विराट-रोहित की वापसी का काउंटडाउन शुरू, इस दिन एक साथ फिर से जमेगा सुपरहिट जोड़ी का रंग
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा आखिरी बार एक साथ मैदान में जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई घरेलू सीरीज में खेलते हुए नजर आए थे।

Virat Kohli and Rohit Sharma in ODI Series: भारतीय क्रिकेट टीम के 2 सुपरस्टार विराट कोहली और रोहित शर्मा को एक साथ मैदान में देखने के लिए फैंस हमेशा ही उत्सुक रहते हैं। पिछले कुछ महीनों से फैंस दोनों ही दिग्गजों को मैदान में एक साथ उतरने हुए नहीं देख पाएं हैं, लेकिन अब उनका ये इंतजार खत्म होने वाला है।
एक बार फिर से एक साथ दिखेगी विराट-रोहित की जोड़ी
भारतीय क्रिकेट में पिछले करीब डेढ़ दशक से सबसे बड़े मैच विनर खिलाड़ी रहे विराट कोहली और रोहित शर्मा एक साथ फिर से जल्द ही मैदान में उतरने वाले हैं। टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुकी ये जोड़ी अब सिर्फ वनडे क्रिकेट में ही खेलती हुई नजर आती है। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के बाद दोनों स्टार खिलाड़ी वनडे सीरीज में खेलते हुए दिखेंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में एक साथ मैदान में उतरेंगे दोनों दिग्गज
इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मैच 11 जुलाई को होने के बाद 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। इसकी शुरुआत 14 जुलाई से हो रही है। ऐसे में रोहित-विराट वनडे सीरीज में एक साथ टीम इंडिया को जीताने के लिए मैदान में उतरेंगे।
विराट-रोहित आखिरी बार जनवरी में एक साथ आए थे नजर
भारतीय टीम ने आईपीएल के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज खेली थी, वहां रोहित शर्मा जरूर खेले थे, लेकिन विराट कोहली चोट की वजह से नहीं खेल पाए थे। दोनों ही दिग्गज एक साथ मैदान में आखिरी वक्त जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ उतरे थे। ऐसे में फैंस का करीब 6-7 महीनों का इंतजार अब खत्म होने वाला है।
वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए इंग्लैंड सीरीज काफी अहम
टीम इंडिया के लिए इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज काफी अहम होने वाली है, तो वहीं विराट कोहली और रोहित शर्मा के लिए भी ये सीरीज काफी खास होगी। अगले साल वनडे वर्ल्ड कप होना है। ऐसे में विराट और रोहित दोनों ही नजरें वनडे वर्ल्ड कप में खुद की जगह पूरी तरह से मजबूत करने पर होगी। ऐसे में ये जोड़ी यहां भारतीय टीम के लिए धमाका करना चाहेगी।




