IPL 2027 Auction: ऑक्शन वेन्यू पर बड़ा अपडेट, कहां लगेगी खिलाड़ियों की बोली?
आईपीएल के अगले सीजन को लेकर होने वाले ऑक्शन के वेन्यू को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। 2023 के बाद से ही इस लीग के ऑक्शन देश से बाहर हो रहे हैं।

IPL 2027 Auction Update: क्रिकेट वर्ल्ड के सबसे हाई प्रोफाइल टी20 टूर्नामेंट इंडियन प्रीमियर लीग के अगले साल होने वाले संस्करण के ऑक्शन को लेकर तैयारियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं और इसी बीच नीलामी के वेन्यू से जुड़ी एक बड़ी जानकारी सामने आई है। हर सीजन की तरह इस बार भी दुनियाभर के क्रिकेट फैंस की नजरें उस मंच पर टिकी होंगी, जहां खिलाड़ियों की किस्मत करोड़ों की बोली के बीच तय होगी।
लेकिन सवाल यह है कि आखिर IPL 2027 ऑक्शन के लिए किस जगह को चुना गया है? क्या इस बार नीलामी भारत में होगी या फिर आयोजन को लेकर एक बार फिर कोई बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा?
3 साल बाद फिर से आईपीएल ऑक्शन की होगी देश वापसी
आईपीएल ऑक्शन की भारत वापसी हो सकती है। पिछले तीन साल से इंडियन प्रीमियर लीग की नीलामी भारत से बाहर आयोजित की जा रही थी, लेकिन अब आईपीएल 2027 के ऑक्शन को देश में ही कराने की तैयारी पर चर्चा शुरू हो गई है। मंगलवार, 15 सितंबर को हुई आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक में यह प्रमुख मुद्दों में शामिल रहा। अगर इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो लंबे अंतराल के बाद भारतीय फैंस को अपने देश में खिलाड़ियों पर लगने वाली करोड़ों की बोली देखने का मौका मिलेगा। आखिरी बार 2023 में आईपीएल ऑक्शन भारत में हुआ था, जब कोच्चि ने इसकी मेजबानी की थी।
पिछले 3 सीजन से देश से बाहर हो रहा है आईपीएल ऑक्शन
पिछले तीन वर्षों में आईपीएल की नीलामी अबू धाबी, जेद्दाह और दुबई जैसे विदेशी शहरों में आयोजित की गई है। हालांकि, क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, आईपीएल 2027 ऑक्शन को भारत में आयोजित कराने पर विचार किया जा रहा है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि अगले साल यानी आईपीएल 2028 के मेगा ऑक्शन का आयोजन एक बार फिर विदेश में कराया जा सकता है। ऐसे में 2027 की नीलामी भारत में लौटने की संभावना और 2028 के मेगा ऑक्शन का संभावित विदेशी आयोजन, दोनों ही आईपीएल के आगामी प्लान को खास बनाते हैं।
यह भी पढ़े- वैभव या अभिषेक, किसके साथ चल रही है रेस? ओपनिंग स्लॉट को लेकर पहली बार आया सैमसन का खुला बयान
वेन्यू को लेकर अभी नहीं किया गया है अंतिम फैसला
आईपीएल 2027 का मिनी ऑक्शन भारत में आयोजित किए जाने की संभावना है, लेकिन अभी तक इसके लिए किसी वेन्यू पर अंतिम मुहर नहीं लगी है। रिपोर्ट के मुताबिक, आयोजन स्थल का चयन फ्रेंचाइजी और उनके डेलीगेशन के लिए होटल में कमरों की उपलब्धता को ध्यान में रखकर किया जाएगा। अक्टूबर से दिसंबर के बीच भारत में शादी का सीजन होने के कारण 5-स्टार होटलों में कमरे मिलना एक बड़ी चुनौती बन सकता है। ऐसे में बीसीसीआई नीलामी की तारीख और वेन्यू तय करते समय होटल की उपलब्धता को प्राथमिकता देगा। आमतौर पर आईपीएल ऑक्शन दो दिनों तक चलता है, जिसके लिए लगभग 100 कमरों की जरूरत पड़ती है। यही वजह है कि आयोजन स्थल का फैसला केवल सुविधा नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था को ध्यान में रखकर किया जाएगा।
क्यों लिया गया फैसला?
आईपीएल ऑक्शन को भारत वापस लाने के पीछे फ्रेंचाइजी की मांग भी एक अहम वजह बताई जा रही है। कई टीमों ने अपने डेलीगेशन को विदेश ले जाने से जुड़ी लॉजिस्टिक और ऑपरेशनल चुनौतियों को लेकर चिंता जताई थी। विदेशी आयोजन में यात्रा, ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं को संभालना टीमों के लिए अतिरिक्त जटिलताएं पैदा करता है। रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई अधिकारियों ने पिछले साल अबू धाबी में हुई नीलामी के दौरान ही ऑक्शन को भारत में आयोजित कराने के विकल्प पर विचार किया था। अब 2027 के मिनी ऑक्शन को देश में कराने की संभावना पर चर्चा आगे बढ़ रही है, हालांकि अंतिम वेन्यू और तारीख की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।




