टीम इंडिया के लिए आई बुरी खबर! गंभीर एंड कंपनी के इस खास शख्स ने अचानक दिया इस्तीफा
भारतीय क्रिकेट टीम 13 सितंबर से अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज खेलने जा रही है और इससे ठीक पहले कोचिंग स्टाफ के एक खास सदस्य ने बीसीसीआई को इस्तीफा सौंप दिया।

Team India coaching staff member resigns: भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका दौरा खत्म करने के बाद छोटे से ब्रेक पर है और कुछ ही दिनों में अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज की शुरुआत करने वाली है। 13 सितंबर से भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज शुरू होने को है और इससे ठीक पहले भारतीय क्रिकेट टीम को एक बहुत ही करारा झटका लगा है।
टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका, खास शख्स से छोड़ा साथ
अफगानिस्तान सीरीज की तैयारियों के बीच भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ से जुड़ी एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने अचानक हलचल बढ़ा दी है। खास बात यह है कि यह पहली बार नहीं है, जब हाल के दिनों में टीम इंडिया के कोचिंग स्टाफ से कोई बड़ा नाम अलग हुआ हो। इससे पहले सहायक कोच रायन टेन डोइशे और फील्डिंग कोच टी. दिलीप भी टीम इंडिया का साथ छोड़ चुके हैं। अब इसी कड़ी में एक और अहम शख्स ने बीसीसीआई को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
टीम इंडिया के फिजियो कमलेश जैन ने BCCI को सौंपा इस्तीफा
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, टीम इंडिया के फिजियो कमलेश जैन ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। हालांकि, बोर्ड ने अभी तक उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है और जैन फिलहाल अपना तीन महीने का नोटिस पीरियड पूरा कर रहे हैं। वह इस समय नई दिल्ली में टीम इंडिया के साथ मौजूद हैं, जहां अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के तीनों मुकाबले खेले जाने हैं। रिपोर्ट के अनुसार, न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में कमलेश जैन आखिरी बार भारतीय टीम के साथ नजर आ सकते हैं।
यात्रा और पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण लिया फैसला
बताया जा रहा है कि टीम इंडिया के साथ फिजियो के तौर पर काम करने में लगातार होने वाली यात्राओं के कारण कमलेश जैन ने यह फैसला लिया है। इसके अलावा पारिवारिक जिम्मेदारियों को भी उनके इस फैसले की एक बड़ी वजह माना जा रहा है। हालांकि, BCCI की तरफ से अभी तक उनके इस्तीफे या इसके पीछे की वजह को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जैन ने जून 2022 में राहुल द्रविड़ के मुख्य कोच रहते टीम इंडिया के साथ बतौर फिजियो काम शुरू किया था और करीब साढ़े चार साल तक भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा रहे।
यह भी पढ़े- दिलीप ट्रॉफी फाइनल में वैभव को मिली कम फीस, शमी-ईशान को ज्यादा क्यों?
टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ में लगातार तीसरा बड़ा बदलाव
कमलेश जैन का जाना भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ में हाल के दिनों में होने वाला तीसरा बड़ा बदलाव होगा। टीम इंडिया के यूके दौरे के बाद फील्डिंग कोच टी. दिलीप ने अपना पद छोड़ दिया था, जबकि लगभग इसी दौरान सहायक कोच रायन टेन डोइशे ने भी इस्तीफा दे दिया था। डोइशे इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़ चुके हैं। कमलेश जैन भी इससे पहले KKR के साथ काम कर चुके हैं और उन्होंने नितिन पटेल की जगह टीम इंडिया के फिजियो की जिम्मेदारी संभाली थी। अब करीब साढ़े चार साल बाद उनके टीम इंडिया से अलग होने की खबर ने सपोर्ट स्टाफ में लगातार हो रहे बदलाव को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।




