IPL 2026 के बीच RCB-CSK का बड़ा फैसला, चोटिल खिलाड़ियों की जगह दो धाकड़ गेंदबाजों की एंट्री
IPL 2026 के बीच RCB और CSK ने चोटिल खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट का ऐलान किया है। बेंगलुरु ने नुवान थुषारा की जगह रिचर्ड ग्लीसन और चेन्नई ने खलील अहमद की जगह कुलदीप यादव को टीम में शामिल किया।

IPL 2026 अब अंतिम चरण में प्रवेश करने वाला है लेकिन उससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी-अपनी टीमों में बड़े बदलाव किए हैं। दोनों फ्रेंचाइजियों ने चोटिल खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है। RCB ने नुवान थुषारा की जगह इंग्लैंड के तेज गेंदबाज रिचर्ड ग्लीसन को टीम में शामिल किया है, जबकि CSK ने खलील अहमद की जगह कुलदीप यादव को अपने स्क्वॉड से जोड़ा है।
IPL की ओर से जारी अपडेट के मुताबिक, खलील अहमद और नुवान थुषारा चोट के कारण सीजन के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने रिप्लेसमेंट खिलाड़ियों को साइन किया। कुलदीप यादव CSK से 30 लाख रुपये में जुड़े हैं, जबकि रिचर्ड ग्लीसन को RCB ने 1.6 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा है।
RCB ने थुषारा की जगह ग्लीसन को किया शामिल
RCB के साथ नुवान थुसारा पिछले सीजन से जुड़े हुए थे और इस बार भी उनसे अहम भूमिका निभाने की उम्मीद लगाई जा रही थी लेकिन फिर उनकी फिटनेस को लेकर बवाल हो गया। श्रीलंका क्रिकेट ने थुसारा को NOC देने से भी मना कर दिया, जिसके बाद इस तेज गेंदबाज ने कोर्ट की मदद ली लेकिन बाद में अपना केस वापस लिया। अब बेंगलुरु टीम ने उनकी जगह रिचर्ड ग्लीसन को शामिल कर तेज गेंदबाजी विभाग को मजबूती देने की कोशिश की है। ग्लीसन इंग्लैंड के तेज गेंदबाज हैं और इंटरनेशनल क्रिकेट का अनुभव रखते हैं।
ग्लीसन ने इंग्लैंड के लिए 6 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिनमें उन्होंने 9 विकेट हासिल किए हैं। IPL में भी वह पहले खेल चुके हैं। वह 2024 में CSK और 2025 में मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे थे। इस दौरान उन्होंने CSK के लिए 2 और MI के लिए 1 मुकाबला खेला था।
CSK ने खलील के रिप्लेसमेंट के तौर पर कुलदीप यादव को चुना
चेन्नई सुपर किंग्स ने खलील अहमद की जगह कुलदीप यादव को टीम में शामिल किया है। खलील मौजूदा सीजन के शुरुआती मैचों में अच्छी लय में नहीं थे लेकिन जब उन्होंने अच्छा करना शुरू किया था तो फिर इंजर्ड हो गए और शेष सीजन से बाहर होन पड़ा। अब उनकी रिप्लेसमेंट की घोषणा कर दी गई है।
बता दें कि कुलदीप यादव लेफ्ट आर्म मीडियम पेसर हैं। उन्होंने IPL में अपना डेब्यू 2021 में राजस्थान रॉयल्स के लिए किया था। कुलदीप अब तक IPL में 3 मैच खेल चुके हैं। CSK ने उन्हें 30 लाख रुपये में शामिल किया है। टीम को उम्मीद होगी कि जरूरत पड़ने पर कुलदीप गेंदबाजी विभाग में उपयोगी विकल्प साबित होंगे।
यह भी पढ़ें: IPL 2026: 5 मुकाबले जिनके नतीजों से प्लेऑफ की टीमें हो सकती हैं तय
प्लेऑफ रेस के बीच दोनों टीमों ने गेंदबाजी विभाग किया मजबूत
IPL 2026 अब अपने अहम मोड़ पर पहुंच चुका है और प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए आठ टीमों के बीच रेस है। ऐसे समय में किसी भी मुख्य गेंदबाज का चोट के कारण बाहर होना टीमों की रणनीति को प्रभावित कर सकता है। RCB और CSK दोनों ही टीमों ने समय रहते अपने स्क्वाड में बदलाव कर गेंदबाजी विकल्प बढ़ा लिए हैं।
RCB ने ग्लीसन के रूप में अनुभवी विदेशी तेज गेंदबाज को जोड़ा है, जबकि CSK ने भारतीय पेसर कुलदीप यादव पर भरोसा जताया है। अब देखना होगा कि दोनों खिलाड़ी आने वाले मुकाबलों में अपनी-अपनी टीमों के लिए मैदान पर उतरते हैं या नहीं।
टैग:


