गेंदबाज ने बल्ले से रचा इतिहास! नंबर-11 पर उतरकर बनाया टी20 का ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड, जो पहले कभी नहीं बना
जयदेव उनादकट ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 26 गेंदों पर 40 रन बनाकर टी20 क्रिकेट का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। नंबर-11 पर बल्लेबाजी करते हुए तोड़ा डैनी ब्रिग्स का 6 साल पुराना रिकॉर्ड।

Jaydev Unadkat Sets a World Record with the Bat: क्रिकेट के मैदान पर कभी-कभी ऐसे कारनामे देखने को मिलते हैं, जिनकी कल्पना करना भी मुश्किल होता है। खासकर टी20 क्रिकेट में जहां बल्लेबाजों का दबदबा रहता है, वहां गेंदबाजों से आमतौर पर विकेट लेने की उम्मीद की जाती है। लेकिन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में एक भारतीय तेज गेंदबाज ने बल्ले से ऐसा कमाल कर दिखाया, जिसने टी20 क्रिकेट के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। यह कारनामा किसी और ने नहीं, बल्कि अनुभवी तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने किया है।
टी20 में नंबर-11 पर जयदेव उनादकट ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
दरअसल, सौराष्ट्र की ओर से खेलते हुए उनादकट ने नंबर-11 पर बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 40 रन की विस्फोटक पारी खेली। इसके साथ ही उन्होंने मेंस टी20 क्रिकेट के इतिहास में 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
9 विकेट गिरने के बाद भी नहीं मानी हार
सौराष्ट्र और तमिलनाडु के बीच खेले गए मुकाबले में सौराष्ट्र की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई थी। टीम ने महज 92 रन के स्कोर तक अपने 9 विकेट गंवा दिए थे। ऐसा लग रहा था कि सौराष्ट्र की पारी जल्द ही खत्म हो जाएगी और टीम बेहद कम स्कोर पर सिमट जाएगी।
लेकिन आखिरी विकेट पर बल्लेबाजी करने आए जयदेव उनादकटने मुकाबले की तस्वीर बदलने की कोशिश की। उन्होंने तमिलनाडु के गेंदबाजों का सामना करते हुए 26 गेंदों में 40 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में वह आक्रामकता देखने को मिली, जिसकी उम्मीद आमतौर पर किसी विशेषज्ञ बल्लेबाज से की जाती है।
भले ही उनादकट अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके, लेकिन उन्होंने अपने नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज करा लिया, जो लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
6 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त
जयदेव उनादकट से पहले मेंस टी20 क्रिकेट में नंबर-11 पर सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के डैनी ब्रिग्स के नाम था। उन्होंने बिग बैश लीग 2020 में एडिलेड स्ट्राइकर्स की ओर से खेलते हुए 18 गेंदों में नाबाद 35 रन बनाए थे।
अब करीब छह साल बाद उनादकट ने 40 रन की पारी खेलकर इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इस तरह भारतीय गेंदबाज ने टी20 क्रिकेट में नंबर-11 के बल्लेबाज के तौर पर सबसे बड़ी पारी खेलने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
यह भी पढ़े- इंग्लैंड में भारत को जिताया, अब न्यूजीलैंड में पानी पिलाया! सिराज के साथ आखिर क्यों हो रहा ऐसा?
गेंदबाजी में 271 विकेट, अब बल्लेबाजी में भी बनाया इतिहास
जयदेव उनादकट लंबे समय से घरेलू में अपनी गेंदबाजी के दम पर पहचान बनाते आए हैं। उनके टी20 करियर पर नजर डालें तो उन्होंने 224 मुकाबलों में 271 विकेट हासिल किए हैं। वहीं बल्लेबाजी में उनके नाम कुल 624 रन दर्ज हैं, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है। ऐसे में 26 गेंदों में 40 रन की यह पारी उनके टी20 करियर की सबसे यादगार पारियों में शामिल हो गई है। यह प्रदर्शन दिखाता है कि निचले क्रम के बल्लेबाज भी टी20 क्रिकेट में मुकाबले का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।
38 रन से हारी सौराष्ट्र, लगातार तीसरी हार
हालांकि जयदेव उनादकट की रिकॉर्डतोड़ पारी के बावजूद सौराष्ट्र की टीम मुकाबला नहीं जीत सकी। तमिलनाडु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 192 रन बनाए थे। 193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की टीम लगातार विकेट गंवाती रही। एक समय उसके 9 विकेट महज 92 रन पर गिर चुके थे। इसके बाद उनादकट ने 40 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन बाकी बल्लेबाजों से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। आखिरकार सौराष्ट्र की पूरी टीम 16.4 ओवर में 154 रन पर सिमट गई और उसे 38 रन से हार का सामना करना पड़ा।




