भारतीय टीम का ऐलान, तिलक वर्मा को मिली कमान,सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा भी टीम में शामिल, देखें पूरा स्क्वाड
ACC राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के लिए भारत-ए की टीम का ऐलान कर दिया गया है। जिसमें तिलक वर्मा टीम के कप्तान होंगे तो वहीं अभिषेक-वैभव भी टीम का हिस्सा हैं।

India A Squad for Rising Stars Asia Cup 2026: ACC मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। कतर की राजधानी दोहा में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए भारत ने 15 सदस्यीय टीम चुनी है। इस टीम में युवा प्रतिभाओं के साथ-साथ आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बना चुके कई बड़े नाम शामिल हैं। सबसे खास बात यह है कि टीम में वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा और रिंकू सिंह जैसे विस्फोटक बल्लेबाजों को जगह मिली है। वहीं, टीम की कमान तिलक वर्मा के हाथों में सौंपी गई है।
तिलक वर्मा को मिली कप्तानी, रजत पाटीदार उपकप्तान
भारतीय टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को दी गई है। वहीं, आईपीएल में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। दोनों खिलाड़ियों के पास बड़े स्तर पर क्रिकेट खेलने का अनुभव है और उनकी मौजूदगी से टीम को मजबूती मिलेगी।
वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा की जोड़ी का दिखेगा जलवा
बल्लेबाजी विभाग में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी और रिंकू सिंह जैसे आक्रामक खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। अभिषेक अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाते हैं, जबकि कम उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी प्रतिभा से क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा है। रिंकू सिंह भी अपनी फिनिशिंग क्षमता के दम पर टीम के लिए अहम साबित हो सकते हैं।
विकेटकीपिंग से लेकर ऑलराउंडर तक, टीम में कई विकल्प
विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र संभालेंगे। दोनों ही खिलाड़ी बल्लेबाजी में भी उपयोगी योगदान देने की क्षमता रखते हैं। ऑलराउंडर विभाग में सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, हर्ष दुबे और तनुष कोटियन को जगह मिली है। ये खिलाड़ी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। वहीं, विप्रज निगम भी टीम में शामिल हैं, जो अपनी गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी में योगदान देने की क्षमता रखते हैं।
यह भी पढ़े- एक ही साल में एक टीम के खिलाफ रनों का अंबार, जानें टॉप-3 बल्लेबाजों के नाम
हर्षित राणा की वापसी, आईपीएल के युवा गेंदबाज भी शामिल
गेंदबाजी आक्रमण में हर्षित राणा सबसे चर्चित नामों में से एक हैं। उनके अलावा प्रिंस यादव और अरशद खान को भी 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। टीम में तेज गेंदबाजी और स्पिन के अच्छे विकल्प मौजूद हैं, जिससे परिस्थितियों के अनुसार प्लेइंग इलेवन तैयार करने में मदद मिल सकती है।
भारत-ए का स्क्वाड
तिलक वर्मा (कप्तान), रजत पाटीदार (उपकप्तान), प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर) अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), शहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियान, अरशद खान, हर्षित राणा, प्रिंस यादव