"...आखिरी मैच खेल लिया" - MI स्टार पर आकाश चोपड़ा का बड़ा बयान, बदलाव का दिया सुझाव
RCB के खिलाफ MI की हार के बाद आकाश चोपड़ा ने स्टार खिलाड़ी पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि शायद यह इस महीने उसका आखिरी मैच था और टीम में बदलाव की जरूरत बताई।

MI vs RCB: IPL 2026 में मुंबई इंडिंयस का खराब प्रदर्शन जारी है और टीम को एक के बाद एक हार का सामना करना पड़ रहा है। रविवार, 12 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में मुंबई को घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 18 रनों से हरा दिया। इस तरह हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली टीम ने लगातार तीसरी शिकस्त झेली, जिसके बाद काफी ज्यादा सवाल खड़े हो रहे हैं। मुकाबले के बाद, आकाश चोपड़ा का भी बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने पांच बार की चैंपियन टीम की गेंदबाजी पर सवाल खड़े किए हैं। इसके अलावा उन्होंने स्टार खिलाड़ी को ड्रॉप करने का भी सुझाव दिया है।
मौजूदा आईपीएल सीजन के अपने चौथे मैच में मुंबई इंडियंस को अपनी गेंदबाजी की वजह से हार का सामना करना पड़ा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाजों ने जमकर आतंक मचाया और 20 ओवर में 240/4 का स्कोर बना दिया, जिसके जवाब में मुंबई की टीम पूरे ओवर खेलकर 222/5 का ही स्कोर बना पाई। मैच में लेग स्पिनर मयंक मारकंडे बहुत महंगे साबित हुए और उन्होंने महज दो ओवर में 40 रन जड़ दिए।
यह भी पढ़ें: SRH vs RR मैच में शतक जड़ सकते हैं ये 5 बल्लेबाज, क्या वैभव सूर्यवंशी फिर करेंगे धमाका?
इसी वजह से पूर्व भारतीय खिलाड़ी आकाश चोपड़ा को लगता है कि अब उन्हें जल्दी मौका नहीं मिलेगा। चोपड़ा ने कहा है कि मयंक को बाहर करते हुए रघु शर्मा को खिलाना चाहिए।
MI की गेंदबाजी पर आकाश चोपड़ा ने उठाए सवाल, मारकंडे को बाहर करने की मांग
अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए वीडियो में, आकाश चोपड़ा ने मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी को बेहद साधारण बताया। उन्होंने कहा,
"मुंबई की गेंदबाजी बेहद सुस्त दिख रही है। चार मैच हो चुके हैं और जसप्रीत बुमराह ने अभी तक एक भी विकेट नहीं लिया है। बेशक, उनकी इकॉनमी अभी भी सिंगल डिजिट में है, और वो इकॉनमी सिंगल डिजिट में रखने वाले एकमात्र गेंदबाज हैं, लेकिन फिर भी उन्हें अभी तक एक भी विकेट नहीं मिला है। टीमें अब उनके खिलाफ सावधानी से खेलने लगी हैं क्योंकि बाकी सभी गेंदबाजों के ओवरों में 12 से 15 रन पड़ रहे हैं।"
चोपड़ा ने आगे कहा,"ट्रेंट बोल्ट ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन नई गेंद से उन्हें काफी रन पड़ रहे हैं। हार्दिक पांड्या ने इस मैच में वास्तव में अच्छी गेंदबाजी की। मयंक मारकंडे, मुझे लगता है कि उन्होंने इस महीने का अपना आखिरी मैच खेल लिया है। अगले महीने उनके बारे में सोचा जा सकता है। रघु शर्मा को खिलाइए। शार्दुल ठाकुर को देखिए, वो विकेट जरूर लेते हैं, लेकिन एक ओवर में 10 से 12 रन से कम नहीं देते।"
बता दें कि RCB के खिलाफ MI की तरह से जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ही दो ऐसे गेंदबाज रहे, जिन्होंने चार ओवर का स्पेल पूरा करने पर 40 से कम रन खर्च किए। बुमराह ने 0/35 और हार्दिक ने 1/39 के आंकड़े दर्ज किए।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




