IPL 2027 Auction: इस इंग्लिश गेंदबाज पर लग सकती है करोड़ों की बोली, ऑक्शन से पहले दो टीमों में छिड़ी जंग!
आईपीएल 2027 का मिनी ऑक्शन अगले महीने 16 तारीख को गोवा में होगा। इससे पहले सभी फ्रेैंचाइजी तैयारियों में जुटी हैं, जहां इंग्लैंड के एक युवा तेज गेंदबाज को लेकर कुछ फ्रेंचाइजी रेस लगा सकती हैं।

IPL 2027 Auction English Bowler Sonny Baker: IPL 2027 के मिनी ऑक्शन की तैयारियां तेज हो गई हैं। 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी में कई बड़े नामों पर बोली लगने वाली है। इस बार कुछ फ्रेंचाइजियों ने बड़े खिलाड़ियों को रिलीज कर अपना पर्स मजबूत किया है, तो वहीं कुछ टीमें अपनी गेंदबाजी को धार देने के इरादे से ऑक्शन में उतरेंगी। इसी बीच इंग्लैंड के एक युवा तेज गेंदबाज ने नीलामी में उतरने का फैसला किया है, जिसको लेकर अभी से दो IPL फ्रेंचाइजियों के बीच दिलचस्पी देखने को मिल रही है। माना जा रहा है कि ऑक्शन में इस गेंदबाज पर बड़ी बोली लग सकती है।
IPL 2027 ऑक्शन का हिस्सा बनेंगे सोनी बेकर
दरअसल, इंग्लैंड के 23 वर्षीय तेज गेंदबाज सोनी बेकर ने IPL 2027 के मिनी ऑक्शन के लिए अपना नाम रजिस्टर कराने का फैसला किया है। ESPNcricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक, बेकर आगामी नीलामी का हिस्सा बनेंगे। उन्होंने सितंबर 2025 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्हें इंग्लैंड की तरफ से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला।
अब टॉप लेवल क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने के बाद सोनी बेकर दुनिया की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग यानी IPL में खेलने के लिए तैयार हैं। युवा होने के साथ-साथ उनकी तेज गेंदबाजी को लेकर भी काफी चर्चा है। यही वजह है कि नीलामी से पहले ही कई फ्रेंचाइजियों की नजरें उन पर टिक गई हैं।
यह भी पढ़े- IND vs NZ: दूसरे टेस्ट से पहले न्यूजीलैंड को लगा तगड़ा झटका! टीम का स्टार गेंदबाज हुआ बाहर, बढ़ी मुश्किलें
लखनऊ और पंजाब के बीच हो सकती है टक्कर
रिपोर्ट के मुताबिक, लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और पंजाब किंग्स (PBKS) सोनी बेकर को अपनी टीम में शामिल करने में दिलचस्पी दिखा रही हैं। दोनों फ्रेंचाइजियों को अपनी तेज गेंदबाजी मजबूत करने के लिए विदेशी विकल्प की तलाश है।
पंजाब किंग्स की बात करें तो टीम को अर्शदीप सिंह के जाने के बाद तेज गेंदबाजी में एक अच्छे विकल्प की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में सोनी बेकर उनके लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। दूसरी तरफ लखनऊ सुपर जायंट्स को भी विदेशी तेज गेंदबाज की जरूरत है। खास बात यह है कि सोनी बेकर लखनऊ की द हंड्रेड फ्रेंचाइजी मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के लिए भी खेलते हैं। ऐसे में फ्रेंचाइजी को उनकी गेंदबाजी और क्षमताओं की जानकारी पहले से है।
हालांकि, सिर्फ लखनऊ और पंजाब ही नहीं, दूसरी टीमें भी इस युवा इंग्लिश गेंदबाज को खरीदने के लिए बोली लगा सकती हैं। अगर ऐसा होता है तो ऑक्शन में उनके लिए फ्रेंचाइजियों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिल सकती है।
पूरे IPL सीजन के लिए उपलब्ध रहेंगे सोनी बेकर
सोनी बेकर की मांग बढ़ने की एक बड़ी वजह उनकी उपलब्धता भी है। इंग्लैंड क्रिकेट ने अपने खिलाड़ियों को IPL के लिए उपलब्ध रहने की अनुमति दी है। पिछले सप्ताह इंग्लैंड के सीमित ओवरों के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम ने भी स्पष्ट किया था कि इंग्लैंड के किसी खिलाड़ी को IPL 2027 के समापन से पहले वापस नहीं बुलाया जाएगा।
दरअसल, मई में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच वनडे सीरीज खेली जानी है। इसके बावजूद इंग्लैंड के खिलाड़ियों को पूरा IPL सीजन खेलने की अनुमति मिलने से फ्रेंचाइजियों के लिए विदेशी खिलाड़ियों को चुनना आसान हो सकता है। सोनी बेकर भी पूरे सीजन के लिए उपलब्ध रहेंगे, जिससे ऑक्शन में उनकी दावेदारी और मजबूत हो सकती है।
एशेज की तैयारी के लिए इन इंग्लिश खिलाड़ियों ने बनाई दूरी
एक तरफ सोनी बेकर समेत इंग्लैंड के कई खिलाड़ी IPL 2027 में खेलने के लिए तैयार हैं, वहीं कुछ खिलाड़ियों ने एशेज की तैयारियों को प्राथमिकता देने का फैसला किया है। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोश टंग अगले IPL सीजन के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। उनके अलावा हेनरी क्रोकॉम्ब ने भी नीलामी से दूरी बनाने का फैसला किया है और वह काउंटी चैंपियनशिप में खेलते नजर आएंगे।