IPL 2026: कल का PBKS vs DC मैच किसने जीता? धर्मशाला में सबसे बड़ा टारगेट हुआ चेज
IPL 2026 में कल खेले गए PBKS vs DC मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हराकर धर्मशाला में सबसे बड़े टारगेट को सफलतापूर्वक चेज करने का रिकॉर्ड बनाया।

Who won yesterday's PBKS vs DC Match: 11 मई को धर्मशाला में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 55वां मैच पंजाब किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स हुआ। इस मैच में दिल्ली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब को 3 विकेट से हराया और खुद प्लेऑफ की रेस में बरकरार रखा है। घरेलू मैदान पर पंजाब किंग्स ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 210 रन बनाए, जिसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 19 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 216 रन बनाकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।
PBKS vs DC मैच में रन चेज के दौरान दिल्ली कैपिटल्स की जीत के दो सबसे बड़े नायक कप्तान अक्षर पटेल (56) और डेविड मिलर (51) रहे। इन दोनों ने आक्रामक अंदाज में अर्धशतक जड़े और आखिरी के लिए ज्यादा रन नहीं छोड़े। इसके बाद, 22 वर्षीय माधव तिवारी (18*) ने कमाल किया और दिल्ली की बिना किसी परेशानी के लक्ष्य हासिल करने में मदद की।
प्रियांश और श्रेयस के अर्धशतक के दम पर पंजाब ने बनाया 210 का स्कोर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स की शुरुआत जबरदस्त रही। प्रियांश आर्य ने प्रभसिमरन सिंह के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी की। हालांकि, इसमें प्रभसिमरन का योगदान ज्यादा नहीं रहा और वह सिर्फ 18 रन बनाकर आउट हुए। प्रियांश ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 33 गेंदों में 56 रन बनाकर टीम के 97 रन के स्कोर पर दूसरे विकेट के रूप में पवेलियन लौटे।
यहां से कप्तान श्रेयस अय्यर ने कूपर कोनॉली के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 83 रनों की साझेदारी की, जिससे टीम का स्कोर 180 रन तक पहुंच गया। कोनॉली ने 27 गेंदों में 38 रन बनाए। वहीं, श्रेयस ने अर्धशतक जड़ा और अंत तक नाबाद रहते हुए 36 गेंदों में 59 रनों की पारी खेली। सूर्यांश शेडगे ने भी 8 गेंदों में नाबाद 21 रन बनाकर पारी को शानदार अंदाज में फिनिश किया। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मिचेल स्टार्क और माधव तिवारी सबसे सफल गेंदबाज रहे, दोनों ने दो-दो विकेट झटके।
अक्षर और मिलर ने रन चेज में दिल्ली की पारी में फूंकी जान, आखिरी में माधव का कमाल
लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत खराब रही और टीम ने 33 के स्कोर तक अपने पहले तीन बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। इसमें केएल राहुल का विकेट भी शामिल रहा, जो सिर्फ 9 रन बना सके। लड़खड़ाती पारी को संभालने का काम कप्तान अक्षर पटेल ने ट्रिस्टन स्टब्स (12) के साथ किया और 41 रन जोड़े।
इसके बाद, अक्षर को डेविड मिलर का साथ मिला। इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी करते हुए दिल्ली को रन चेज में बनाए रखा। अक्षर के बल्ले से 30 गेंदों में 56 रन आए। उनके आउट होने के बाद, मिलर ने तेजी से रन बटोरे और आउट होने से पहले 28 गेंदों में 51 रनों की पारी खेली। आखिरी में आशुतोष शर्मा (24) और माधव तिवारी (18*) ने दिल्ली को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया और फिर आकिब नबी ने 2 गेंदों में 10 रन नाबाद बनाकर एक ओवर शेष रहते ही मैच खत्म कर दिया। पंजाब किंग्स की तरफ से अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर को सर्वाधिक दो-दो विकेट मिले।
यह भी पढ़ें: RCB vs MI: BCCI ने टिम डेविड की निकाली हेकड़ी, मिडिल फिंगर दिखाने के लिए सुनाई तगड़ी सजा
इस तरह दिल्ली कैपिटल्स ने धर्मशाला के मैदान पर आईपीएल हिस्ट्री का सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करने का रिकॉर्ड भी बना दिया। इससे पहले यहां पर 2010 के सीजन में पंजाब के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स ने 193 का टारगेट सफलतापूर्वक हासिल किया था।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




