IPL से संन्यास के बाद धोनी ने काटा केक, माही के रिटायरमेंट सेलिब्रेशन का वीडियो हुआ वायरल!
चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी रहे महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल से रिटायरमेंट ले लिया है। इस फैसले के बाद उन्होंने एक शानदार अंदाज में सेलिब्रेशन किया।

MS Dhoni's Retirement Celebration: क्रिकेट की दुनिया में कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं, जिनकी विदाई सिर्फ एक करियर का अंत नहीं, बल्कि एक पूरे दौर का खत्म होना होती है। महेंद्र सिंह धोनी भी उन्हीं में से एक हैं। 17 नवंबर को 45 साल की उम्र में आईपीएल से संन्यास का ऐलान कर माही ने करोड़ों फैंस को भावुक कर दिया। हालांकि, चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका रिश्ता अभी खत्म नहीं हुआ है। संन्यास के एक दिन बाद धोनी ने केक काटकर अपने इस नए सफर का जश्न मनाया। अब उनके रिटायरमेंट सेलिब्रेशन का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
संन्यास के बाद धोनी ने काटा केक, खास अंदाज में मनाया जश्न
आईपीएल से संन्यास की घोषणा के बाद धोनी ने सोशल मीडिया पर चेन्नई सुपर किंग्स के साथ अपने लंबे सफर की यादों का एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में माही के चेन्नई के साथ बिताए यादगार पलों की झलक देखने को मिली थी। इसे देखकर फैंस काफी भावुक हो गए थे।
लेकिन इसके अगले ही दिन यानी 18 नवंबर को धोनी का एक अलग अंदाज देखने को मिला। उन्होंने केक काटकर अपने आईपीएल रिटायरमेंट का जश्न मनाया। चेन्नई सुपर किंग्स ने भी इस खास पल का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं। केक पर माही के लिए खास संदेश भी लिखा हुआ था। देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया और फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ी को नए सफर के लिए शुभकामनाएं देने लगे।
यह भी पढ़े- 2026 का पहला टेस्ट खेलते ही जसप्रीत बुमराह का ऐतिहासिक धमाका, जवागल श्रीनाथ को पछाड़कर रचा बड़ा रिकॉर्ड
ऐसा रहा धोनी का आईपीएल करियर
महेंद्र सिंह धोनी का आईपीएल करियर किसी सुनहरी कहानी से कम नहीं रहा। साल 2008 में पहले सीजन से इस टूर्नामेंट का हिस्सा बने माही ने अपनी कप्तानी, बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग से अलग पहचान बनाई। उन्होंने आईपीएल में कुल 278 मुकाबले खेले और 5,439 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 24 अर्धशतक निकले और उनका बल्लेबाजी औसत 38.30 रहा। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स को अपनी कप्तानी में पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाया। धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में खिताब जीते। वह आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं।
2027 में नए अवतार में नजर आएंगे माही
धोनी के संन्यास के बाद सबसे बड़ा सवाल यही था कि क्या उनका चेन्नई सुपर किंग्स से रिश्ता भी खत्म हो जाएगा? लेकिन ऐसा नहीं हुआ। फ्रेंचाइजी ने साफ कर दिया है कि माही आईपीएल 2027 से टीम के मेंटॉर की भूमिका निभाएंगे। यानी अब वह मैदान पर बल्ले और विकेटकीपिंग ग्लव्स के साथ नहीं, बल्कि ड्रेसिंग रूम में अपने अनुभव और रणनीति से खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते नजर आएंगे।
धोनी का केक काटकर जश्न मनाना इस बात का संकेत है कि माही अपने जीवन की नई पारी का स्वागत कर रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि मेंटॉर के रूप में उनका अनुभव चेन्नई को एक बार फिर चैंपियन बनाने में कितनी अहम भूमिका निभाता है।




