400 रन पार करना नहीं आसान! वनडे में इन टीमों ने मचाया है सबसे बड़ा धमाल
वनडे क्रिकेट इतिहास में अब तक कईं बार टीमें 400 रन का आंकड़ा पार कर चुकी हैं। जिसमें कुछ ऐसी टीमें हैं, जिनका दबदबा देखने को मिला है।

Most 400 Run Score in ODI History: वनडे क्रिकेट में 400 रन का आंकड़ा छूना ही अपने आप में किसी चमत्कार से कम नहीं है। 50 ओवर के खेल में जब कोई टीम इस जादुई आंकड़े को पार करती है, तो स्कोरबोर्ड पर सिर्फ रन नहीं, बल्कि इतिहास लिखा जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि वनडे क्रिकेट में अब तक सिर्फ कुछ ही टीमें ऐसी हैं, जिन्होंने बार-बार 400 का आंकड़ा पार किया है? किसी ने 9 बार ये कारनामा किया है, तो कोई सिर्फ एक बार इस मुकाम तक पहुंच पाई है। दिलचस्प बात ये है कि 400 से ज्यादा रन बनाने के बावजूद कुछ टीमों को हार का सामना भी करना पड़ा है। आखिर कौन सी टीम इस रिकॉर्ड में सबसे आगे है और किन टीमों ने कितनी बार 400 का आंकड़ा पार किया है? आइए जानते हैं पूरी लिस्ट...
भारत- 9 बार
गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ 406 रनों का लक्ष्य हासिल करने के साथ ही भारत ने वनडे क्रिकेट में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम अब वनडे इतिहास में सबसे ज्यादा 9 बार 400 या उससे अधिक रन बनाने वाली टीम बन गई है। इस मामले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पीछे छोड़ दिया है।
दक्षिण अफ्रीका- 8 बार
दक्षिण अफ्रीकाकी टीम इस सूची में 8 बार 400+ का स्कोर बनाने के साथ दूसरे स्थान पर है। टीम ने वनडे क्रिकेट में कई बड़े स्कोर बनाए हैं और लंबे समय तक 400+ स्कोर के मामले में शीर्ष पर रही थी। अब भारत के 9वीं बार 400 का आंकड़ा पार करने के बाद वह दूसरे स्थान पर है।
इंग्लैंड- 7 बार
इंग्लैंड ने वनडे क्रिकेट में 7 बार 400 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं और इस सूची में तीसरे स्थान पर है। इंग्लैंड के नाम वनडे इतिहास का सबसे बड़ा टीम स्कोर भी दर्ज है, जब उसने 2022 में नीदरलैंड्स के खिलाफ 498 रन बनाए थे।
ऑस्ट्रेलिया- 3 बार
ऑस्ट्रेलिया इस मामले में अगली पायदान पर है। कंगारू टीम ने वनडे क्रिकेट में 3 बार 400+ का स्कोर बनाया है। हालांकि, 400 से ज्यादा रन बनाने के बावजूद हारने का रिकॉर्ड भी ऑस्ट्रेलिया के नाम है, जब 2006 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसने 434 रन बनाए थे लेकिन मुकाबला गंवा दिया था।
यह भी पढ़े-
न्यूजीलैंड और श्रीलंका- 2 बार
न्यूजीलैंड ने वनडे में 2 बार 400 से ज्यादा रन बनाए हैं। इनमें 2023 वनडे विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ बनाया गया 401/6 का स्कोर भी शामिल है। उस मुकाबले में पाकिस्तान ने लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की थी। वहीं श्रीलंका भी 2 बार 400+ का आंकड़ा पार कर चुका है। उसकी सबसे बड़ी पारियों में 2006 में नीदरलैंड्स के खिलाफ बनाए गए 443/9 रन शामिल हैं। यह उस दौर के सबसे बड़े वनडे स्कोर में से एक था।
वेस्टइंडीज- 1 बार
गुवाहाटी में भारत के खिलाफ 405/7 रन बनाने के साथ ही वेस्टइंडीज ने पहली बार वनडे क्रिकेट में 400 का आंकड़ा पार किया। जॉन कैंपबेल, शाई होप और आमिर जंगू के शतकों की मदद से टीम ने 405 रन बनाए, लेकिन भारत ने 406 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। यानी वेस्टइंडीज 400+ स्कोर बनाने के बावजूद मैच हारने वाली टीमों की सूची में शामिल हो गई।




