टी20 इंटरनेशनल में अभिषेक शर्मा की बादशाहत खत्म, खुद के साथी ने छिना नंबर-1 का ताज
आईसीसी ने बुधवार, 1 जलाई को ताजा रैकिंग जारी की। जिसमें भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का टी20 रैंकिंग में नंबर-1 का ताज छिन गया है।

Latest ICC T20 International Rankings: भारत और इंग्लैंड के बीच शुरू हो रही 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल टी20 सीरीज से ठीक पहले टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को करारा झटका लगा है। बाएं हाथ के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की लंबे समय से चली आ रही टी20 इंटरनेशनल की बादशाहत खत्म हो गई है।
आईसीसी टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में अभिषेक शर्मा का ताज छिना
भारतीय टीम के युवा खिलाड़ी अभिषेक शर्मा का टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग का नंबर-1 का ताज छिन गया है। सबसे खास बात ये है कि इस बल्लेबाज का पहला स्थान छिन ले जाने वाला खिलाड़ी और कोई नहीं बल्कि उनके ही साथी बल्लेबाज ईशान किशन हैं।
ईशान किशन बने टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग के नए बादशाह
विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन पिछले कुछ समय से लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और उन्हें अपने बेहतरीन खेल के दम पर आईसीसी टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में नंबर-1 का ताज हासिल हुआ है। बुधवार को आईसीसी ने ताजा रैंकिंग जारी की। जिसमें ईशान किशन 876 पॉइंट्स के साथ नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बन गए हैं।
ठीक 1 साल बाद अभिषेक शर्मा का दबदबा हुआ खत्म
अभिषेक शर्मा पिछले एक साल से टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में पहले स्थान पर काबिज थे। उन्होंने 30 जून 2025 को ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड को हटाकर नंबर-1 का ताज हासिल किया था। लेकिन ठीक 12 महीनों के बाद अभिषेक शर्मा की बादशाहत को उनके ही आईपीएल और टीम इंडिया के साथी खिलाड़ी ईशान किशन ने खत्म किया। अब ये बाएं हाथ का बल्लेबाज 1 स्थान खिसक कर दूसरे स्थान पर चला गया है।
गेंदबाजी में राशिद खान नंबर-1, वरुण चक्रवर्ती को 1 स्थान का नुकसान
नई रैंकिंग के हिसाब से अभिषेक शर्मा 869 अंकों के साथ दूसरे और पाकिस्तान के बल्लेबाज साहिबजादा फरहान 848 अंक लेकर तीसरे स्थान पर हैं। वहीं गेंदबाजी में अफगानिस्तान के फिरकी गेंदबाज राशिद खान पहले स्थान पर मौजूद हैं। पाकिस्तान के अबरार अहमद ने भारत के वरुण चक्रवर्ती को बेदखल कर दूसरा स्थान हासिल कर लिया है, तो वहीं चक्रवर्ती 1 स्थान के नुकसान के साथ तीसरे स्थान पर चले गए हैं।
टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाजों की बात करें तो ईशान किशन भारत के चौथे बल्लेबाज बने हैं, जिन्होंने ये खास मुकाम हासिल किया है। इससे पहले विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा नंबर-1 का स्थान हासिल कर चुके हैं।




