5 दिग्गज जो टेस्ट में इंग्लैंड के बन सकते हैं नए हेड कोच
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने घर में मिली करारी हार के बाद ब्रैंडन मैकुलम को टेस्ट में हेड कोच के पद से हटा दिया है।

Contenders for England's new Test head coach: इंग्लैंड क्रिकेट में पिछले कुछ सालों में टेस्ट फॉर्मेट में बेजबॉल क्रिकेट के मास्टर माइंड रहे ब्रैंडन मैकुलम को ईसीबी ने टेस्ट फॉर्मेट में हेड कोच के पद से हटा दिया है। पिछले ही दिनों न्यूजीलैंड के खिलाफ घर में करारी हार के बाद कप्तान बेन स्टोक्स ने संन्यास ले लिया और अब उनके साथी रहे ब्रैंडन मैकुलम की भी पद से छुट्टी हो गई है।
इंग्लैंड क्रिकेट में ये एक बहुत ही बड़े बदलाव के संकेत हैं, जहां अब टीम के कप्तान हैरी ब्रूक होंगे, तो वहीं उनकी जुगलबंदी किसी और दिग्गज के साथ शुरू होने वाली है। इंग्लिश क्रिकेट टीम के नए हेड कोच की तलाश शुरू हो गई है और ईसीबी ने इसके लिए कुछ नामों पर विचार करना शुरू कर दिया है। तो चलिए आपको इस आर्टिकल में बताते हैं वो 5 दिग्गज जो इंग्लैंड के लिए टेस्ट में बन सकते हैं नए हेड कोच।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और टी20 वर्ल्ड कप का ताज दिलाने वाले कोच रहे राहुल द्रविड़ का नाम इस सूची में सबसे आगे आ रहा है। भारत के इस हेड कोच को कोचिंग का शानदार अनुभव है। उन्होंने आईपीएल से लेकर भारतीय नेशनल क्रिकेट टीम और भारत-ए के अलावा भारतीय अंडर-19 टीम के साथ काम किया है। भारत को आईसीसी खिताब दिलाने वाले द्रविड़ अपनी शांत सोच, तकनीकी समझ और युवा खिलाड़ियों को निखारने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। लेकिन ये भी रिपोर्ट्स आ रही हैं कि वो फुल टाइम कोचिंग के लिए इच्छुक नहीं हैं।
#2. आर अश्विन
भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज स्पिन गेंदबाज रहे आर अश्विन को क्रिकेट की जबरदस्त समझ है। उनके क्रिकेटिंग माइंड की हर जगह चर्चा होती रहती है। अश्विन की सबसे खास बात ये है कि वो रणनीति, विपक्षी बल्लेबाजों को पढ़ने की क्षमता और टेस्ट क्रिकेट की गहरी समझ रखते हैं और इसी वजह से वो एक बेहतरीन कोच बना सकते हैं। हालांकि अभी तक ECB की आधिकारिक शॉर्टलिस्ट में उनका नाम शामिल होने की पुष्टि नहीं हुई है। उनका नाम विशेषज्ञों और सोशल मीडिया चर्चाओं में संभावित विकल्प के रूप में सामने आया है।
#3. एन्ड्रू फ्लिंटॉफ
इंग्लैंड के पूर्व धाकड़ ऑलराउंडर खिलाड़ी रहे एन्ड्रू फ्लिंटॉफ अपने दौर के एक बड़े मैच विनर खिलाड़ी रहे थे। एंड्रू फ्लिंटॉफ पिछले कुछ समय से कोचिंग में लगातार सक्रिय हैं। उनके हित में सबसे प्रमुख बात ये है कि युवा खिलाड़ियों के साथ उनका जुड़ाव मजबूत है और ड्रेसिंग रूम में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। कई एक्सपर्ट्स का मानना है कि वे इंग्लैंड की टेस्ट टीम में एक नया जोश और ऊर्जा ला सकते हैं। रिपोर्ट्स में उनका नाम दावेदार की लिस्ट में चल रहा है।
#4. एंडी फ्लॉवर
जिम्बाब्वे के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज रहे एंडी फ्लॉवर का नाम क्रिकेट जगत में एक बेहतरीन कोच के रूप में भी जाना जाता है। ये अफ्रीकन खिलाड़ी पिछले कई सालों से कोचिंग में सबसे ज्यादा एक्टिव माने गए हैं। एंडी फ्लॉवर 2009 से 2014 तक इंग्लैंड के हेड कोच रह चुके हैं और उनकी कोचिंग में टीम टेस्ट क्रिकेट की नंबर-1 टीम बनी थी। उनमें एक खास बात ये है कि वो शांत रहते हुए खतरनाक रणनीति तैयार करने के विशेषज्ञ हैं। ऐसे में इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड उनमें बहुत ही दिलचस्पी ले रहा है।
#5. जस्टिन लैंगर
ऑस्ट्रेलिया को 2021 में अपने कोचिंग कार्यकाल में पहली बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब दिलाने वाले जस्टिन लैंगर भी किसी पहचान के मोहताज नहीं रहे हैं। कंगारू टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज रहे लैंगर को कोचिंग का अच्छा-खासा अनुभव है। वो इंटरनेशनल से लेकर आईपीएल में भी कोचिंग का काम कर चुके हैं। ऐसे में ईसीबी उनके नाम पर विचार कर सकती है।




