टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया की 5 सबसे बड़ी हार, इंग्लैंड में दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड
भारतीय क्रिकेट टीम टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक से एक बड़ी जीत हासिल कर चुकी है, लेकिन कुछ ऐसी हार मिली है, जिससे भारतीय टीम को शर्मसार होना पड़ा है।

Team India's Biggest Losses in T20Is: भारतीय क्रिकेट टीम टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पिछले कुछ साल से एकतरफा राज किया है, लेकिन अब टीम इंडिया के इस वर्चस्व को चुनौती मिलने लगी है, जिसकी शुरुआत आयरलैंड से हुई और आयरलैंड जैसी कमजोर टीम ने भारत को पहली बार टी20 सीरीज में हरा दिया।
इसके बाद अब इंग्लैंड के खिलाफ भी टी20 सीरीज में लगातार 2 हार ने टीम इंडिया को करारा झटका दिया है। वहीं ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे टी20 मैच में तो भारतीय टीम ने इस फॉर्मेट के इतिहास में सबसे शर्मनाक पल का सामना किया है। भारतीय टीम को इंग्लैंड ने एक करारी शिकस्त दी। तो चलिए इस आर्टिकल में भारतीय टीम की टी20 इंटरनेशनल किकेट में रनों के लिहाज से 5 सबसे बड़ी हार के बारे में बताते हैं।
भारतीय टीम की टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पांचवीं सबसे बड़ी हार इसी साल जनवरी में न्यूजीलैंड से मिली थी। विशाखापट्टनम में खेले गए टी20 मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 217 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में टीम इंडिया 18.4 ओवर में 165 रन के स्कोर पर ढेर हो गई और भारत को 50 रन से हार का सामना करना पड़ा।
#4. 51 रन- बनाम दक्षिण अफ्रीका (मुल्लांपुर, 2025)
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारतीय टीम की चौथी सबसे बड़ी हार पिछले साल मिली थी। रनों के अंतर से भारत को 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 51 रन से मात खानी पड़ी थी। दिसंबर 2025 में मुल्लांपुर में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए इस मुकाबले में प्रोटियाज टीम ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 213 रन का स्कोर खड़ा किया था, इसके जवाब में भारतीय टीम 19.1 ओवर में 162 रन के स्कोर पर ही ऑलआउट हो गई और मेहमान टीम ने 51 रन से मैच जीत लिया।
#3. 76 रन- बनाम दक्षिण अफ्रीका (अहमदाबाद, 2026)
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 की चैंपियन भारतीय टीम को इसी वर्ल्ड कप में अपनी तीसरी सबसे बड़ी हार का कड़वा घूंट भी पीना पड़ा था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद में खेले गए सुपर-8 के इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 187 रन बोर्ड पर टांग दिए। इसके बाद मैन इन ब्ल्यू 19वें ओवर में ही सिर्फ 111 रन पर आउट हो गई और दक्षिण अफ्रीका ने मैच को 76 रन से जीता।
#2. 80 रन- बनाम न्यूजीलैंड (वेलिंगटन, 2019)
भारतीय टीम के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में रनों के अंतर से दूसरी सबसे बड़ी हार 2019 में आई थी। न्यूजीलैंड के दौरे पर वेलिंगटन में खेले गए मैच में मेजबान न्यूजीलैंड ने इस मुकाबले में पहले खेलते हुए टिम सैइफर्ट की धमाकेदार पारी के दम पर 20 ओवर में 6 विकेट पर 219 रन का स्कोर खड़ा कर दिया। इसके दबाव में टीम इंडिया ज्यादा कुछ खास नहीं कर सकी और 20वें ओवर में ही 139 रन पर आउट हो गई व मैच को कीवी टीम ने 80 रन से जीता।
#1. 125 रन- बनाम इंग्लैंड (ट्रेंट ब्रिज, 2026)
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में टीम इंडिया को इतिहास की सबसे शर्मनाक हार का सामना इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में करना पड़ा। इंग्लैंड के दौरे पर भारतीय टीम को तीसरे टी20 मैच के दौरान पहली बार 100 या उससे ऊपर की हार मिली। इस मुकाबले में इंग्लैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 207 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और 12वें ओवर में ही केवल 76 रन के स्कोर पर सिमट गई व इंग्लैंड ने 125 रन से मुकाबला जीत लिया।




