नेपाल का ऐतिहासिक दौरा करेगी भारतीय टीम, शेड्यूल का हुआ ऐलान; इन खिलाड़ियों को स्क्वाड में मिल सकता है मौका
भारत-ए मेंस टीम साल के आखिर में नेपाल का दौरा करेगी। इस दौरे पर दोनों ही टीमों के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज के शेड्यूल का ऐलान हो चुका है।

India A tour of Nepal for T20 Series:नेपाल क्रिकेट के लिए एक बहुत ही सुनहरा पल आने वाला है, जहां वो भारतीय क्रिकेट टीम की मेजबानी करने जा रहे हैं। भारत-ए की पुरुष टीम इस साल के आखिर में यानी दिसंबर में नेपाल का दौरा करने जा रही है और उनकी इंटरनेशनल टीम के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी।
इंडिया-ए दिसंबर में करेगी नेपाल का दौरा
बीसीसीआई के साथ बातचीत के बाद क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नेपाल ने इस दौरे की पुष्टी करते हुए बड़ी जानकारी दी है। नेपाल क्रिकेट के लिए ये बहुत बड़ा और यादगार मौका होने वाला है, क्योंकि भारत-ए की टीम में आईपीएल के सितारें उनके घर में मैदान में उतरेंगे।
बीसीसीआई और नेपाल क्रिकेट बोर्ड के बीच बनी सीरीज के लिए सहमती
स्कॉटलैंड के एडिनबर्ग में आईसीसी का वार्षिक सम्मेलन चल रहा है और इसी दौरान दोनों ही देशों के क्रिकेट बोर्ड के बीच इस सीरीज को लेकर सहमती बनी। इस दौरान आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह के साथ ही बीसीसीआई सचिन देवजीत सैकिया मौजूद रहे, तो वहीं नेपाल से बोर्ड के अध्यक्ष चतुर बहादूर चंद और उनके बोर्ड सचिव पारस खड़का मौजूद रहे।
दिसंबर में नेपाल के त्रिभुवन यूनिवर्सिटी इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में होगी पूरी सीरीज
नेपाल क्रिकेट टीम विश्व पटल पर धीरे-धीरे अपनी पहचान बना रही है। अब वर्ल्ड क्रिकेट के सबसे अमीर बोर्ड के बैनर तले खेलने वाली भारतीय-ए टीम की मेजबानी उनके लिए बहुत बड़ा पल होगा। दौरे की बात करें तो भारत-ए मेंस टीम दिसंबर में नेपाल का दौरा करेगी और दोनों ही टीमों के बीच कीर्तिपुर में स्थित त्रिभुवन यूनिवर्सिटी इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में तीनों ही मैच खेले जाएंगे।
9 दिसंबर से होगी सीरीज की शुरुआत
इस 3 मैचों की टी20 सीरीज का शेड्यूल भी जारी कर लिया गया है। दोनों ही टीमों के बीच सीरीज की शुरुआत 9 दिसंबर से होगी, तो वहीं 11 दिसंबर को दूसरा टी20 और 13 दिसंबर को तीसरा टी20 मैच खेला जाएगा। इस दौरा पर बीसीसीआई आईपीएल में शानदार खेल दिखाने वाले सितारों को मौका दे सकती है। जिसमें रजत पाटीदार को कप्तानी सौंपी जा सकती है।
इस दौरे के लिए वैसे तो भारत-ए की टीम का ऐलान बाद में होगा, लेकिन हम आपको इस सीरीज के लिए प्रेडिक्टेड स्क्वाड के बारे में बताते हैं।
नेपाल दौरे पर भारत-ए का प्रेडिक्टेड स्क्वाड
रजत पाटीदार (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, साई सुदर्शन, यशस्वी जायसवाल, सूर्यांश शेडगे, तिलक वर्मा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), नीतिश कुमार रेड्डी, अनुकूल रॉय, सुयश शर्मा, रवि बिश्नोई, मयंक यादव, यश ठाकुर, प्रिंस यादव, रसिक सलाम डार




