मुंबई इंडियंस को मिला नया हेड कोच, CSK के सबसे बड़े दुश्मन को बनाया महेला जयवर्धने का रिप्लेसमेंट
इंडियन प्रीमियर लीग की 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने हेड कोच के पद से महेला जयवर्धने को हटाने के बाद अपनी टीम का नया हेड कोच नियुक्त कर लिया है।

Mumbai Indians New Head Coach: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने अपने कोचिंग सेटअप में बड़ा बदलाव कर दिया है। पांच बार की चैंपियन फ्रेंचाइजी ने महेला जयवर्धने का रिप्लेसमेंट ढूंढ निकालते हुए अपने साथ कईं सालों तक खेले पूर्व दिग्गज खिलाड़ी को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है।
जयवर्धने की छुट्टी होने के करीब एक हफ्ते के अंदर ही मुंबई इंडियंस ने बड़ा फैसला करते हुए वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड को अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। पोलार्ड इससे पहले टीम के बैटिंग कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उन्हें टीम की पूरी कोचिंग व्यवस्था की कमान सौंपी गई है।
बैटिंग कोच से अब हेड कोच बने पोलार्ड
मुंबई इंडियंस के लिए कीरोन पोलार्ड कोई नया नाम नहीं हैं। वह लंबे समय तक इस फ्रेंचाइजी के लिए बतौर खिलाड़ी मैदान पर उतरे और अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से टीम को कई यादगार जीत दिलाईं। IPL से बतौर खिलाड़ी संन्यास लेने के बाद भी उनका मुंबई इंडियंस से रिश्ता कायम रहा और वह बैटिंग कोच की भूमिका में टीम के साथ जुड़े रहे। अब फ्रेंचाइजी ने उन पर एक बड़ी जिम्मेदारी के लिए भरोसा जताया है।
पोलार्ड को टीम के कल्चर, खिलाड़ियों की क्षमता और दबाव वाले मुकाबलों की परिस्थितियों का गहरा अनुभव है। ऐसे में मुंबई इंडियंस को उम्मीद होगी कि उनका अनुभव आगामी सीजन में टीम के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में मदद करेगा।
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पोलार्ड का दबदबा
आईपीएल की सबसे सफलतम टीमों में शुमार चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ कीरोन पोलार्ड सबसे बड़े मैच विनर के तौर पर साबित हुए हैं। धोनी की टीम के लिए विलेन साबित होने वाले इस खिलाड़ी को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। कीरोन पोराल्ड की बात करें तो उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 23 मैच की 23 पारियों में करीब 36 की औसत और 171 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट से 583 रन बनाएं हैं। इस दौरान 87 रन नाबाद उनका बेस्ट स्कोर रहा है।
महेला जयवर्धने के जाने के बाद मिली जिम्मेदारी
मुंबई इंडियंस के कोचिंग सेटअप में यह बदलाव महेला जयवर्धने के पद छोड़ने के बाद हुआ है। जयवर्धने ने IPL 2027 से पहले हेड कोच की भूमिका से हटने का फैसला किया था। उनके कार्यकाल में मुंबई इंडियंस ने तीन IPL खिताब जीते थे। हालांकि, IPL 2026 में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और फ्रेंचाइजी को 14 मुकाबलों में केवल 4 जीत मिलीं।
यह भी पढ़े- ODI क्रिकेट इतिहास के 5 सबसे बड़े रनचेज, 3 बार किया जा चुका है 400 से ज्यादा का टारगेट हासिल
अब पोलार्ड के सामने टीम को दोबारा खिताबी दौड़ में मजबूत दावेदार बनाने की चुनौती होगी। मुंबई इंडियंस के पास कई अनुभवी और प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, लेकिन पिछले सीजन के प्रदर्शन को देखते हुए टीम मैनेजमेंट आगामी सीजन में बेहतर नतीजे चाहेगा।
IPL 2027 में पोलार्ड के सामने होगी बड़ी चुनौती
कीरोन पोलार्ड के लिए हेड कोच की भूमिका एक नया अध्याय है। खिलाड़ी के तौर पर वह मुंबई इंडियंस के साथ पांच IPL खिताब जीत चुके हैं। अब कोच के रूप में उनकी रणनीति, खिलाड़ियों के साथ तालमेल और मुश्किल परिस्थितियों में फैसले लेने की क्षमता पर नजर रहेगी।
मुंबई इंडियंस के फैंस को उम्मीद होगी कि पोलार्ड का टीम के साथ पुराना जुड़ाव और उनका T20 क्रिकेट का अनुभव फ्रेंचाइजी को नई दिशा देगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि नए हेड कोच के नेतृत्व में मुंबई इंडियंस IPL 2027 में किस तरह का प्रदर्शन करती है