3 बड़े कारणों से चेन्नई सुपर किंग्स को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ IPL 2026 में मिली करारी शिकस्त
राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से मात दी। RR के खिलाफ CSK की टीम ने कई गलतियां कीं, जो उस पर भारी पड़ीं।

आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. टीम को अपने पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स (RR vs CSK) के हाथों के हाथों 8 विकेट से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। गत सोमवार को गुवाहटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी और 19.4 ओवरों में 127 रनों पर सिमट गई। इसमें टोटल को खड़ा करने में सबसे बड़ा योगदान जेमी ओवरटन का रहा, जिन्होंने 36 गेंदों पर 43 रन बनाए।
128 रनों के टारगेट को रियान पराग की अगुआई वाली टीम ने 47 गेंदें बाकी रहते यानी 12.1 ओवरों में ही 2 विकेट के नुकसान हासिल कर लिया. वैभव सूर्यवंशी ने इस चेज में 17 गेंदों पर 52 रनों की धुआंधार पारी खेली. 2020 के बाद पिछले 11 मैचों में CSK के खिलाफ ये RR की नौवीं जीत रही है. CSK की इस शर्मनाक हार के पीछे कई कारण रहे. इस आर्टिकल में हम RR के विरुद्ध चेन्नई सुपर किंग्स की हार के 3 बड़े कारणों का जिक्र करेंगे।
3 बड़े कारण जिनकी वजह से CSK को RR के खिलाफ हार झेलनी पड़ी
1. पावरप्ले में टीम का 4 विकेट गंवाना
ऋतुराज गायकवाड़ के नेतृत्व वाली CSK की हार की सबसे बड़ी वजह उनका पावरप्ले में शर्मनाक प्रदर्शन रहा। टीम ने शुरुआती 6 ओवरों में ही अपने 4 मुख्य बल्लेबाजों संजू सैमसन (6), गायकवाड़ (6), आयुष म्हात्रे (0) और मैथ्यू शॉर्ट (2) के विकेट गंवा दिए थे। सैमसन की 2026 टी20 वर्ल्ड कप वाली फॉर्म देखने को नही मिली, जो टीम के ऊपर भारी पड़ा। जब टॉप ऑर्डर इतनी जल्दी ढह जाए, तो किसी भी टीम के लिए बड़े लक्ष्य तक पहुंचना लगभग नामुमकिन हो जाता है।
यह भी पढ़ें: T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप 10 बल्लेबाज, जानिए लिस्ट में Rohit Sharma का स्थान
2. मिडिल ऑर्डर में अनुभव की कमी
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हुए मैच में चेन्नई की टीम के मिडिल ऑर्डर में अनुभव की कमी साफ नजर आई। एमएस धोनी ऐसे मौके पर टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकते थे। उन्हें ऐसी स्थिति में पारी को संभालने का लंबा अनुभव है। शिवम दुबे (17) से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन उन्होंने उम्मीदों पर पानी फेरा। दुबे अगर टिककर ओवरटन का साथ निभाते तो टीम बड़े स्कोर तक पहुंच सकती थी। वहीं, सरफराज खान (6) भी मौके को भुनाने में पूरी तरह विफल रहे।
3. नांद्रे बर्गर समेत RR के सभी गेंदबाजों का उम्दा प्रदर्शन
राजस्थान रॉयल्स ने ये मैच अपने गेंदबाजों के दम पर जीता। नांद्रे बर्गर और जोफ्रा आर्चर ने शुरुआती ओवरों में ही विकेट लेकर चेन्नई की टीम को पूरी तरह से मैच से बाहर कर दिया था। उसके बाद बीच के ओवरों में रवींद्र जडेजा, रवि बिश्नोई और संदीप शर्मा ने भी मौके का पूरा फायदा उठाया। किसी भी गेंदबाज ने फालतू में रन खर्च नहीं किए और CSK के बल्लेबाजों को पूरी तरह से बांधकर रखा।




