टीम इंडिया को बीच मैच में लगा बड़ा झटका! हेलमेट पर लगी खतरनाक गेंद, आकाश दीप हुए बाहर, प्रसिद्ध कृष्णा की हुई एंट्री
भारत-न्यूजीलैंड दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन आकाश दीप बल्लेबाजी के दौरान हेलमेट पर गेंद लगने से चोटिल हो गए। उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को कन्कशन सब्स्टीट्यूट बनाया गया।

IND vs NZ 2nd Test: Prasidh Krishna replaces Akash Deep: भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप चोटिल होने के कारण मुकाबले से बाहर हो गए हैं। बल्लेबाजी के दौरान उनके हेलमेट पर न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज की गेंद लगी थी। इसके बाद उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की मेडिकल टीम आकाश दीप की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
हेलमेट पर दो बार लगी गेंद, आकाश दीप को हुई परेशानी
दरअसल, भारत की पहली पारी के दौरान न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जेमीसन ने आकाश दीप को एक ही ओवर में दो बार बाउंसर से निशाना बनाया। इस दौरान गेंद उनके हेलमेट पर जा लगी। पहली बार गेंद लगने के बाद मेडिकल टीम ने उनका शुरुआती परीक्षण किया और उन्हें बल्लेबाजी जारी रखने की अनुमति मिली। लेकिन कुछ गेंदों बाद दोबारा हेलमेट पर गेंद लगने के कारण उनकी परेशानी बढ़ गई। इसके बाद उनका कन्कशन टेस्ट किया गया।
29 रन बनाकर लौटे पवेलियन, बाद में सामने आए लक्षण
आकाश दीप ने चोट के बावजूद बल्लेबाजी जारी रखी और ध्रुव जुरेल के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की। उन्होंने 52 गेंदों में 29 रन बनाए, जिसमें चार चौके शामिल थे। हालांकि, बाद में नाथन स्मिथ ने उन्हें आउट कर दिया। भारतीय पारी समाप्त होने के बाद आकाश दीप में कन्कशन के देरी से सामने आने वाले लक्षण दिखाई दिए। इसके बाद मेडिकल टीम ने उन्हें आगे मैच खेलने के लिए अनुपलब्ध करार दिया।
प्रसिद्ध कृष्णा को मिला कन्कशन सब्स्टीट्यूट का मौका
आकाश दीप के बाहर होने के बाद भारतीय टीम ने प्रसिद्ध कृष्णा को कन्कशन सब्स्टीट्यूट के रूप में शामिल किया है। इस तरह प्रसिद्ध कृष्णा अब दूसरे टेस्ट के बाकी बचे मुकाबले में भारतीय टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे। खास बात यह है कि प्रसिद्ध कृष्णा इस टेस्ट की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। उन्हें गुरनूर बराड़ के लिए जगह बनाने के चलते बाहर बैठना पड़ा था। अब आकाश दीप की चोट के बाद उन्हें मैदान पर उतरने का मौका मिला है।
यह भी पढ़े- WTC में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज, ऋषभ पंत बने नए सिक्सर किंग
भारत के लिए क्यों बड़ा झटका है आकाश दीप का बाहर होना?
आकाश दीप का इस मुकाबले से बाहर होना भारतीय टीम के लिए बड़ा नुकसान है। उन्होंने न्यूजीलैंड की पहली पारी में शानदार गेंदबाजी करते हुए 99 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे। उनकी गेंदबाजी ने भारतीय टीम को मुकाबले में वापसी का मौका दिया था। ऐसे में दूसरी पारी में उनकी गैरमौजूदगी भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को प्रभावित कर सकती है। अब टीम इंडिया को प्रसिद्ध कृष्णा से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
BCCI की मेडिकल टीम कर रही निगरानी
BCCI ने आधिकारिक अपडेट जारी करते हुए बताया कि बल्लेबाजी के दौरान तीसरे दिन आकाश दीप के हेलमेट पर गेंद लगी थी। इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा को उनका कन्कशन सब्स्टीट्यूट बनाया गया है। बोर्ड की मेडिकल टीम आकाश दीप की स्थिति पर नजर रख रही है। फिलहाल उनकी सेहत को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।