ऋषभ पंत को लगी जोरदार गेंद, दर्द से कराहते हुए मैदान छोड़ा! RCB vs LSG मैच से बाहर?
आईपीएल 2026 के RCB vs LSG मैच में ऋषभ पंत हेजलवुड की गेंद लगने से चोटिल हो गए और रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। उनकी फिटनेस पर अब सवाल खड़े हो गए हैं।

Rishabh Pant injured during RCB vs LSG Match: बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे IPL 2026 के 23वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान ऋषभ पंत चोटिल होकर मैदान छोड़ने पर मजबूर हो गए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ बल्लेबाजी करते समय उन्हें जोश हेजलवुड की गेंद कोहनी पर लग गई, जिसके बाद वे दर्द से कराहते नजर आए और अंत में रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए।
नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए ऋषभ पंत सिर्फ 3 गेंदों का सामना कर सके और अपना खाता भी नहीं खोल पाए। यह घटना पांचवें ओवर के दौरान हुई, जब जोश हेजलवुड की गेंद उनकी कोहनी पर लगी। इसके तुरंत बाद फिजियो मैदान पर आए और उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन वे बल्लेबाजी जारी नहीं रख सके। उनकी चोट ने लखनऊ सुपर जायंट्स की पारी की लय को पूरी तरह प्रभावित कर दिया।
एलएसजी की पारी पर पड़ा असर, मिडिल ऑर्डर पर बढ़ा दबाव
ऋषभ पंत के रिटायर्ड हर्ट होने का असर लखनऊ सुपर जायंट्स की पारी पर पड़ सकता है, क्योंकि उनके पास कुछ ही ओवरों में मैच का रूख पलटने की क्षमता है और वह सीजन में एक अर्धशतक भी लगा चुके हैं। पंत के बाहर जाने के बाद मिडिल ऑर्डर पर काफी दबाव बढ़ गया है और टीम को अब स्थिर साझेदारी बनाने की जरूरत है।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 के बीच Sunrisers Hyderabad में बड़ा बदलाव, खूंखार खिलाड़ी हुआ बाहर; जानें किसे मिला मौका
चोट कितनी गंभीर है, इसको लेकर अभी कोई आधिकारिक अपडेट नहीं आया है। हालांकि, जिस तरीके से वे दर्द में दिखे और तुरंत मैदान छोड़कर गए, उसे देखते हुए उनके इस मैच में दोबारा हिस्सा लेना और अगले मुकाबले में भी खेलने पर संशय बना हुआ है। अगर चोट गंभीर साबित हुई तो लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह बड़ा झटका होगा, क्योंकि पंत टीम के प्रमुख बल्लेबाज और कप्तान हैं।
IPL 2026 में LSG का मिलाजुला रहा है प्रदर्शन
मौजूदा आईपीएल सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन अभी तक उतना अच्छा नहीं रहा है। लखनऊ की टीम ने चार मैचों में दो जीत दर्ज की हैं और दो हार का भी सामना किया है। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम के खाते में अभी 4 अंक हैं और पॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर है। अब देखना होगा कि RCB vs LSG मैच का नतीजा क्या रहता है।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




