IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस में भूचाल! लसिथ मलिंगा समेत 3 दिग्गजों की छुट्टी
आईपीएल के अगले साल होने वाले सीजन को लेकर टीमें इन दिनों तैयारी में लगी हैं। मिनी ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस के कोचिंग स्टाफ में लसिथ मलिंगा सहित 3 दिग्गजों की छुट्टी कर दी गई है।

Mumbai Indians Coaching Staff:आईपीएल 2027 से पहले पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने ऐसा फैसला लिया है, जिसने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। आगामी सीजन के लिए खिलाड़ियों की रिटेंशन और रिलीज लिस्ट जारी होने से पहले ही फ्रेंचाइजी ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव कर दिया है। टीम ने तीन दिग्गजों से नाता तोड़ लिया है, जबकि हेड कोच की जिम्मेदारी भी नए चेहरे को सौंप दी गई है।
मलिंगा समेत तीन दिग्गज अब MI का हिस्सा नहीं
मुंबई इंडियंस ने गुरुवार, 29 अक्टूबर को ऐलान किया कि गेंदबाजी कोच लसिथ मलिंगा, पारस म्हाम्ब्रे और फील्डिंग कोच कार्ल होपकिंसन आगामी सीजन में टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा नहीं होंगे। इन तीनों की विदाई के साथ ही फ्रेंचाइजी ने अपने सपोर्ट स्टाफ में बड़े बदलाव के संकेत दे दिए हैं।
मुंबई इंडियंस ने एक बयान जारी कर कहा,
"मुंबई इंडियंस यह घोषणा करती है कि लसिथ मलिंगा, पारस म्हाम्बे और कार्ल होपकिंसन अब पुरूष टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा नहीं हैं. टीम के लिए उनके योगदान, सेवा और प्रतिबद्धता के लिए हम उन सभी को धन्यवाद देते हैं।"
लसिथ मलिंगा मुंबई इंडियंस के रहे हैं दिग्गज खिलाड़ी
लसिथ मलिंगा मुंबई इंडियंस के सबसे चर्चित चेहरों में शामिल रहे हैं। खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई और बाद में गेंदबाजी कोच के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं। ऐसे में उनका अलग होना फ्रेंचाइजी के लिए एक बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, पारस म्हाम्ब्रे और कार्ल होपकिंसन भी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के जरिए टीम के साथ जुड़े हुए थे।
यह भी पढ़े- रणजी में पंजाब किंग्स के खिलाड़ी का हैरतअंगेज कमाल, 35 साल पुराने रवि शास्त्री के रिकॉर्ड की बराबरी
महेला जयवर्धने की जगह कीरोन पोलार्ड को कमान
मुंबई इंडियंस ने केवल सपोर्ट स्टाफ में ही बदलाव नहीं किया है, बल्कि हेड कोच की जिम्मेदारी भी बदल दी है। महेला जयवर्धने की जगह अब कीरन पोलार्ड टीम की कमान संभालेंगे। पोलार्ड लंबे समय तक मुंबई के लिए खेल चुके हैं और फ्रेंचाइजी की कई खिताबी सफलताओं का हिस्सा रहे हैं।
आईपीएल 2027 के लिए यह बदलाव मुंबई इंडियंस की नई रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि नए कोचिंग सेटअप के साथ टीम आगामी सीजन में कैसा प्रदर्शन करती है और क्या एक बार फिर खिताब जीतने में सफल हो पाती है।




