एक ओवर में पहली बार 6 छक्के जड़ने वाले दिग्गज का निधन, क्रिकेट जगत में छाई शोक की लहर
वेस्टइंड़ीज के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर खिलाड़ी सर गारफील्ड सोबर्स ने 89 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। उन्होंने करीब 2 दशक के करियर में कईं ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की थी।

West Indies legend Garry Sobers passes away: विश्व क्रिकेट में पहली बार 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाने वाले महान खिलाड़ी ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। शुक्रवार को वेस्टइंडीज के महान ऑलराउंडर खिलाड़ी रहे सर गारफील्ड सोबर्स ने 89 साल की उम्र में अंतिम सांस ली, और इसके साथ ही वर्ल्ड क्रिकेट में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।
गैरी सोबर्स ने 89 की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
दुनिया के सबसे महान ऑलराउंडर्स खिलाड़ी में शुमार रहे गैरी सोबर्स अपने 90वें जन्मदिन से ठीक 2 सप्ताह पहले दुनिया को छोड़ चल बसे हैं। लेकिन वो क्रिकेट के फील्ड पर अपने ऐतिहासिक योगदान के लिए कईं यादें छोड़ गए हैं। सोबर्स ने 1954 से 1974 तक इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके नाम का डंका बजा था।
सोबर्स ने 93 टेस्ट में 8 हजार से ज्यादा रन और 235 विकेट किए अपने नाम
इस महान कैरेबियाई खिलाड़ी ने सिर्फ 16 साल की उम्र में प्रथम श्रेणी क्रिकेट की शुरुआत कर दी थी और 18 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रख दिया था। उन्होंने करीब 2 दशक तक वेस्टइंडीज टीम की सेवाएं की, जिसमें 93 टेस्ट मैचों में करीब 58 की बेजोड़ औसत से 8032 रन बनाए, जिसमें 26 शतक और 30 अर्धशतक शामिल रहे। साथ ही 235 विकेट भी हासिल किए।
6 गेंद पर 6 छक्के लगाने वाले क्रिकेट इतिहास के पहले बल्लेबाज रहे गैरी
गैरी सोबर्स के नाम कईं ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी हैं, जहां वो वर्ल्ड क्रिकेट में किसी प्रोफेशनल मैच में पहली बार 6 गेंद में 6 छक्के लगाने का कारनामा करने वाले बल्लेबाज रहे। ये कमाल उन्होंने 1968 में काउंटी क्रिकेट में ग्लेमॉर्गन के खिलाफ नॉटिंघमशायर के लिए खेलते हुए किया।
इतना ही नहीं गैरी सोबर्स के नाम और भी कुछ ऐतिहासिक उपलब्धियां दर्ज हैं। तो चलिए आपको इस महान बल्लेबाज की सभी उपलब्धियों के बारे में बताते हैं।
#1. सबसे कम उम्र में टेस्ट तिहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज:
सर गैरी सोबर्स ने महज 21 साल और 216 दिन की उम्र में टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक जड़कर इतिहास रच दिया। उस समय यह उपलब्धि क्रिकेट जगत के लिए अविश्वसनीय मानी गई थी।
#2. 365 रन की ऐतिहासिक पारी:
सोबर्स की 365 रन* की पारी कई दशकों तक टेस्ट क्रिकेट का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर रही। उनका यह रिकॉर्ड 1994 में ब्रायन लारा के 375 रन बनाने तक कायम रहा।
#3. 8000+ टेस्ट रन बनाने वालों में सबसे बेहतरीन औसत:
टेस्ट क्रिकेट में 8000 से अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सर गैरी सोबर्स का 57.78 का बल्लेबाजी औसत सबसे ऊंचा है। यह उनकी निरंतरता और क्लास का सबसे बड़ा प्रमाण माना जाता है।
#4. 8000 रन और 200 विकेट का खास डबल:
सर गैरी सोबर्स टेस्ट क्रिकेट में 8000 से ज्यादा रन और 200 से ज्यादा विकेट लेने वाले दुनिया के सिर्फ दो खिलाड़ियों में शामिल हैं। बाद में यह उपलब्धि दक्षिण अफ्रीका के महान ऑलराउंडर जैक्स कैलिस ने भी हासिल की।
#5. एक ओवर में लगातार 6 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज:
सर गैरी सोबर्स ने 1968 में प्रोफेशनल क्रिकेट के इतिहास में पहली बार एक ही ओवर की सभी 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाकर नया इतिहास रच दिया। यह कारनामा आज भी क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित रिकॉर्ड्स में गिना जाता है।




