टीम इंडिया की जर्सी में अब कब साथ दिखेंगे रोहित-विराट? फैंस को करना होगा महीनों का इंतजार
भारत और इंग्लैंड के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज खत्म होने के बाद अब भारतीय टीम को अगली वनडे सीरीज के लिए लंबा इंतजार करना होगा।

Rohit Sharma and Virat Kohli: इंग्लैंड के दौरे पर हार के साथ भारतीय टीम की एक सीरीज खत्म हो गई है। भारत और इंग्लैंड के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायर मैच लॉर्ड्स में खेला गया, जहां इंग्लैंड ने भारत को हराकर सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में संन्यास की अटकलों के बीच रोहित शर्मा ने कमाल की पारी खेली तो वहीं विराट कोहली ने भी बखूबी साथ दिया।
टीम इंडिया के दो सुपरस्टार रोहित शर्मा और विराट कोहली की एक बार फिर से लॉर्ड्स में कमाल की जुगलबंदी देखने को मिली और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी की। रोहित शर्मा ने 110 गेंद में 138 रन की बेहतरीन पारी खेली, तो वहीं विराट कोहली भी 60 गेंद में 74 रन बनाने में कामयाब रहे। फैंस के लिए इस जोड़ी को एक-साथ देखना एक खास अहसास है।
अब अगली बार कब एक साथ नजर आएंगे रोहित और विराट?
रोहित शर्मा और विराट कोहली टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट से संन्यास ले चुके हैं। अब भारतीय टीम के लिए सिर्फ वनडे फॉर्मेट ही खेलते हैं। ऐसे में हर कोई ये जानना जरूर चाहेगा कि अब अगली बार ये सुपरहीट जोड़ी मैदान में कब नजर आएगी। तो चलिए आपको बताते हैं कि रोहित और विराट की जोड़ी एक साथ टीम इंडिया की जर्सी में फिर से कब नजर आने वाली है।
सितंबर के आखिर में वेस्टइंडीज करेगी भारत का दौरा
किंग कोहली और हिटमैन को अब अगली बार ब्ल्यू जर्सी में एक साथ देखने के लिए आपको कुछ महीनों का इंतजार करना होगा। क्योंकि अब भारतीय टीम हाल-फिलहाल कोई वनडे सीरीज नहीं खेलने वाली है। भारत को अगली वनडे सीरीज 2 महीनों से ज्यादा समय के बाद सितंबर के आखिर में खेलनी है, जब वेस्टइंडीज की टीम भारत के दौरे पर आएगी।
भारत को वेस्टइंडीज से 27 सितंबर से खेलनी है वनडे सीरीज
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से 3 मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत होगी। इस सीरीज के बाकी दो मैच 30 सितंबर और 3 अक्टूबर को होंगे। ऐसे में रोहित शर्मा और विराट कोहली को देखने के लिए फैंस को काफी लंबा इंतजार करना होगा।




