते भारतीय सलामी बल्लेबाज
इस शतक के साथ राहुल उन चुनिंदा भारतीय बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में सभी SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में शतक लगाने का कारनामा किया है। उनसे पहले यह उपलब्धि सचिन तेंदुलकर, मोहम्मद अजहरुद्दीन, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली जैसे दिग्गज भारतीय बल्लेबाज हासिल कर चुके थे।
ओपनर के तौर पर राहुल ने रचा नया इतिहास
केएल राहुल की इस उपलब्धि की सबसे खास बात यह है कि वह बतौर ओपनर सभी SENA देशों में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। भारतीय क्रिकेट के इतिहास में अब तक कोई भी ओपनर ऐसा नहीं कर पाया था। पाकिस्तान के पूर्व सलामी बल्लेबाज सईद अनवर भी उन चुनिंदा एशियाई ओपनर्स में शामिल रहे हैं, जिन्होंने इन चारों देशों में टेस्ट शतक लगाया है।
यह भी पढ़े-टी20-वनडे के बाद अब टेस्ट में भी टीम इंडिया के पीछे पड़े ग्लेन फिलिप्स, तोड़ दिया सबसे बड़ा रिकॉर्ड!
किस देश में राहुल ने कितने टेस्ट शतक लगाए?
विदेशी धरती पर केएल राहुल का रिकॉर्ड भी उनकी इस उपलब्धि को खास बनाता है। उन्होंने इंग्लैंड में सबसे ज्यादा चार टेस्ट शतक लगाए हैं। वहीं दक्षिण अफ्रीका में उनके नाम दो शतक हैं। ऑस्ट्रेलिया में 10 टेस्ट मैच खेलने के बाद उन्होंने एक शतकीय पारी खेली है, जबकि न्यूजीलैंड में अपना पहला टेस्ट शतक जड़कर उन्होंने इस खास सूची को पूरा कर लिया है।
13 शतकों के साथ कई भारतीय दिग्गजों को छोड़ा पीछे
टेस्ट क्रिकेट में यह केएल राहुल का 13वां शतक है। इस उपलब्धि के साथ वह भारत के लिए सर्वाधिक टेस्ट शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे और मुरली विजय से आगे निकल गए हैं। न्यूजीलैंड की धरती पर पहली ही टेस्ट पारी में शतक लगाना और सभी SENA देशों में सेंचुरी पूरी करना राहुल के करियर की बेहद खास उपलब्धियों में शामिल हो गया है।




