CSK फैंस का टूटेगा दिल! धोनी ने IPL से लिया संन्यास, अब पीली जर्सी में इस नई भूमिका में आएंगे नजर
इंडियन प्रीमियर लीग 2027 के रिटेंशन की आखिरी तारीख 17 नवंबर को चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस का दिल तोड़ते हुए महेंद्र सिंह धोनी ने संन्यास ले लिया है। हालांकि वो टीम के साथ नए रोल में दिखेंगे।

MS Dhoni Retirement: इंडियन प्रीमियर लीग में एक ऐसे युग का अंत हो गया है, जिसे शायद ही कोई क्रिकेट फैन कभी भूल पाएगा। चेन्नई सुपर किंग्स को नई पहचान दिलाने वाले महेंद्र सिंह धोनी अब बतौर खिलाड़ी पीली जर्सी में नजर नहीं आएंगे। करीब दो दशक तक CSK की पहचान रहे माही ने अपने IPL करियर को अलविदा कह दिया है। हालांकि, चेन्नई के साथ उनका रिश्ता खत्म नहीं हुआ है। IPL 2027 से धोनी टीम के मेंटर की नई भूमिका संभालेंगे।
रिटेंशन के दिन CSK ने किया बड़ा ऐलान
चेन्नई सुपर किंग्स ने 17 नवंबर को IPL रिटेंशन की डेडलाइन वाले दिन इस बड़े बदलाव की पुष्टि की। धोनी अब बतौर खिलाड़ी टीम का हिस्सा नहीं होंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कुछ महीने पहले ही फ्रेंचाइजी के सामने खिलाड़ी के रूप में आगे नहीं खेलने की इच्छा जाहिर कर दी थी। रिटेंशन को लेकर हुई बातचीत के दौरान उन्होंने CSK से खुद को रिलीज करने के लिए भी कहा था।
धोनी की उम्र 45 साल हो चुकी है और पिछले सीजन में घुटने की परेशानी के कारण उनका खेलना भी प्रभावित हुआ था। ऐसे में उन्होंने अपने IPL करियर को आगे बढ़ाने के बजाय टीम के साथ नई भूमिका में जुड़ने का फैसला किया। अब 2027 के सीजन से वह CSK के मेंटर के रूप में नजर आएंगे।
2008 से शुरू हुआ सफर, CSK की पहचान बन गए धोनी
महेंद्र सिंह धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स का रिश्ता सिर्फ एक खिलाड़ी और फ्रेंचाइजी तक सीमित नहीं रहा है। IPL के पहले सीजन यानी 2008 से ही धोनी इस टीम के सबसे बड़े चेहरे रहे हैं। उनकी कप्तानी में चेन्नई ने कई ऐतिहासिक सफलताएं हासिल कीं और IPL की सबसे लोकप्रिय टीमों में अपनी जगह बनाई।
चेपॉक स्टेडियम में माही के नाम की गूंज, आखिरी ओवरों में उनके लगाए हेलिकॉप्टर शॉट और मुश्किल परिस्थितियों में मैच खत्म करने का उनका अंदाज CSK फैंस के लिए हमेशा खास रहा है। अब विकेट के पीछे धोनी की फुर्ती, बल्ले से मैच जिताने का जादू और मैदान पर उनके फैसले फैंस को बतौर खिलाड़ी देखने को नहीं मिलेंगे।
'धोनी के बिना CSK की कल्पना नहीं'
चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक एन श्रीनिवासन ने भी धोनी के इस फैसले पर अपनी भावनाएं जाहिर कीं। उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी के बिना CSK की कल्पना नहीं की जा सकती। करीब दो दशकों से फ्रेंचाइजी और धोनी एक साथ आगे बढ़े हैं और इस दौरान दोनों ने जीत, मुश्किल दौर और कई यादगार पल साझा किए हैं।
यह भी पढ़े- राजस्थान रॉयल्स का KKR को बड़ा ऑफर! सुनील नरेन के बदले यशस्वी जायसवाल को देने की तैयारी?
श्रीनिवासन ने यह भी याद किया कि 2008 में उन्होंने धोनी को चेन्नई टीम में शामिल करने पर जोर दिया था। उन्होंने इसे अपने सबसे बेहतरीन फैसलों में से एक बताया। उनके मुताबिक, धोनी की उपलब्धियों के अलावा उनका व्यक्तित्व भी इस रिश्ते को खास बनाता है।
उन्होंने इस रिश्ते की मजबूती के पीछे आपसी भरोसे को सबसे बड़ी वजह बताया। उनका मानना है कि दोनों पक्षों ने कभी एक-दूसरे की नीयत पर सवाल नहीं उठाया और यही विश्वास इस लंबे सफर की सबसे बड़ी ताकत रहा।
अब मेंटर के रूप में दिखेगा माही का नया अवतार
धोनी के IPL करियर का अंत जरूर हो गया है, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनकी कहानी अभी बाकी है। अब उनका अनुभव और क्रिकेट की समझ टीम के खिलाड़ियों के काम आएगी। मेंटर के रूप में वह टीम को मार्गदर्शन देते नजर आएंगे।
CSK के लिए यह सिर्फ एक खिलाड़ी की विदाई नहीं, बल्कि एक ऐसे चेहरे के मैदान से हटने का पल है जिसने करीब 20 साल तक इस फ्रेंचाइजी को अपनी पहचान दी। माही अब मैदान पर बल्ला लेकर नहीं उतरेंगे, लेकिन पीली जर्सी के साथ उनका जुड़ाव बरकरार रहेगा। बस फर्क इतना होगा कि इस बार धोनी की भूमिका बदली हुई होगी।




