हार्दिक पंड्या की चोट बनी मुसीबत! ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ नहीं खेलेंगे, अब न्यूजीलैंड जाना भी मुश्किल
भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ वापसी करने वाले थे, लेकिन एक बार फिर से इंजरी ने उनकी वापसी पर पानी फेर दिया है।

Hardik Pandya injury: टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को लेकर एक बार फिर ऐसी खबर सामने आई है, जिसने फैंस और टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा दी है। मैदान पर वापसी की तैयारी कर रहे हार्दिक को चोट ने फिर से झटका दे दिया है और इसी वजह से उन्हें ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ होने वाली सीरीज से बाहर होना पड़ा है।
हार्दिक पंड्या फिर से हुए चोटिल
लेकिन असली सवाल अब इससे भी बड़ा है—क्या इस चोट का असर सिर्फ ऑस्ट्रेलिया A सीरीज तक ही रहेगा, या हार्दिक पंड्या के हाथ से अगले महीने होने वाले न्यूजीलैंड दौरे का मौका भी निकल सकता है? टीम इंडिया के लिए उनकी अहमियत किसी से छिपी नहीं है, ऐसे में उनकी फिटनेस पर हर किसी की नजरें टिक गई हैं।
ऑस्ट्रेलिया-ए सीरीज से स्टार ऑलराउंडर हुए बाहर
हार्दिक पांड्या की टीम इंडिया में वापसी का इंतजार एक बार फिर लंबा होता नजर आ रहा है। आईपीएल 2026 के आखिरी सप्ताह के बाद से ही हार्दिक प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर हैं और उनकी वापसी लगातार चोट की वजह से टलती रही है। अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज से ठीक पहले फील्डिंग ड्रिल के दौरान उनके घुटने के आसपास तेज दर्द उठा था, जिसके बाद उन्हें आराम दिया गया। इसके बाद इंग्लैंड सीरीज में भी उनकी वापसी नहीं हो सकी।
ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए उन्हें इंडिया A टीम में चुना गया था और फिटनेस क्लियरेंस के बाद मैदान पर लौटने की उम्मीद थी, लेकिन अब दाहिनी पिंडली में फिर से दर्द और चोट सामने आई है। ताजा स्कैन के बाद उन्हें दो सप्ताह के पूर्ण आराम की सलाह दी गई है, जिसके चलते ऑस्ट्रेलिया A सीरीज से उनका बाहर होना तय हो गया है।
यह भी पढ़े- 2026 में वनडे क्रिकेट के 5 सबसे सफलतम गेंदबाज! टॉप-20 में भी नहीं है एक भी भारतीय नाम
न्यूजीलैंड दौरे पर भी मंडराया खतरा
हार्दिक की नई चोट सिर्फ ऑस्ट्रेलिया A सीरीज तक सीमित नहीं दिख रही है, बल्कि इसका असर न्यूजीलैंड दौरे पर भी पड़ सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी 'Return To Play' तारीख 20 सितंबर रखी गई थी, लेकिन नई चोट ने पूरा वापसी प्लान बिगाड़ दिया है। भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ 22 अक्टूबर से पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है और मौजूदा स्थिति में हार्दिक के उस दौरे तक फिट होने की संभावना बेहद कम बताई जा रही है। BCCI के मेडिकल पैनल से जुड़े सूत्र के मुताबिक, दो सप्ताह के आराम के बाद उनकी स्थिति का दोबारा आकलन किया जाएगा और उसके बाद रिहैबिलिटेशन शुरू करने पर फैसला होगा। यानी हार्दिक को अब जल्दबाजी के बजाय पूरी तरह फिट होकर वापसी करनी होगी।
अगले साल वर्ल्ड कप से पहले हार्दिक का मैदान में उतरना है जरूरी
हार्दिक की फिटनेस का मुद्दा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी के लिहाज से भारत को अपने सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर विकल्पों पर स्पष्टता चाहिए। हार्दिक बल्लेबाजी के साथ तेज गेंदबाजी करने की क्षमता के कारण टीम के संतुलन में एक अलग भूमिका निभाते हैं और इसी वजह से उनकी फिटनेस को लेकर लगातार नजर बनी हुई है।




