25 मिनट में सूख जाएगा पूरा मैदान! काशी के इस स्टेडियम में छिपा है ऐसा राज, दुनिया रह जाएगी हैरान
भारत के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भगवान शिव नगरी काशी में दुनिया का सबसे अनोखा स्टेडियम तैयार हो चुका है। इस स्टेडियम में बारिश के पानी को पलभर में सोखने के लिए खास इंतजाम किया गया है।

Unique cricket stadium is ready in Varanasi: भगवान शिव की नगरी काशी अब क्रिकेट के नक्शे पर भी अपनी अलग पहचान बनाने जा रही है। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित गंजारी में एक भव्य इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम तैयार किया गया है, जिसकी खासियत सिर्फ इसकी खूबसूरत डिजाइन ही नहीं, बल्कि आधुनिक सुविधाएं भी हैं। भगवान शिव की थीम पर बने इस स्टेडियम में काशी की संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत की झलक देखने को मिलती है। लेकिन इसकी सबसे बड़ी खासियत बारिश से जुड़ी है। यहां बारिश रुकने के बाद महज 20 से 25 मिनट में मैदान को दोबारा मैच के लिए तैयार किया जा सकेगा।
25 मिनट में मैदान होगा खेलने के लिए तैयार
क्रिकेट में बारिश के कारण मैच रुकना और मैदान सूखने का इंतजार करना आम बात है। कई भारतीय स्टेडियमों में बारिश रुकने के बाद भी खेल दोबारा शुरू होने में एक घंटे से ज्यादा का समय लग जाता है। हालांकि, काशी के इस नए स्टेडियम में ऐसी आधुनिक ड्रेनेज व्यवस्था की गई है, जिससे कथित तौर पर 100 मिलीमीटर तक बारिश का पानी महज 25 मिनट में बाहर निकाला जा सकेगा। इससे मैदान को जल्द दोबारा खेलने लायक बनाया जा सकेगा। यह सुविधा खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी बड़ी राहत साबित हो सकती है।
450 करोड़ रुपये की लागत से हुआ निर्माण
इस अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को तैयार करने में कथित तौर पर करीब 450 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसमें लगभग 120 करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण पर लगाए गए हैं। स्टेडियम में 30 हजार से अधिक दर्शकों के बैठने की क्षमता है। मुख्य मैदान में नौ पिच बनाई गई हैं, जबकि अभ्यास के लिए अलग मैदान में पांच पिच मौजूद हैं।
भगवान शिव की थीम पर तैयार हुआ पूरा स्टेडियम
इस स्टेडियम का आर्किटेक्चर भगवान शिव और काशी की सांस्कृतिक पहचान से प्रेरित है। यहां छह त्रिशूल के आकार के फ्लडलाइट टावर बनाए गए हैं। प्रत्येक टावर की ऊंचाई 65 मीटर है और इसमें 95 लाइटें लगाई गई हैं। इसके अलावा स्टेडियम की छत पर अर्धचंद्राकार डिजाइन और दर्शकों के बैठने की व्यवस्था में काशी के प्रसिद्ध घाटों की झलक देखने को मिलती है।
स्टेडियम के बाहरी हिस्से में बेलपत्र के आकार की धातु की चादरें लगाई गई हैं। वहीं, मुख्य ढांचे में डमरू के आकार का डिजाइन तैयार किया गया है, जिसमें मीडिया सेंटर बनाया गया है। इस तरह स्टेडियम की हर प्रमुख संरचना में महादेव की नगरी की पहचान को शामिल करने की कोशिश की गई है।
यह भी पढ़े- जिस खिलाड़ी से भारत को था सबसे बड़ा खतरा, वही टेस्ट सीरीज से हुआ बाहर!, कीवी टीम पर टूटा आफत का पहाड़
खिलाड़ियों से लेकर VIP तक के लिए खास सुविधाएं
स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए आधुनिक जिम और दोनों टीमों के लिए अलग-अलग जकूजी की व्यवस्था की गई है। दर्शकों और VIP के लिए छह प्रवेश द्वार बनाए गए हैं, जबकि खिलाड़ियों के लिए अलग गेट रखा गया है। पहली मंजिल पर 17 और दूसरी मंजिल पर 15 कॉर्पोरेट बॉक्स हैं।
इसके अलावा बिजली आपूर्ति के लिए समर्पित पावर सबस्टेशन और स्वचालित जनरेटर की सुविधा भी उपलब्ध है। फिलहाल यहां 1,500 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 2,500 तक किया जा सकता है।
कब होगा स्टेडियम का उद्घाटन?
फिलहाल स्टेडियम में फिनिशिंग का काम जारी है और पूरे परिसर को CCTV निगरानी से लैस किया जा रहा है। उद्घाटन की तारीख अभी आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं हुई है। BCCI और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के अधिकारी स्टेडियम का निरीक्षण करने के बाद उद्घाटन की तारीख पर फैसला ले सकते हैं। इसके शुरू होने के बाद वाराणसी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी करने का नया मंच मिलेगा।




