रोहित शर्मा की कप्तानी में वापसी पर लगा ब्रेक! MI ने बताया क्या है IPL 2027 का प्लान
आईपीएल 2027 के लिए मुंबई इंडियंस की कप्तानी को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। फ्रेंचाइजी हार्दिक पंड्या को हटाने के लिए पूरी तरह से तैयार है, और नए कप्तान पर सस्पेंस बना हुआ है।

Mumbai Indians' Plan Regarding Captaincy: आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंसमें कप्तानी को लेकर हलचल तेज हो गई है। हार्दिक पांड्या के टीम छोड़ने की अटकलों के बीच यह चर्चा जोर पकड़ने लगी कि फ्रेंचाइजी एक बार फिर रोहित शर्मा को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंप सकती है। हालांकि, इन खबरों पर अब मुंबई इंडियंस की ओर से स्थिति स्पष्ट की गई है। टीम मैनेजमेंट ने कप्तानी को लेकर किसी भी तरह के अंतिम फैसले से इनकार किया है।
ऐसे में अगले सीजन में टीम की कमान किसके हाथों में होगी, इस पर सस्पेंस बरकरार है। वहीं, हार्दिक पांड्या के ट्रेड को लेकर भी चर्चाएं जारी हैं। अगर टीम में बड़ा बदलाव होता है, तो मुंबई इंडियंस को न सिर्फ कप्तानी पर फैसला लेना होगा, बल्कि अगले सीजन के लिए अपनी रणनीति भी नए सिरे से तैयार करनी पड़ सकती है।
रोहित शर्मा नहीं बनेंगे मुंबई इंडियंस के अगले कप्तान!
आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस में कप्तानी को लेकर चल रही अटकलों ने नया मोड़ ले लिया है। फैंस को उम्मीद थी कि हार्दिक पांड्या के टीम से अलग होने की स्थिति में रोहित शर्मा एक बार फिर कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं, लेकिन फिलहाल इस संभावना को लेकर कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगी है। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई इंडियंस से जुड़े सूत्रों ने रोहित को कप्तान बनाए जाने की खबरों को गलत बताया है। सूत्रों के अनुसार, अगले सीजन की कप्तानी को लेकर अभी तक कोई बातचीत नहीं हुई है। ऐसे में अगर हार्दिक पांड्या का साथ छूटता है, तो मुंबई के पास नेतृत्व के लिए दूसरे विकल्प भी मौजूद हैं। सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा को संभावित दावेदारों में शामिल बताया जा रहा है, जबकि न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर का नाम भी इस चर्चा में सामने आया है।
हार्दिक पंड्या के ट्रेड पर मुंबई इंडियंस का क्या है रुख?
मुंबई इंडियंस की कप्तानी के साथ-साथ हार्दिक पंड्या के भविष्य पर भी सबकी नजरें टिकी हैं। आईपीएल 2024 से पहले गुजरात टाइटंस से मुंबई लौटे हार्दिक को टीम की कमान सौंपी गई थी, लेकिन उनके नेतृत्व में फ्रेंचाइजी को शुरुआती 3 सीजन में उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली। अब उनके टीम छोड़ने की अटकलों ने ट्रेड को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई इंडियंस हार्दिक के ट्रेड की संभावनाओं पर विचार कर रही है और दूसरी फ्रेंचाइजी भी उन्हें अपने साथ जोड़ने के विकल्प तलाश रही हैं। हालांकि, फिलहाल कोई ऐसी डील सामने नहीं आई है, जिसे मुंबई के लिए उपयुक्त माना जा सके। ऐसे में हार्दिक का भविष्य अभी स्पष्ट नहीं है।
यह भी पढ़े- T20I में सबसे कम पारियों में 2000 रन, विराट-सूर्या समेत इन भारतीयों का जलवा
आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस की रणनीति में हो सकते हैं बड़े बदलाव
पिछले सीजन के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद मुंबई इंडियंस के सामने अपनी टीम को मजबूत करने की चुनौती होगी। फ्रेंचाइजी को न केवल कप्तानी के विकल्प पर विचार करना है, बल्कि यह भी तय करना होगा कि मौजूदा खिलाड़ियों में किन पर भरोसा बनाए रखा जाए और किन जगहों पर नए चेहरों को शामिल किया जाए। रिटेंशन और ट्रेड से जुड़े फैसले इस पूरी रणनीति में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इसके बाद मिनी ऑक्शन में टीम अपनी कमजोरियों को दूर करने की कोशिश करेगी।




