इतिहास के पन्नों में दर्ज हुआ राशिद खान का नाम, टी20 इंटरनेशनल में हासिल की सबसे बड़ी उपलब्धि
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अफगानिस्तान के स्टार मिस्ट्री गेंदबाज राशिद खान ने एक खास कारनामा कर दिखाया है। वो दुनिया के ऐसा करने वाले इकलौते गेंदबाज बन गए हैं।

Rashid Khan creates history in T20 Internationals: अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान ने क्रिकेट की दुनिया में एक ऐसा इतिहास रच दिया है, जिसे हासिल करना किसी भी गेंदबाज के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। अपनी फिरकी से दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाजों को परेशान करने वाले राशिद खान अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की। इसके साथ ही राशिद ने एक बार फिर साबित कर दिया कि छोटे फॉर्मेट में उनकी बादशाहत कितनी मजबूत है।
जिम्बाब्वे के खिलाफ ऐसे पूरा हुआ 200 विकेट का सफर
राशिद खान ने यह ऐतिहासिक मुकाम गुरुवार, 29 अक्टूबर को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में हासिल किया। जिम्बाब्वे की पारी के नौवें ओवर में राशिद ने विकेटकीपर बल्लेबाज तदिवानाशे मारुमानी को एलबीडब्ल्यू आउट किया। मारुमानी महज 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे और इसी विकेट के साथ राशिद के नाम टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 विकेट पूरे हो गए।
200 T20I विकेट पूरे करने वाले राशिद खान इकलौते गेंदबाज
दिलचस्प बात यह है कि राशिद खान ने यह कारनामा अपने 120वें टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में किया। वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज हैं। उनकी गेंदबाजी की सबसे बड़ी खासियत विकेट लेने के साथ-साथ रन गति पर अंकुश लगाना भी रही है। इस फॉर्मेट में उनके नाम दो बार पांच विकेट लेने का कारनामा भी दर्ज है और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5 विकेट देकर महज 3 रन रहा है।
यह भी पढ़े- IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस में भूचाल! लसिथ मलिंगा समेत 3 दिग्गजों की छुट्टी
दूसरे पर खड़े आदिल रशीद हैं काफी दूर
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में राशिद खान ने बाकी गेंदबाजों को काफी पीछे छोड़ दिया है। इंग्लैंड के आदिल राशिद 171 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं हांगकांग के एहसान खान और न्यूजीलैंड के ईश सोढ़ी भी इस सूची में शामिल हैं। राशिद और दूसरे नंबर के गेंदबाज के बीच 29 विकेट का अंतर है। यह आंकड़ा बताता है कि अफगानिस्तान के इस स्पिनर ने कितने लंबे समय तक लगातार शानदार प्रदर्शन किया है।




