3 ओवर में 9 विकेट… 21 वर्षीय खिलाड़ी ने IPL 2026 के बीच रचा इतिहास, वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया
IPL 2026 के बीच एक युवा ऑलराउंडर ने T20I में इतिहास रच दिया। 3 ओवर में 9 विकेट लेकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड और पूरी टीम को कर दिया ढेर।

Laura Cardoso's world record in T20I: गुरुवार, 9 अप्रैल को IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच एक बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें ऋषभ पंत की कप्तानी वाली LSG ने 3 विकेट से जीत दर्ज की। लखनऊ की जीत में मुकुल चौधरी हीरो रहे, जिन्होंने मुश्किल हालात में तूफानी अर्धशतक लगाकर टीम को जीत दिलाई। मुकाबले के बाद हर तरफ मुकुल की चर्चा हो रही है। हालांकि, इसी दिन एक खास वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना, जो ब्राजील की लॉरा कार्डसो ने बनाया। 21 वर्षीय ऑलराउंडर मेंस या विमेंस T20I में 9 विकेट लेने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं।
लॉरा कार्डसो का ऐतिहासिक प्रदर्शन BCA Kalahari Women's T20 International Tournament में देखने को मिला। लेसोथो के खिलाफ अपनी घातक गेंदबाज़ी से उन्होंने विपक्षी टीम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया और विकेटों की झड़ी लगा दी। इस युवा खिलाड़ी ने महज तीन ओवर में 4 रन देकर 9 विकेट झटके, जिसमें हैट्रिक भी शामिल रही।
यह भी पढ़ें: RR vs RCB Pitch Report- जानें कैसा रहेगा पिच का मिजाज, कौन मार सकता है बाज़ी?
इस प्रदर्शन के साथ कार्डसो ने T20I की एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ी का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड भूटान के बाएं हाथ के स्पिनर सोनम येशे के नाम था, जिन्होंने पिछले साल म्यांमार के खिलाफ 7 रन देकर 8 विकेट लिए थे। वहीं, महिला क्रिकेट में यह रिकॉर्ड इंडोनेशिया की ऑफ स्पिनर रोहमालिया रोहमालिया के नाम था, जिन्होंने अप्रैल 2024 में मंगोलिया के खिलाफ 0 रन देकर 7 विकेट लिए थे।
लॉरा कार्डसो ने किस तरह बरपाया कहर
ब्राजील ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 202/8 का बड़ा स्कोर खड़ा किया, लेकिन लॉरा कार्डसो को शायद अंदाजा भी नहीं था कि गेंदबाज़ी में वो इतिहास रचने वाली हैं। वह खुद बल्लेबाज़ी में सिर्फ 4 रन बनाकर जल्दी आउट हो गई थीं। लेसोथो की पारी में कार्डसो ने दूसरे ओवर में गेंदबाजी शुरू की और आते ही कहर बरपा दिया। उन्होंने अपनी चौथी, पांचवीं और छठी गेंद पर लगातार तीन विकेट लेकर शानदार हैट्रिक पूरी की।
इसके बाद तो लेसोथो के लिए हालात और भी खराब होते चले गए। कार्डसो ने चौथे ओवर में पांच गेंदों के अंदर चार विकेट झटके और फिर छठे ओवर में दो और विकेट लेकर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। उन्होंने अपने स्पेल में कुल 3 ओवर, 2 मेडन, 4 रन देकर 9 विकेट (3-2-4-9) लिए, जो T20I इतिहास का सबसे घातक प्रदर्शन बन गया।
एक समय ऐसा लग रहा था कि वह T20I इतिहास में एक ही पारी के सभी 10 विकेट लेने वाली पहली खिलाड़ी बन जाएंगी, क्योंकि लेसोथो का स्कोर 13/9 हो चुका था। हालांकि, अगला ओवर फेंकने आई मैरिएन आर्टुर ने आखिरी बल्लेबाज़ को स्टंप आउट कर दिया।आखिरकार लेसोथो की पूरी टीम महज 13 रन पर सिमट गई, जो महिला T20I इतिहास के सबसे कम स्कोर में से एक है।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




