टी20-वनडे के बाद अब टेस्ट में भी टीम इंडिया के पीछे पड़े ग्लेन फिलिप्स, तोड़ दिया सबसे बड़ा रिकॉर्ड!
न्यूजीलैंड और भारत के बीच 19 नवंबर से 2 मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू हुई है, जहां न्यूजीलैंड के स्टार खिलाड़ी ग्लेन फिलिप्स ने एक बार फिर से कमाल की पारी खेली और भारत के खिलाफ एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया है।

Glenn Phillips’ performance against India in 2026: भारतीय टीम के खिलाफ न्यूजीलैंड के स्टार खिलाड़ी ग्लेन फिलिप्स का बल्ला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। टी20 और वनडे क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से भारतीय गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ाने वाले न्यूजीलैंड के इस स्टार ऑलराउंडर ने अब टेस्ट क्रिकेट में भी अपना जलवा दिखाना शुरू कर दिया है।
न्यूजीलैंड के लिए एक साल में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा रन ग्लेन फिलिप्स के नाम
भारतऔर न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर खेले जा रहे पहले टेस्ट की पहली पारी में फिलिप्स ने शानदार अर्धशतक जड़कर न सिर्फ अपनी टीम को संभाला, बल्कि एक ऐसा ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया, जो इससे पहले डेरिल मिचेल के नाम दर्ज था।
73 गेंदों में जड़ा अर्धशतक, बुमराह को भी बनाया निशाना
पहली पारी में सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे ग्लेन फिलिप्स ने शुरुआत से ही भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने महज 73 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। पारी के 51वें ओवर में जसप्रीत बुमराह की दूसरी गेंद पर चौका लगाकर उन्होंने अपना पचासा पूरा किया और अगली ही गेंद पर एक और बाउंड्री जड़ दी। उनकी इस पारी ने न्यूजीलैंड को मुश्किल परिस्थिति से उबारने में अहम भूमिका निभाई। पहले दिन का खेल खत्म होने तक ग्लेन फिलिप्स ने 182 गेंदों में 94 रन बना लिए हैं और वो शतक के करीब खड़े हैं।
डेरिल मिचेल को पछाड़कर रचा ऐतिहासिक कीर्तिमान
फिलिप्स की इस पारी की सबसे बड़ी खासियत उनका नया रिकॉर्ड रहा। अर्धशतक के दौरान अपना दसवां चौका लगाते ही उन्होंने साल 2026 में भारत के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में 756 रन पूरे कर लिए। इसी के साथ वह एक कैलेंडर ईयर में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले न्यूजीलैंड के बल्लेबाज बन गए।
इस मामले में उन्होंने अपने साथी डेरिल मिचेल को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2026 में भारत के खिलाफ 17 पारियों में 754 रन बनाए थे। अब फिलिप्स 756 रनों के साथ इस सूची में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं।
टी20, वनडे और टेस्ट तीनों में भारत के खिलाफ धमाका
ग्लेन फिलिप्स के 2026 के प्रदर्शन पर नजर डालें तो भारतीय टीम के खिलाफ उनका दबदबा साफ दिखाई देता है। उन्होंने इस साल 11 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 58 की औसत से 522 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और चार अर्धशतक निकले।
यह भी पढ़े- 2026 का पहला टेस्ट खेलते ही जसप्रीत बुमराह का ऐतिहासिक धमाका, जवागल श्रीनाथ को पछाड़कर रचा बड़ा रिकॉर्ड
वहीं, छह वनडे मुकाबलों की पांच पारियों में उन्होंने एक शतक की मदद से 180 रन बनाए। अब टेस्ट क्रिकेट में भी उन्होंने अर्धशतक लगाकर भारतीय गेंदबाजों की परेशानी बढ़ा दी है। इस तरह तीनों फॉर्मेट में फिलिप्स का प्रदर्शन भारत के खिलाफ बेहद प्रभावशाली रहा है।
गॉर्डन ग्रीनिज का रिकॉर्ड अभी भी बरकरार
हालांकि, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी एक कैलेंडर ईयर में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड अभी भी वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज गॉर्डन ग्रीनिज के नाम है। उन्होंने 1983 में भारत के खिलाफ 22 मैचों की 28 पारियों में 1,337 रन बनाए थे।
फिलिप्स के लिए इस वैश्विक रिकॉर्ड तक पहुंचना अभी बड़ी चुनौती है, लेकिन न्यूजीलैंड के लिए वह पहले ही इतिहास रच चुके हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि वेलिंगटन टेस्ट की बाकी पारी और आने वाले मुकाबलों में फिलिप्स अपने रनों का आंकड़ा कहां तक पहुंचाते हैं।




