रोहित शर्मा को फिर से मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाने के पीछे छिपी हैं ये 3 बड़ी वजह
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2027 के लिए रोहित शर्मा को एक बार फिर से कप्तान नियुक्त किया है। 5 बार के चैंपियन कप्तान रहे रोहित शर्मा अब हार्दिक पंड्या की जगह टीम की कमान संभालेंगे।

Rohit Sharma Mumbai Indians New Captain: आईपीएल में मुंबई इंडियंस और रोहित शर्मा का रिश्ता किसी पहचान का मोहताज नहीं है। अपनी कप्तानी में टीम को पांच बार चैंपियन बनाने वाले रोहित शर्मा भले ही पिछले कुछ समय से कप्तानी की जिम्मेदारी से दूर रहे हों, लेकिन मुंबई इंडियंस के लिए उनका महत्व कभी कम नहीं हुआ। अब एक बार फिर उन्हें टीम की कमान सौंपने की चर्चा ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है।
सवाल यह है कि आखिर मुंबई इंडियंस को दोबारा रोहित शर्मा की कप्तानी की जरूरत क्यों महसूस हुई? क्या इसके पीछे सिर्फ उनकी कप्तानी का अनुभव है या फिर टीम के सामने ऐसी चुनौतियां हैं, जिनसे निपटने के लिए फ्रेंचाइजी को अपने पुराने कप्तान की याद आई? चलिए इस आर्टिकल में जानते हैं वे तीन बड़ी वजहें, जिनके चलते रोहित की वापसी को अहम माना जा सकता है।
#1. पांच आईपीएल खिताब जिताने का अनुभव
रोहित शर्मा को दोबारा कप्तानी सौंपने की सबसे बड़ी वजह उनका शानदार कप्तानी रिकॉर्ड है। उनकी अगुवाई में मुंबई इंडियंस ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में कुल पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया। रोहित ने 2013 में बीच सीजन में कप्तानी संभाली थी और उसी साल टीम को पहली बार चैंपियन बनाया था।
मुंबई इंडियंस जानती है कि बड़े मुकाबलों का दबाव कैसे झेलना है और खिताब जीतने के लिए किस तरह की रणनीति बनानी है। रोहित के पास आईपीएल में इस तरह के मुकाबलों का लंबा अनुभव है। ऐसे में फ्रेंचाइजी ने एक बार फिर अपने सबसे सफल कप्तान पर भरोसा जताया है।
#2. हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम का निराशाजनक प्रदर्शन
हिटमैन की वापसी की दूसरी बड़ी वजह पिछले तीन सीजन में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन भी माना जा सकता है। हार्दिक पांड्या ने 2024 में टीम की कप्तानी संभाली थी, लेकिन उनकी अगुवाई में मुंबई को लगातार खिताबी सफलता नहीं मिली। टीम 2024 में नौवें स्थान पर रही, 2025 में प्लेऑफ तक पहुंची, जबकि 2026 में एक बार फिर निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए लीग स्टेज से बाहर हो गई।
इस बीच हार्दिक पंड्या को पंजाब किंग्स के साथ ट्रेड कर दिया गया, जिसके बदले मुंबई को तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मिले। इसके बाद कप्तानी की जिम्मेदारी दोबारा रोहित शर्मा को सौंपने का रास्ता साफ हो गया। फ्रेंचाइजी अब अपने पुराने विजयी दौर को वापस लाना चाहती है।
यह भी पढ़े- खत्म हुआ कप्तानी का इंतजार! IPL 2027 में रोहित शर्मा फिर बने मुंबई इंडियंस के सरताज
#3. टीम के खिलाड़ियों और फैंस के बीच रोहित की लोकप्रियता
इस दिग्गज खिलाड़ी की तीसरी बड़ी ताकत उनका अनुभव और खिलाड़ियों के साथ तालमेल है। वह लंबे समय तक मुंबई इंडियंस के ड्रेसिंग रूम का हिस्सा रहे हैं और जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ियों के साथ खेल चुके हैं।
इसके अलावा रोहित की कप्तानीको लेकर मुंबई इंडियंस के फैंस के बीच भी जबरदस्त लोकप्रियता है। 2024 में जब उनसे कप्तानी लेकर हार्दिक पांड्या को सौंपी गई थी, तब फ्रेंचाइजी को फैंस की नाराजगी का सामना करना पड़ा था। ऐसे में रोहित की वापसी से टीम और उसके समर्थकों के बीच पुराना जुड़ाव मजबूत होने की उम्मीद है।




