5 अनलकी खिलाड़ी जिन्हें जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया से किया गया नजरअंदाज, IPL 2026 में अच्छा प्रदर्शन नहीं आया काम
भारतीय क्रिकेट टीम के जिम्बाब्वे दौरे पर होने वाली 3 मैचों की टी20 सीरीज के लिए आईपीएल 2026 के कुछ स्टार खिलाड़ियों को मौका दिया, तो कुछ को नजरअंदाज कर दिया गया।

Team India player ignored for Zimbabwe tour: भारतीय क्रिकेट टीम के इंग्लैंड दौरे के समापन के बाद जिम्बाब्वे दौरा है। जिम्बाब्वे में टीम इंडिया को 3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेलनी है और इसके लिए मंगलवार को बीसीसीआई की सेलेक्शन कमेटी ने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। जिम्बाब्वे के के दौरे पर इस सीरीज के लिए श्रेयस अय्यर की कप्तानी में कुछ युवा चेहरों को मौका दिया गया है।
जिम्बाब्वे दौरे पर नजरअंदाज किए गए 5 आईपीएल 2026 के स्टार
जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में जहां संजू सैमसन को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया, तो वहीं प्रभसिमरन सिंह, यश ठाकुर जैसे खिलाड़ियों को मौका मिला, तो वहीं मयंक यादव ने लंबे समय बाद वापसी की, लेकिन आईपीएल 2026 में जबरदस्त प्रदर्शन करने वाले कुछ खिलाड़ियों को सेलेक्शन कमेटी ने नजरअंदाज कर दिया। तो चलिए इस आर्टिकल में आपको उन 5 अनलकी खिलाड़ियों के बारे में बताते हैं, जिन्हें आईपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन करने के बावजूद मौका नहीं मिला।
#5. रसिक सलाम डार
जम्मू-कश्मीर के युवा प्रतिभाशाली तेज गेंदबाज रसिक सलाम डार ने आईपीएल 2026 में बेहतरीन गेंदबाजी की। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की खिताबी जीत में इस खिलाड़ी का योगदान काफी अहम रहा, जिन्हें 12 मैच खेलने का मौका मिला, लेकिन उन्होंने 19 विकेट अपने खाते में जोड़े। रसिक सलाम डार ने इस दौरान टर्निंग पॉइंट पर विकेट निकाले। ऐसे में उन्हें जिम्बाब्वे के दौरे पर मौका मिलने की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
#4. ध्रुव जुरेल
राजस्थान रॉयल्स के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल समय के साथ बहुत ही मेच्योर खिलाड़ी बनते जा रहे हैं। आईपीएल के 19वें सीजन में इस खिलाड़ी ने जबरदस्त बल्लेबाजी की। जुरेल ने इस सीजन बल्ले से अहम योगदान देते हुए 16 पारियों में 515 रन बनाने में सफल रहे, जिसमें उन्होंने करीब 155 की स्ट्राइक रेट दर्ज की, लेकिन इसके बावजूद उन्हें जिम्बाब्वे के दौरे से नजरअंदाज कर दिया गया।
#3. साई सुदर्शन
गुजरात टाइटंस के युवा स्टार बल्लेबाज साई सुदर्शन आईपीएल में रन मशीन साबित हो रहे हैं। साई ने 2026 के सीजन में एक बार फिर से रनों का अंबार लगाते हुए 17 पारियों में 158 की स्ट्राइक रेट से 722 रन बनाए, लेकिन उन्हें जिम्बाब्वे के दौरे पर सेलेक्टर ने इग्नोर कर दिया। साई सुदर्शन की फॉर्म इंडिया-ए के लिए भी जबरदस्त चल रही है।
#2. भुवनेश्वर कुमार
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज तेज गेंदबाज रहे भुवनेश्वर कुमार 2022 से ही नेशनल टीम से दूर हैं। उन्होंने इसके बाद खुद को काफी हद तक साबित किया, जिसमें आईपीएल 2026 तो कमाल का ही गुजरा। भुवनेश्वर कुमार आरसीबी के लिए खेलते हुए इस सीजन 16 मैचों में 28 विकेट लेने में सफल रहे और वो सबसे ज्यादा विकेट की सूची में दूसरे स्थान पर रहे। इस प्रदर्शन के बाद उनकी वापसी की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
#1. रजत पाटीदार
इंडियन प्रीमियर लीग के पिछले दो लगातार सीजन से अपनी कप्तानी में रजत पाटीदार ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को चैंपियन बनाया। मध्यप्रदेश के इस खिलाड़ी ने ना सिर्फ कप्तानी में सिक्का जमाया, बल्कि आईपीएल 2026 में खुद अपनी बल्लेबाजी से काफी प्रभावित किया। रजत पाटीदार ने 2026 के सत्र में 193 के स्ट्राइक रेट से 14 पारियों में 501 रन कूटे, लेकिन फिर भी उन्हें जिम्बाब्वे के दौरे पर अनदेखा कर दिया गया।




