विराट कोहली ने रचा इतिहास, वनडे क्रिकेट में हासिल किया ऐसा मुकाम जो आज तक कोई नहीं छू सका!
भारतीय टीम की रन मशीन विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में खेले जा रहे पहले मैच में अपने वनडे करियर का एक खास कीर्तिमान अपने नाम हासिल किया है।

Special ODI milestone for Virat Kohli: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने इंटरनेशनल करियर में एक और मुकाम हासिल कर लिया है। रिकॉर्ड किंग विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में खेले जा रहे पहले वनडे मैच में नंबर-3 पर ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो अब तक वनडे क्रिकेट इतिहास में कोई नहीं कर सका है।
विराट कोहली ने वनडे में नंबर-3 पर पूरे किए 13 हजार रन का माइल स्टोन
टीम इंडिया के रन मशीन विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में एक ऐसा ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लिया है, जहां तक पहुंचने का सपना दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाज देखते हैं। कोहली अब वनडे में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 13,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। और इसके साथ ही उनके करियर में एक और खास उपलब्धि जुड़ गई है।
नंबर-3 पर कोहली की बादशाहत, रिकी पोंटिंग भी छूटे पीछे
विराट कोहली की इस उपलब्धि की सबसे खास बात यह है कि उन्होंने यह मुकाम किसी एक सीरीज या कुछ शानदार पारियों के दम पर नहीं, बल्कि सालों की निरंतरता और बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर हासिल किया है। नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए कोहली ने हर परिस्थिति में टीम इंडिया के लिए जिम्मेदारी संभाली है। चाहे लक्ष्य का पीछा करना हो या मुश्किल परिस्थितियों में पारी को संभालना, कोहली ने इस क्रम पर बार-बार अपनी उपयोगिता साबित की है।
यह भी पढ़े- अंशुल कंबोज का ऐसा कमबैक, दिग्गज बिशन सिंह बेदी के 50 साल पुराने रिकॉर्ड की याद हुई ताजा
इस रिकॉर्ड के साथ कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज रिकी पोंटिंग को भी पीछे छोड़ दिया है। पोंटिंग ने वनडे क्रिकेट में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 12,662 रन बनाए थे, जबकि कोहली अब इस आंकड़े को पार कर 13 हजार रन के ऐतिहासिक क्लब में पहुंच गए हैं। इस सूची में कुमार संगकारा 9,747 रनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी है निशाने पर
दिलचस्प बात यह है कि वनडे क्रिकेट में किसी एक बल्लेबाजी क्रम पर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अभी भी सचिन तेंदुलकर के नाम है। सचिन ने बतौर ओपनर 15,310 रन बनाए थे। अब कोहली ने नंबर-3 पर 13 हजार रनों का आंकड़ा पार करके एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है।
विराट कोहली पहले ही वनडे क्रिकेट में 15 हजार रन पूरे करने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन चुके हैं। वह इस प्रारूप में सबसे तेज 13 हजार, 14 हजार और 15 हजार रन पूरे करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम रखते हैं। ऐसे में किंग कोहली की यह उपलब्धि एक बार फिर साबित करती है कि वनडे क्रिकेट में उनकी बादशाहत कितनी मजबूत रही है।




