ताजा खबर

अब बल्ले से नहीं चलेगी बल्लेबाजों की चालाकी! ICC लाया नया नियम, मैदान पर होगी बैट की चेकिंग

ICC New Rule: टी20 क्रिकेट में लगातार बढ़ते छक्कों और बल्लेबाजों के दबदबे के बीच आईसीसी एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। अब अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी खिलाड़ियों के बल्लों की रैंडम जांच की जाएगी। इसके लिए बैट गेज का इस्तेमाल होगा।

KK
द्वाराKalpesh Kalal
प्रकाशित 3 मिनट पढ़ें
ICC’s New Rule for Bats
ICC’s New Rule for Bats

ICC’s New Rule for Bats: मॉर्डन डे क्रिकेट में बल्लेबाजों का दबदबा लगातार बढ़ता जा रहा है। खासकर टी20 फॉर्मेट में छक्कों की बढ़ती संख्या ने गेंदबाजों के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। बल्लेबाज अब मैदान के किसी भी कोने में बड़े शॉट खेलने की क्षमता रखते हैं। इसके पीछे बेहतर तकनीक, फिटनेस और पावर-हिटिंग का बड़ा योगदान है। वहीं, छोटी होती बाउंड्री और बल्लेबाजों के अनुकूल परिस्थितियां भी इस बदलाव की अहम वजह मानी जाती हैं। हालांकि, पिच का मिजाज काफी हद तक परिस्थितियों पर निर्भर करता है, लेकिन बल्ले के आकार को लेकर अब आईसीसी सख्ती करने की तैयारी में है।

IPL के बाद अब इंटरनेशनल क्रिकेट में भी होगी बैट गेज से जांच

बल्लेबाजों के बढ़ते दबदबे को सीमित करने और बल्लों के निर्धारित आकार से छेड़छाड़ की आशंका को खत्म करने के लिए आईसीसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बैट गेज जांच लागू करने जा रही है। इसके तहत मैच अधिकारी खिलाड़ियों के बल्लों की रैंडम जांच करेंगे। बल्लेबाज को क्रीज पर उतरने से पहले अपना बल्ला एक विशेष मापने वाले यंत्र यानी बैट गेज से गुजारना पड़ सकता है। अगर बल्ला निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरता है, तो खिलाड़ी को उसका इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं मिलेगी। गौरतलब है कि इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में इस व्यवस्था की शुरुआत की गई थी।

हमें अपने विश्वसनीय स्रोत के रूप में जोड़ेंहमारी कवरेज सबसे पहले पाने के लिए Google पर Cricket Winner को फ़ॉलो करें।
★ Cricket Winner जोड़ें

सौरव गांगुली की अध्यक्षता वाली समिति की सिफारिश को मिली मंजूरी

‘हिंदुस्तान टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, बैट गेज लागू करने का प्रस्ताव सौरव गांगुली की अध्यक्षता वाली आईसीसी क्रिकेट समिति की सिफारिशों में शामिल था। हाल ही में बाली में हुई बैठक के दौरान आईसीसी की मुख्य कार्यकारी समिति (CEC) ने इस प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। ऐसे में माना जा रहा है कि जल्द ही अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी इस व्यवस्था को लागू किया जा सकता है। हालांकि, इसके लागू होने की सटीक तारीख को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

बल्ले के आकार को लेकर MCC के नियम क्या कहते हैं?

मौजूदा समय में एमसीसी के नियम 5 के अनुसार बल्ले का आकार निर्धारित सीमाओं के भीतर होना जरूरी है। इसके तहत बल्ले के किनारों की अधिकतम मोटाई 1.56 इंच, गहराई 2.64 इंच और चौड़ाई 4.25 इंच तक हो सकती है। इन मानकों का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बल्लेबाज नियमों से बाहर जाकर उपकरणों का अनुचित फायदा न उठा सके। बैट गेज के जरिए इन्हीं निर्धारित सीमाओं की जांच करना आसान होगा।

यह भी पढ़े- प्रियांश आर्या के 181 रन से T20 क्रिकेट में तहलका! एक ही पारी में तोड़ डाले कई बड़े रिकॉर्ड

IPL में छक्कों की संख्या ने बढ़ाई चिंता

आईपीएलके आंकड़े भी टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजों के बढ़ते दबदबे की कहानी बयां करते हैं। पिछले सीजन में प्रति मैच औसतन 19.27 छक्के लगे, जबकि 2008 के पहले सीजन में यह आंकड़ा महज 8.88 छक्के प्रति मैच था। यानी करीब दो दशक में छक्कों की संख्या दोगुने से भी ज्यादा हो गई है। इसमें खिलाड़ियों की बेहतर पावर-हिटिंग और आधुनिक ट्रेनिंग का बड़ा योगदान है। हालांकि, उपकरणों के संभावित दुरुपयोग की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। ऐसे में आईसीसी का यह कदम बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच संतुलन बनाए रखने की दिशा में अहम साबित हो सकता है।

हमें फॉलो करें9M+ fans across platforms

लेखक के बारे में

KK
लेखक

Kalpesh Kalal

admin · 623 लेख
“

विजेता का नाम घोषित करना मेरा काम नहीं है

रोहित शर्मा, 2019 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड को खिताब देने पर सवाल के जवाब में