ताजा खबर

IPL में सबसे ज्यादा बार 20+ विकेट लेने वाले गेंदबाज, भुवनेश्वर कुमार ने मलिंगा-बुमराह की बराबरी की

IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा बार 20 या उससे ज्यादा विकेट लेने के मामले में भुवनेश्वर कुमार ने लसिथ मलिंगा और जसप्रीत बुमराह की बराबरी की।

Abhay Kumar
द्वाराAbhay Kumar
प्रकाशित 3 मिनट पढ़ें
Bhuvneshwar Kumar achieves fourth IPL season with 20 plus wickets
Bhuvneshwar Kumar achieves fourth IPL season with 20 plus wickets

Most IPL seasons with 20+ wickets: इंडियन प्रीमियर लीग में गेंदबाजों के लिए सफल होना काफी मुश्किल माना जाता है, क्योंकि फ्लैट पिचों के साथ-साथ बाउंड्री भी अक्सर छोटी होती हैं। इसी वजह से बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिलता है, जबकि गेंदबाजों को लगातार संघर्ष करना पड़ता है। इम्पैक्ट प्लेयर रूल लागू होने के बाद यह चुनौती और बढ़ गई है, क्योंकि टीमें अब एक अतिरिक्त बल्लेबाज के साथ मैदान पर उतरती हैं। इससे टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों को शुरुआत से ही निडर होकर खुलकर खेलने का लाइसेंस मिल जाता है।

यही वजह है कि ज्यादातर गेंदबाज इस नियम के खिलाफ नजर आते हैं। हालांकि, कुछ गेंदबाज ऐसे भी हैं, जिन्होंने इस दौर में भी अपनी धाक जमाई है और उनमें एक नाम अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का है। आईपीएल 2026 में जहां लगातार हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। वहीं, भुवनेश्वर पुराने रंग में नजर आ रहे हैं और बल्लेबाजों के लिए बड़ी परेशानी बने हुए हैं। इस सीजन भुवी ने अब तक 20 से ज्यादा विकेट लेकर पर्पल कैप पर कब्जा जमा रखा है। 

RCB vs MI मैच में चार विकेट लेकर भुवनेश्वर कुमार ने हासिल की पर्पल कैप

रायपुर में खेले गए आईपीएल 2026 के 54वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना मुंबई इंडियंस से हुआ। रोहित शर्मा की मौजूदगी में MI का टॉप ऑर्डर काफी मजबूत नजर आ रहा था, लेकिन भुवनेश्वर कुमार अलग ही इरादे से मैदान पर उतरे। उन्होंने एक के बाद एक मुंबई को झटके दिए।

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने सबसे पहले रयान रिकेल्टन को चलता किया, जो सिर्फ 2 रन बना पाए। इसके बाद उनका अगला शिकार रोहित शर्मा बने, जो 10 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए। फिर भुवी ने मुंबई के कार्यवाहक कप्तान सूर्यकुमार यादव को खाता खोलने का मौका भी नहीं दिया। बाद में उन्होंने तिलक वर्मा का अहम विकेट भी चटकाया, जिन्होंने 57 रन बनाए।

इस तरह भुवनेश्वर ने चार ओवर में 23 रन देकर 4 विकेट झटके और आईपीएल के मौजूदा सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में पहले स्थान पर पहुंच गए। इसी वजह से उनके सिर पर पर्पल कैप सज गई।

IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा बार 20+ विकेट लेने वाले संयुक्त रूप से दूसरे गेंदबाज

भुवनेश्वर कुमार के नाम आईपीएल 2026 में अब 21 विकेट हो गए हैं। यह चौथा मौका है, जब उन्होंने एक सीजन में 20 या उससे ज्यादा विकेट हासिल किए हैं। इस मामले में उन्होंने लसिथ मलिंगा और जसप्रीत बुमराह की बराबरी कर ली है।

मलिंगा ने 2011, 2012, 2013 और 2015 के सीजन में यह कारनामा किया था, जबकि बुमराह ने 2017, 2020, 2021 और 2024 में 20+ विकेट लिए थे। वहीं, भुवनेश्वर ने मौजूदा सीजन से पहले 2014, 2016 और 2017 में ऐसा किया था। इस तरह इन तीनों गेंदबाजों ने चार-चार बार किसी आईपीएल सीजन में 20 या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा किया है।

यह भी पढ़ें: RCB की जीत के बाद हेड कोच Andy Flower पर लगा जुर्माना, चौथे अंपायर से बहस पड़ी भारी; जानें पूरा मामला

इस मामले में सबसे आगे लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल हैं, जिन्होंने 2015, 2016, 2020, 2022 और 2023 यानी कुल पांच सीजन में 20+ विकेट हासिल किए।

हमें फॉलो करें9M+ fans across platforms

लेखक के बारे में

Abhay Kumar
लेखक

Abhay Kumar

admin · 287 लेख

मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।

“

विजेता का नाम घोषित करना मेरा काम नहीं है

रोहित शर्मा, 2019 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड को खिताब देने पर सवाल के जवाब में